दस लाख क्विंटल गन्ना दूसरी शुगर मिलों में भिजवाने की मांग
मंसूरपुर। शुगर मिल के गन्ना महाप्रबंधक ने गन्ना आयुक्त लखनऊ को पत्र लिखकर मंसूरपुर क्षेत्र का 10 लाख क्विंटल गन्ना दूसरे मिलों को भिजवाने की मांग की है।
शुगर मिल के गन्ना महाप्रबंधक बलधारी सिंह ने गन्ना आयुक्त को लिखे पत्र में बताया कि इस वर्ष मंसूरपुर क्षेत्र में गन्ने की बंपर पैदावार हुई है। शुगर मिल हर रोज अपनी क्षमतानुसार प्रतिदिन 70 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई कर रही है। इस समय क्षेत्र में 40 लाख क्विंटल गन्ना खेतों में खड़ा हुआ है।
यदि दूसरी मिलों को गन्ना डायवर्ट नहीं किया गया, तो शुगर मिल अपनी पूरी क्षमता अनुसार चलने के बावजूद 20 जून तक ही पूरे गन्ने की पेराई ही कर पाएगी।
उन्होंने गन्ना आयुक्त लखनऊ, जिलाधिकारी व जिला गन्ना अधिकारी को पत्र लिखकर क्षेत्र का 10 लाख क्विंटल गन्ना दूसरी शुगर मिलों, जिनका पेराई सत्र मई के दूसरे सप्ताह में समाप्त हो जाएगा उनको डायवर्ट करने की मांग की है।
मंसूरपुर गन्ना परिषद के चेयरमैन रुपेंद्र, डायरेक्टर जगपाल सिंह, गन्ना समिति के डायरेक्टर राजेश्वर आर्य ने भी गन्ना महाप्रबंधक से दूसरी मिलों को गन्ना डायवर्ट करने की मांग की है।
