New Delhi: 8 साल की बच्ची की पत्थरों से कुचलकर हत्या, दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी
New Delhi के नरेला इलाके में 8 साल की बच्ची के अपहरण और पत्थरों से कुचलकर हत्या करने का मामला सामने आया है. दिल्ली महिला आयोग में आई शिकायत के बाद बच्ची के साथ रेप की आशंका भी जताई जा रही है. लिहाजा आयोग ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया और बच्ची के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मांगी है.
लड़की की बड़ी बहन ने आयोग में शिकायत दर्ज करवाई थी. लड़की की बहन ने अपनी शिकायत में आयोग को बताया कि वे पांच भाई-बहन हैं और उनके पिता नहीं हैं. 8 साल की बच्ची नरेला में अपनी मां और भाई-बहनों के साथ रहती थी. उसने बताया कि उसकी मां घरों में काम करती है. सात अक्टूबर को उनका एक पड़ोसी उसकी 8 साल की बहन को खाने का सामान दिलाने के बहाने से ले गया और उसे अगवा कर लिया.
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब बच्ची नहीं लौटी तो दिल्ली पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. उसने बताया कि जब पुलिस ने आरोपी को पकड़ा तो उसने बताया कि उसने बच्चे की हत्या कर दी है. इसके बाद लड़की का शव एक लाल बत्ती के पास कुछ झाड़ियों से बरामद किया गया.
शिकायतकर्ता ने अपनी बहन के साथ बलात्कार और मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता का आरोप लगाया है. वहीं दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने मामले का संज्ञान लिया है और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है. फिलहाल मामले में आईपीसी की धारा 363 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.
आयोग ने पुलिस से पूछा है कि एफआईआर में बलात्कार और हत्या की संबंधित धाराओं को जोड़ा गया है या नहीं. आयोग ने शिकायतकर्ता द्वारा आरोपित सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी के साथ बच्ची के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की कॉपी भी मांगी है. दिल्ली पुलिस को इस मामले में 11 अक्टूबर तक रिपोर्ट देने को कहा गया है.

