कपिल देव, उमेश मलिक व अन्य विधायकों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट आई नेगेटिव
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश विधानसभा का सत्र शुरु होने से पहले आज वेस्ट यूपी के विधायकों के कोरोना टेस्ट कराए गए। जनपद मुजफ्फरनगर में मंत्री कपिल देव अग्रवाल तथा विधायक उमेश मलिक सहित सभी विधायकों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
शामली विधायक तेजेन्द्र निर्वाल की रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है जिसके बाद जिला मुजफ्फरनगर व शामली के लोगां ने राहत की सांस ली है।
उत्तर प्रदेश में 20 अगस्त से प्रारम्भ होने जा रहे यूपी विधानमंडल के सत्र से पूर्व ही सभी विधायकों के कोविड टेस्ट के आदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिये हैं।
आज शहर विधायक व प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल, बुढाना विधायक उमेश मलिक, चरथावल विधायक व मंत्री विजय कश्यप, खतौली विधायक विक्रम सैनी, पुरकाजी विधायक प्रमोद उटवाल, शामली विधायक तेजेन्द्र निर्वाल आदि सहित वेस्ट यूपी के अनेक विधायकों ने अपना कोविड टेस्ट कराया।
विधायक उमेश मलिक ने बताया कि सभी मंत्रियों एवं विधायकों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इस खबर से मुजफ्फरनगर तथा शामली जनपद के लोगां ने राहत की सांस ली है। बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार के दो मंत्रियों कमला रानी और चेतन चौहान का कोरोना संक्रमण के चलते निधन हो चुका है।
कई अन्य मंत्री भी कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश विधानमंडल के सत्र की शुरूआत होने जा रही है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर सभी विधायकों की कोविड-19 की जांच अनिवार्य कर दी गयी है।
इस आदेश के बाद मुजफ्फरनगर जनपद की पुरकाजी सुरक्षित सीट से भाजपा के विधायक प्रमोद उटवाल ने अपना कोविड टेस्ट कराया। उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
विधायक प्रमोद उटवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के आदेश के बाद यूपी विधानसभा भवन परिसर में विधायकों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर लगाया गया।
यहां पर उन्होंने अपना सैम्पल दिया। शिविर में रैपिड एंटीजन टेस्ट किया गया। इसमें उनकी रिपोर्ट निगेटिव आयी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उनको कोरोना संक्रमण नहीं होने का सर्टिफिकेट दिया गया है।

