आभास झा को जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी
भारतीय मूल के अर्थशास्त्री आभास झा को दक्षिण एशिया में विश्व बैंक में महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है। झा को जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारत और बांग्लादेश में अम्फान तूफान से काफी नुकसान हुआ है।
विश्व बैंक ने एक बयान में कहा, बैंक में दक्षिण एशिया में जलवायु परिवर्तन व आपदा प्रबंधन पर कार्यविधि प्रबंधक के रूप में झा को नियुक्त किया गया है। उनकी जिम्मेदारी दक्षिण एशियाई क्षेत्र में आपदा जोखिम प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन टीम को वैश्विक व्यवहार सीमाओं को जोड़ने और उनके साथ तालमेल बढ़ाने की होगी।
विश्व बैंक में महत्वपूर्ण पद हासिल करने वाले भारतीय अर्थशास्त्री आभास झा का बिहार से भी संबंध रहा है। आभास झा बिहार की राजधानी पटना स्थित सेंट जेवियर्स हाई स्कूल के पूर्व छात्र रहे हैं।
2001 में झा ने विश्वबैंक ज्वाइन किया था। वह बांग्लादेश, भूटान, भारत और श्रीलंका के बैंक कार्यालय में कार्यकारी निदेशक रह चुके हैं।
उनका सबसे हालिया कार्य पूर्वी एशिया और प्रशांत क्षेत्र में शहरी विकास और आपदा जोखिम प्रबंधन के लिए प्रैक्टिस मैनेजर के रूप में रहा है। उनके अधिकार क्षेत्र में भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, श्रीलंका, नेपाल और मालदीव शामिल हैं।
