चर्चित सुनील राठी गैंग के शार्प शूटर रहे अजित सहित पांच बदमाशों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई
मुजफ्फरनगर । कुख्यात अपराधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने चर्चित सुनील राठी गैंग के शार्प शूटर रहे अजित राठी सहित पांच बदमाशों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मखियाली के रहने वाले अजित राठी का नाम 2014 में रुड़की में चर्चित चीनू पंडित पर हुए जानलेवा हमले के बाद प्रकाश में आया था। उस हमले में तीन लोगों की गोली लगने से मौत हो गई थी।बदमाशों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि नई मंडी कोतवाली पुलिस ने अजित राठी पुत्र हरबीर राठी तथा उसके चचेरे भाई अमित राठी पुत्र विनोद राठी निवासीगण मखियाली सहित विक्रांत उर्फ जानू पुत्र करणपाल सभी सदस्य डी-47 गैंग तथा संकेत शर्मा पुत्र शंभू दयाल व जोनी उर्फ जानू पुत्र सुरेन्द्र पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है ।
उन्होंने बताया कि अजित व अमित राठी निवासी मखियाली जनपद हरिद्वार के आइडी-12 गैंग के सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि अभियुक्त संकेत व जोनी उर्फ आदित्य कोतवाली नई मंडी के टाप-10 अपराधी हैं।
उन्होंने बताया कि उक्त अपराधी हत्या, लूट, फिरोती जैसी संगीन घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। उल्लेखनीय है कि कानपुर कांड के बाद से पुलिस ने बदमाशों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया था, जिससे बदमाशों में हडकंप मचा है।
