Muzaffarnagar: ऊर्जा दाता भी बनेगा देश का किसान, अब विदेश में भी चीनी का निर्यात करने का प्रयास- Nitin Jairam Gadkari
Muzaffarnagar। नुमाइश मैदान में आयोजित कृषि एवं प्रदर्शनी मेले में भारत सरकार के सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन जयराम गडकरी (Nitin Jairam Gadkari) ने मेले के शुभारम्भ के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि आज प्रदेश का किसान पहले से अधिक खुशहाल है। उन्होंने बताया कि भारतवर्ष में कुल चीनी की खपत 280 लाख टन खपत होती है जबकि उसका उत्पादन 360 लाख टन हो रहा है।
इसलिए सरकार अब विदेश में भी चीनी का निर्यात करने का प्रयास कर रही है। Nitin Jairam Gadkari ने कहा कि उत्तर प्रदेश का किसान गन्ना उत्पादन पर जोर देता है जबकि महाराष्ट्र का किसान गन्ना उत्पादन अलग ढंग से करता है। नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर भारत की शुगर मिले चीनी उत्पादन पर जोर देती है। जबकि महाराष्ट्र में चीनी मिलों ने नया प्रयोग शुरू कर दिया है।

वहां गन्ने के रस से एथनाल बनाया जा रहा है। पैट्रोल, डीजल का दाम सौ रूपये के लगभग है जबकि एथनाल एक लीटर 60 रूपये में मिलेगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में प्रतिदिन शुगर मिले दो लाख लीटर प्रतिदिन एथोनाल बना रही है। उन्होंनें कहा कि इसके अलावा चावल से भी एथनाल बनाया जा रहा है।
एक टन चावल से 480 लीटर एथनाल बनाया जाता है इसके अलावा पराली से भी बायो एथनोल बनाया जायेगा। नितिन जयराम गडकरी (Nitin Jairam Gadkari) ने कहा कि किसान पहले के मुकाबले अब खुशहाल हो रहा है क्योंकि शुगर मिलों को गन्ना सही दाम में मिल रहा है और किसानों का भुगतान भी वो समय से कर रही है। उन्होंने किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि वे एथनाल का उपयोग करे। उन्होंने यह भी बताया कि एक एकड जमीन में चार बोरे यूरिया लगता है।
किसान द्वारा हाथों से फेंके गये यूरिया से केवल 25 प्रतिशत ही पौधों को प्राप्त होता है और 75 प्रतिशत बेकार चला जाता है उन्होंने कहा कि यदि किसान ड्रोन के जरिये नैनो यूरिया का छिडकाव करे तो उसमे केवल 25 प्रतिशत ही खराब होगा 75 प्रतिशत सीधा पौधों की जड को मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसान नई तकनीक से खेती शुरू करे तो वह जहां पहले अन्नदाता था अब उर्जादाता भी बनेगा। इससे पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री जतिन प्रसाद ने अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री को आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार उनके द्वारा चलायी जा रही है किसी भी योजना को अधूरा नहीं रहने देगी जितना पैसा चाहिए प्रदेश सरकार उपलब्ध करायेगी।
केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने कार्यक्रम में पधारने पर केंद्रीय एवं प्रदेश के मंत्रियों का आभार व्यक्त करते हुएकहा कि मुजफ्फरनगर में लगने वाला यह मेला पहली बार लगा है इससे पूर्व देश के किसी भी राज्य में इस तरह के मेले का आयोजन नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि मेले में एक से एक बढकर पशु आये है और किसानों को आये हुए वैज्ञानिकों ने नई नई तकनीक की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि जनपद में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तीन हाईवे दिये है उन्होंने मांग करते हुए कहा कि अब अम्बाला पानीपत जो हाईवे बना है उसे दौराला मेरठ तक कराने की मांग रखी। इसके अलावा बागपत के लिए शामली में इंटरचेंज कराया जाये। इस पर नितिन गडकरी ने आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों को शीघ्र ही पूरा कराया जायेगा।
Muzaffarnagar मेरठ रोड स्थित नुमाईश ग्राउण्ड में लगाए गए दो दिवसीय कृषि एवं पशु मेले में शानदार भीड रही। इस मेले मे विभिन्न प्रान्तो से पशु प्रेमी किसान अपने पशुओं के साथ पहुंचे। जिन्हे देखने के लिए ग्रामीणो में जबरदस्त उत्साह बना रहा। कृषि एवं पशु मेले में हरियाणा,पंजाब, हिमाचल, राजस्थान, उत्तराखण्ड आदि प्रदेशों के किसान अपने पशुओं के साथ प्रतियोगिता मे हिस्सा लेने के लिए पहुंचे। कृषि एवं पशु मेले मे पहुंचे किसान अपने साथ गाय, भैस, भैसा, बकरी, घोडा आदि विभिन्न प्रजातियों के एक से बढकर एक शानदार पशुओं को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए लेकर आए।
इस दौरान पीडब्लूडी मंत्री जतिन प्रसाद, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, गाजियाबाद के सांसद जनरल वी.के सिंह, क्षेत्रिय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया, मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, जिंप अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष डा. सुभाष शर्मा, भाजपा नेता वैभव त्यागी, जिला मीडिया प्रभारी अचिन्त मित्तल, श्रीमोहन तायल, वरिष्ठ नेता संजय गर्ग, भाकियू नेता राकेश टिकैत, कुशपुरी, आदि मौजूद रहे।

