News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

शहीद भगत सिंह एकता दल ने तपती गर्मी से निजात को की जल सेवाMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)कभी क्राईम कैपिटल के नाम से मशहूर रहे मुजफ्फरनगर की छवि अब पूरी तरह बदल चुकी है। शहीद भगत सिंह एकता मंच द्वारा स्थानीय रेलवे स्टेशन पर की जा रही जल सेवा से जनपद की एक अलग ही तस्वीर उभर कर सामने आयी है। चिलचिलाती गर्मी के बीच शहीद भगत सिंह एकता मंच के पदाधिकारियों द्वारा रेलयात्रियों को दी जा रही निःशुल्क जलसेवा से दूर-दराज से आने वाले रेलयात्री अभिभूत हैं। भीष्ण गर्मी के बावजूद की जा रही जलसेवा लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी है। ट्रेन द्वारा यात्रा के दौरान यहां की इस सेवा से संतुष्ट रेलयात्री अपने जनपद मे भी इस पुनीत कार्य की तारीफ कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि देश के विभिन्न राज्यो के रेलयात्री मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन द्वारा अपने गंतव्य की और रवाना होते हैं। जिससे स्वतः ही इस निस्वार्थ सेवा की चर्चा/सराहना आम लोगों के बीच होना स्वभाविक सी बात है। शहीद भगत सिंह एकता मंच की यह अनूठी पहल अन्य लोगों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करती नजर आ रही है। जो कि हमारे जनपद के लिए गौरव का विषय है। आज दोपहर के वक्त रेलवे स्टेशन पहुंचे शहीद भगत सिंह एकता मंच के अध्यक्ष अनमोल छाबडा, सुनील शर्मा,समाजसेवी बब्लूभाई, मास्टर विजय सिंह, राजेश कुमार, पीयूष, सचिन, सेवा सिंह, बब्बू भाई, कमल ढींगरा आदि संस्था के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

समय की महत्ता को प्रार्थना सभा में बताया
बुढाना।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) श्री राम प्रसाद कात्यायन इंटर कॉलेज बुढ़ाना जनपद मुजफ्फरनगर में आज प्रातः काल प्रार्थना सभा में कक्षा १० की छात्रा शोबी द्वारा छात्र-छात्राओं को आज के मुख्य समाचार पढ़कर बताए गए। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के दिशा निर्देशानुसार श्री राम प्रसाद कात्यायन इंटर कॉलेज बुढ़ाना जनपद मुजफ्फरनगर में आज प्रातः काल प्रार्थना सभा में कक्षा १० की छात्रा शोबी द्वारा छात्र-छात्राओं को आज के मुख्य समाचार पढ़कर बताए गए। विद्यालय के हिंदी अध्यापक विपुल कुमार सिंह द्वारा समय की महत्ता एवं उसके सदुपयोग के विषय में संस्कृत श्लोकों के माध्यम से समझाया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ नीलेश वशिष्ठ ने सभी बच्चों को सदाचार एवं नियमित विद्या अध्ययन द्वारा मां सरस्वती की अनुकंपा को प्राप्त करने के महत्व के विषय में बताया।

गौसेवा कार्यक्रम आयोजित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)भारत विकास परिषद विवेक ने अपनी प्रथम सामाजिक सेवा गौसेवा कार्यक्रम से शुरू की। नदीरोड स्थित शहर गौशाला में आयोजित इस कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि के रूप मे प्रमुख व्यापारी नेता अजय कुमार सिंघल एवं उनकी धर्मपत्नि श्रीमति बीना रानी सिंघल रहे। शाखा अध्यक्ष अमित सिंघल, सचिव शोभित गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजकुमार रहेजा, विश्वदीप गोयल बिटटू आदि सदस्यों ने गौमाताओं को भूसा-चारा खिलाया और उनके चरण स्पर्श किए। इस कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के प्रान्तीय अध्यक्ष डा.आर.के.सिंह, महिला संयोजिका श्रीमति नीशा वर्मा, अनिल वर्मा, श्रीमति छवि सिंघल, अचिन कंसल, अजय गर्ग आदि की उपस्थिती उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार रहेजा ने किया।

 

