Muzaffarnagar News: मगरमच्छ के आधा दर्जन बच्चे मिलने से हड़कम्प
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) पुरकाजी खादर क्षेत्र में एक मगरमच्छ और उसके दर्जन भर बच्चे मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ के बच्चों को प्राकृतिक क्षेत्र में छुड़वा दिया। वहीं क्षेत्र में मगरमच्छ होने से ग्रामीणों में दहशत है।
पुरकाजी खादर क्षेत्र में एक मगरमच्छ और उसके आधा दर्जन से अधिक बच्चे मिलने से ग्रामीणों के बीच दहशत फैल गई। मगरमच्छ तो नाले में चला गया, जबकि उसके बच्चों को वन विभाग ने जंगल के प्राकृतिक क्षेत्र में छोड़ दिया। वन विभाग के रेंजर कुलदीप सिंह ने बताया कि खादर क्षेत्र के गांव भदोला, रजगल्लापुर, फरखपुर के जंगल में किसी मादा मगरमच्छ ने बच्चों के अंडे दबा रखे थे।
शुक्रवार को मगरमच्छ जंगल में बने बरसाती नाले से बाहर आया, जिस देखकर ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि मगरमच्छ के अंडे टूट जाने से उसके बच्चे बाहर आ गए थे।
शोर होने पर मगरमच्छ वापस नाले में चला गया था। कुलदीप सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर बच्चों को जंगल के प्राकृतिक क्षेत्र में छोड़ दिया गया है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि तब से मगरमच्छ नाले में कई बार दिख चुका है, जिसे लेकर आबादी क्षेत्र में दहशत फैली हुई है।
मुजफ्परनगर के घर से दर्जन भर मगरमच्छ के अंडे मिलने से सनसनी, 5 में से निकल आए बच्चे
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शुक्रवार को एक घर में मगरमच्छ के एक दर्जन से ज्यादा अंडे मिले हैं। इन अंडों में से पांच अंडों में से मगरमच्छ के बच्चे भी बाहर निकल आए हैं। इन मगरमच्छ के बच्चों को ग्रामीणों ने एक टोकरी में सुरक्षित रखा हुआ है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक मामला मुजफ्फरनगर के पुरकाजी नगर पंचायत खादर इलाके के भदौला गांव का है।
यहां रहने वाले अरुण त्यागी नाम के शख्स के घर से मगरमच्छ के एक दर्जन से ज्यादा अंडे मिलने से सनसनी फैल गई। कुछ ही देर बाद इन अंडों में से पांच अंडो से मगरमच्छ के बच्चे निकल आए जबकि बाकी अंडे टूट गए। मगरमच्छ के इतने अंडों और उनमें से निकलते बच्चों का किसी ने वीडियो बना लिया जो अब इलाके में तेजी से फैल रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग को मामले की जानकारी दी। वन विभाग के अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ के बच्चों को अपने कब्जे में ले लिया। कहा जा रहा है कि जहां ये अंडे मिले हैं वो घर सोनाली नदी से निकलने वाले एक नाले के पास है जहां दो साल पहले भी एक पड़ा सा मगरमच्छ निकला था जिसे टीम ने पकड़कर कहीं दूर जंगलों में छोड़ दिया था। दो साल बाद फिर उसी घर से मगरमच्छ के एक दर्जन से ज्यादा अंडे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।

