Muzaffarnagar News-बालक की मौत के विरोध में लगाया जाम, हत्यारोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) बच्चे की मौत से क्षुब्ध परिजनो ने बालक के शव को सडक पर रखकर विरोध व्यक्त करते हुए हत्यारोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने तथा आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्यवाही के आश्वासन पर परिजन तथा हंगामा कर रहे लोग शान्त हुए।
वीदित हो कि नई मन्डी कोतवाली क्षेत्र की भोपा रोड स्थित बचनसिंह कालोनी निवासी दीपक उपाध्याय का करीब 7 वर्षीय बेटा रौनक बीती शाम करीब 6 बजे अपने घर से बाहर खेलने के लिए गया था कि इसी बीच अचानक वह कहीं गायब हो गया। बालक के परिजनो ने उसे इधर-उधर काफी तलाश भी किया। लेकिन रौनक का कहीं कोई सुराग नही लग सका। इसी बीच परिवारजनो ने पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराते हुए इस सम्बन्ध में नई मन्डी कोतवाली मे गुमशुदगी दर्ज करा दी।
पुलिस ने भी गुमशुदगी दर्ज कर भागदौड शुरू की।
कि कल दोपहर लापता चल रहे बालक रौनक का शव गन्ने के खेत से बरामद हो गया। बच्चे की मौत से गमजदा परिजनो में रोष बन गया और आज सुबह उन्होने विश्वकर्मा चौक के समीप सडक पर बच्चे का शव रख नाराजगी व्यक्त करते हुए बालक के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी एवं आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने गुस्साये परिजनो को समझा-बुझाकर किसी प्रकार शान्त कराया तथा आश्वासन दिया कि मामले की जांच-पडताल की जा रही है। बहुत जल्द घटना का खुलासा हो जाएगा।
अभियुक्तों को किसी कीमत पर बख्शा नही जाएगा। तब कहीं जाकर रोष शान्त हुआ। पुलिस ने परिजनो व मौहल्लावासियों की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया।इस दौरान अनेक लोग मौजूद रहे। वहीं हंगामे की सूचना से भारी मात्रा मे पुलिसबल तैनात रहा। एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर तथा सीओ नई मन्डी हिमांशु गौरव के निर्देशन मे गठित पुलिस टीम मे शामिल इंस्पैक्टर नई मन्डी बिजेन्द्र सिंह रावत तथा साथी पुलिसकर्मियो ने भागदौड कर एक हत्यारोपी को हिरासत मे लेते हुए उससे पूछताछ शुरू की।
पुलिस ने किया हत्या का खुलासा
मुजफ्फरनगर। थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा २४ घण्टे के अन्दर मासूम बच्चे का अपहरण कर दुष्कर्म एवं हत्या की घटना का खुलासा करते हुए ०१ बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुंजीव सुमन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अन्तर्गत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नई मण्डी के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी नई मण्डी के कुशल नेतृत्व में थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा मासूम बच्चे का अपहरण कर दुष्कर्म एवं हत्या करने की घटना का सफल अनावरण करते हुए ०१ बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया।
उल्लेखनीय है कि २४ फरवरी की रात्रि को वादी दीपक उर्फ बॉबी द्वारा थाना नई मण्डी पर लिखित तहरीर देकर अवगत कराया गया कि उनका ०७ वर्षीय पुत्र ट्यूशन पढकर आने के बाद पतंग लूटने गया था। जो देर रात तक वापस नहीं आया। वादी द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए बच्चे की तलाश की जा रही थी।
२५ फरवरी को थाना नई मण्डी पुलिस को बचन सिंह कालौनी के पास ईख के खेत में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना नई मण्डी पुलिस, डॉग स्क्वॉड एवं फॉरेंसिक टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जानकारी की गयी। मृतक बच्चे की शिनाख्त वादी दीपक उर्फ बॉबी के ०७ वर्षीय पुत्र के रूप में हुई। उच्चाधिकारीगण द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा घटना को गम्भीरता से लेते हुए घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तगण की गिरफ्तारी हेतु टीमें गठित की गयी।
पुलिस पूछताछ में अभिरक्षा में लिए गए बाल अपचारी द्वारा दौराने पूछताछ बताया गया कि वह मृतक को पतंग दिलवाने का बहाना देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ईख के खेत में ले गया तथा उसके साथ गलत काम किया। मृतक के चिल्लाने पर बाल अपचारी द्वारा उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गयी। प्रकरण के सम्बन्ध में थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। घटना का खुलासा करने वाली टीम में प्र०नि० विजेन्द्र सिंह रावत, है०का० मोहित, का० संदीप कुमार, है०का० मंगरूलाल थाना नई मण्डी शामिल रहे।