सहज योग के बारे में बताया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) एस. डी. कन्या इंटर कॉलेज (झांसी की रानी) मुजफ्फरनगर में प्रार्थना सभा में विजेंद्र पाल त्यागी द्वारा छात्राओं को दैनिक जीवन में सहज योग एवं आत्मसाक्षात्कार की विधि के बारे में बताया गया। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के दिशा निर्देशानुसार एस. डी. कन्या इंटर कॉलेज (झांसी की रानी) मुजफ्फरनगर में प्रार्थना सभा में विजेंद्र पाल त्यागी जी द्वारा छात्राओं को दैनिक जीवन में सहज योग एवं आत्मसाक्षात्कार की विधि के बारे में बताया गया। सभी शिक्षकाओं और छात्राओं द्वारा उनका अनुसरण करके आत्म साक्षात्कार विधि को सीखा गया। प्रधानाचार्या डॉ. सविता सिंह ने छात्राओं को सहज योग एवं आत्मसाक्षात्कार का ध्यान करने की विधि सिखाने के लिए विजेंद्र पाल त्यागी का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
यह जानकारी छात्राओं को देने के लिए समस्त विद्यालय परिवार के तरफ से उनका आभार व्यक्त किया गया तथा धन्यवाद दिया गया ।

छोटूराम इंटर कॉलेज व डीएवी इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जिला विद्यालय निरीक्षक गजेन्द्र कुमार ने डीएवी इंटर कॉलेज चौधरी छोटूराम इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया और छात्रों व शिक्षकों की उपस्थिति चौक की।
शासन के निर्देशानुसार नया सत्र नया सवेरा के तहत प्रार्थना सभा में विद्यालयों का निरीक्षण कर छात्रों को जागरूक करने के लिये जिला विद्यालय निरीक्षक गजेन्द्र कुमार ने चौधरी छोटूराम इंटर कॉलेज व डीएवी इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। प्रार्थना सभा में पहुंचकर डीआईओएस गजेन्द्र कुमार ने छात्रों का पठन-पाठन व खेलकूद तथा विद्यालय में आयोजित की जाने वाली विभिन्न प्रतियोगिता में बढ चढकर भाग लेने के लिये प्रेरित तथा जागरूक किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक गजेन्द्र कुमार ने दोनों विद्यालयों में छात्रों एवं अध्यापकों की निर्धारित समय पर शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराये जाने तथा छात्रों को निर्धारित ड्रेस में विद्यालय आने के सम्बंध में कठोर कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया।

निकाय चुनाव 2024 के चुनाव का सेमीफाइनल हैः हरेन्द्र मलिक
प्रशासन पारदर्शिता पूर्ण मतगणना कराये चुनावMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) महावीर चौक स्थित सपा कार्यालय पर सपा, रालोद एवं असपा गठबंधन ने संयुक्त रूप से आयोजित प्रेसवार्ता मे कहा कि प्रशासन पूर्णतः निष्पक्षता से कार्य करे। सपा के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व सांसद हरेन्द्र मलिक ने कहा कि जिस तरह प्रशासन ने मतदान का कार्य अच्छी निष्पक्षता से सम्पन्न कराया है। उसी प्रकार मतगणना का कार्य भी पूरी तरह पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से होना चाहिए। श्री मलिक ने कहा कि नगरपालिका का चुनाव गठबंधन ने पूरी ताकत से लडा है और यह एक तरह से 2024 में होने वाले चुनाव का सेमीफाइनल है। उन्होने कहा कि सत्ता पक्ष द्वारा अनर्गल प्रचार किया जा रहा है। इससे गठबंधन कार्यकर्ता घबराने वाले नही हैं। हमारा एक एक कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ मतगणना मे हिस्सा लेगा। जनता का जो फैसला आएगा वह हमें स्वीकार होगा। असपा जिलाध्यक्ष जगदीश पाल ने कहा कि प्रशासन मतगणना निष्पक्षता से कराये। गठबंधन प्रत्याशी लवली शर्मा के पति सपा नेता राकेश शर्मा ने कहा कि हमारा कार्यकर्ता पूरी तरह उत्साहित है तथा हमे अच्छी तरह से जीत मिलेगी। रालोद विधायक अनिल कुमार ने कहा कि प्रशासन से यह उम्मीद है कि जिस प्रकार उन्होने मतदान मे निष्पक्षता बरती है। उसी प्रकार से मतगणना मे भी पारदर्शिता बरती जाए। सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि हमने प्रशासन को आगाह कर दिया है कि मतगणना मे किसी प्रकार की गडबडी नही होनी चाहिए। गठबंधन प्रत्याशी को हर वर्ग का समर्थन मिला है। प्रशासन ने बताया है कि मतगणना के दौरान सीसीटीवी कैमरे लगवाये गए हैं साथ ही मतगणना की वीडियोग्राफी भी करायी जाएगी।
प्रेसवार्ता मे सपा के नगर अध्यक्ष पुष्पेन्द्र त्यागी बोबी,सोमपाल भाटी, सलीम मलिक, साजिद हसन,शमशेर, गोल्डी आदि मौजूद रहे।

