Muzaffarnagar News: शहीद बचन सिह मार्ग का नाम बदलने से परिवार के साथ-साथ सैनिक समाज मे भी रोष उत्पन्न
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) अ0राष्ट्रीय सैनिक संस्था के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चन्द त्यागी व शहीद बचन सिह की विधवा श्रीमति कामेश बाला ने संयुक्त रूप से आरोप लगाया कि पिछले दिनो शहीद बचन सिह मार्ग का जो नाम परिवर्तित किया गया है। उससे शहीद के परिवार के साथ-साथ सैनिक समाज मे भी रोष उत्पन्न हो गया है।
सोल्जर्स बोर्ड मे आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान श्रीमति कामेश बाला व सुरेश चन्द त्यागी ने आरोप लगाते हुए कहा कि शहीद बचन सिह मार्ग का नाम परिवर्तित करने से तीन वर्गो जाट,सिख व पूर्व सैनिको मे रोष की भावना उत्पन्न हो गई है। अब इस प्रकरण को लेकर पूर्व सैनिको ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ-साथ पूर्व सेनाध्यक्ष एवं वर्तमान सांसद जनरल वी.के..सिंह से भी गुहार लगाई है कि वीर बलिदानी का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नही किया जाएगा।
उन्होने बताया कि शहीद लांस नायक बचन सिह ग्राम पचैण्डा के निवासी थे। और कारगिल युद्ध मे वे वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनकी स्मृति मे ही इस मार्ग का नाम बचन सिह मार्ग रखा गया था। बचन सिंह की शहादत को सम्मानित करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार विधायक प्रदीप बालियान आदि की अनुश्ांसा के तहत 15 नवम्बर 1999 को तत्कालीन जिलाधिकारी एवं सिटी बोर्ड द्वारा इसकी स्वीकृति दी गई थी।
और तभी से यह मार्ग इसी नाम से जाना व पुकारा जा रहा था। पिछले दिनों गांधी कालोनी के एक सिख समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उक्त मार्ग का नाम परिवर्तित कर दिया गया जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर मंत्री कपिलदेव अग्रवाल मौजूद रहे और इसके बाद थाना सिविल लाइन से लेकर बचन सिंह कालोनी की पुलिया तक परिवर्तित मार्ग के बोर्ड लगा दिए।
जिसको लेकर ग्र्राम पचैण्डा के लोगों के साथ साथ पूर्व सैनिको मे भी बेहद रोष उत्पन्न है। उन्होने यह आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर पिछले दिनो पूर्व सैनिको ने जब पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा.संजीव बालियान से सम्पर्क किया था तब डा.संजीव बालियान ने इस मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गुरूनानक देव हम सब के पूजनीय हैं और उनके नाम पर रेलवे स्टेशन या अन्य किसी सार्वजनिक संस्था का नाम रखा जाए तो उन्हे कोई आपत्ति नही होगी।
श्रीमति कामेश बाला व सुरेश चन्द त्यागी ने मीडिया के माध्यम से इस ओर संज्ञान लेकर नाम पूर्ववत करने की मांग की। अन्यथा पूर्व सैनिक संगठन राष्ट्रीय स्तर पर धरना,प्रदर्शन, घेराव करेंगे और राष्ट्रीय सैन्य संगठनो को भी इस मामले से अवगत करायेंगे। पत्रकार वार्ता मे मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र राठी, महामंत्री प्रमेन्द्र राठी,जिलाध्यक्ष अशोक कुमार के अलावा हेमन्त व अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

