पूरे दिन बारिश- शहर तालाब में तब्दील, सीवरेज का पानी भी सड़कों पर
मुजफ्फरनगर। पूरे दिन बारिश ने पूरे शहर को तालाब में तब्दील कर दिया। शहर के शिवचौक पर इतना पानी भर गया कि चौपहिया और दुपहिया वाहन पानी के बीच में ही फंस गए। यहां घंटों मार्ग अवरुद्ध हो गया। शहर के अन्य मार्गों और निचले इलाकों में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
देर रात्रि से ही आसमान में काली घटा छाई थी। हल्की बारिश होने के बाद सुबह झमाझम बारिश हुई और कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश होती रही। तेज बारिश के समय शहर की सड़कें और कालोनियां तालाब नजर आने लगीं। शहर के शिवचौक पर इतना पानी बढ़ा कि वाहन डूबने की स्थिति हो गई। कई कार और बाइक पानी के बीच में ही फंस गए। कई लोगों के वाहन पलट गए। यहां पांच बजे तक पानी भरे रहने के कारण आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध रहा।
शहर के प्रकाश चौक, महावीर चौक, नई मंडी, गांधी कालोनी, खालापार आदि में भी पानी भरने से लोग परेशान रहे। निचले इलाकों में बसी कालोनियों में हालात सबसे अधिक बदतर रहे। कालोनियों में पानी निकासी नहीं होने के कारण लोगों के घरों में पानी घुस गया। किदवईनगर, लद्दावाला, रामपुरी, मिमलाना रोड, जनकपुरी, साकेत, केशवपुरी आदि में कई घंटे पानी भरा रहा।
घरों में भी लोगों के पानी घुस गया। रुड़की रोड और शिव चौक के पास जलभराव होने से दुकानों में पानी आने से नुकसान हुआ। बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा।
वहीं बरसात होने के दौरान शहर की कई मौहल्लों की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। लगातार बिजली नहीं आने से नागरिकों को परेशानी हुई। जहां पानी की समस्या भी नागरिकों को रही।
शहर की रैदासपुरी, प्रेमपुरी, कृष्णापुरी, जनकपुरी, शिव चौक, महावीर चौक, रामपुरी, आबकारी रोड, रूड़की रोड के साथ अधिकांश निचले क्षेत्रों में जलभराव हो गया।
यहां देर शाम तक पानी भरा रहने के कारण लोग परेशान रहे। नगर पालिका के खिलाफ लोगों ने गुस्सा जाहिर किया। अंसारी रोड, गांधी कॉलोनी, एसडी मार्केट आदि क्षेत्रों में दुकानों और मकानों में गंदा पानी भरने के कारण लोगों का घरेलू सामान नष्ट हो गया।
शहरभर के नाले साफ कराए गए हैं
लेकिन बारिश ने सारी पोल खोल कर रखी। अधिकांश क्षेत्रों में जलभराव का कारण नाले चोक रहना रहा है। सीवरेज का पानी भी सड़कों पर बहने से गंदगी फैल गई।
आलम कई जगह तो यह रहा कि दुपहिया वाहन चालक अपने वाहनें को खींचते नजर आये क्योंकि उनके साइलेंसरों तक में पानी भर गया जिस कारण वाहन बंद हो गये साथ ही पानी में पैदल खींचने से उनका वजन भी बढ गया जिस कारण उन्हे ले जाने में काफी परेशानी का सामना करना पडा।