महिला पहलवानों के धरने को समाप्त कराने की मांगMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) दिल्ली के जंतर मंतर पर महिला पहलवानों के धरना प्रदर्शन लगातार बढ़ता जा रहा है। तो वहीं अब इस प्रदर्शन में राजनीतिक और गैर राजनीतिक संगठनों ने हस्तक्षेप शुरू कर दिया है। उसी क्रम में आज भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से धरने में हस्तक्षेप कर समाप्त कराने की अपील की है।
आपको बता दें कि कचहरी परिसर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजपाल मांडी सहित अन्य पदाधिकारी जहां पहुंचकर उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौपते हुए मांग की कि दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे पहलवानों के धरने प्रदर्शन से देश का माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि पहलवानों की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण कर धरना समाप्त कराया जाए।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजपाल मांडी ने कहा की पार्टी लगातार सामाजिक कार्यों में रूचि रखती है। धर्म और जाति की राजनीति नहीं करती। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे महिला पहलवानों के मामले में स्वयं संज्ञान ले और हस्तक्षेप करके इस धरने को समाप्त कराने का काम करें।
उन्होंने कहा कि महिला पहलवानों का धरना गैर जातीय और गैर राजनीतिक संगठनों का गढ़ बन गया है। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि कहीं ऐसा ना हो कि आपस में जाति बिरादरियों में सद्भावना ना होके सद्भाव खराब हो जाए। उन्होंने कहा कि यदि महिला पहलवानों का धरना ज्यादा दिन तक चलता रहा तो बहुत संभावना है। कि महिलाओं में हीन भावनाएं उत्पन्न हो जाएगी। जिससे बालिकाएं पहलवानी में जाने से भी बचेंगे।

मतगणना स्थल का निरीक्षणMuzaffarnagar News
बुढ़ाना।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) ने डी०ए०वी० इन्टर कॉलेज, बुढाना में निर्मित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार नगर निकाय सामान्य निर्वाचन २०२३ के दृष्टिगत अपर जिलाधिकारी (वि०ध्रा०) गजेन्द्र कुमार द्वारा तहसील बुढाना के डी०ए०वी० इन्टर कॉलेज, बुढाना में निर्मित मतगणना स्थल का मतगणना की तैयारियो के दृष्टिगत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मतगणना स्थल हेतु विद्युतीकरण, बाउंड्रीवाल, प्रत्याशियों एवं मतगणना एजेंट के बैठने की व्यवस्था सहित मतगणना टेबल की व्यवस्था, पानी की व्यवस्था, शौचालय आदि को समय से पूर्ण किये जाने के संबंध में निर्देश प्रदान किए। उन्होने संबधित अधिकारियो को मतगणना दिवस मे किसी प्रकार की शिथिलता न होने के निर्देश दिये गये, इसके अतिरिक्त यह भी निर्देशित किया गया कि ऐसे किसी असामाजिक या ऐसे व्यक्तियो को मतगणना स्थल से दूर रखने का प्रबन्ध करे जो मतगणना कार्यवाही को प्रभावित करे। उन्होने बताया कि नगर पंचायत बुढाना में ९ टेबल, नगर पंचायत शाहपुर में ६ टेबल तथा नगर पंचायत सिसौली में ४ टेबल पर दिनांक १३.०५.२०२३ को प्रातः ०८ः०० बजे से ०७ कक्षों में कुल १९ टेबल पर मतगणना आरम्भ की जायेगी जो कि मतगणना समाप्ति तक चलेगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी बुढाना अरुण कुमारग् तहसीलदार सतीश चन्द्र बघेल, पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय गौतम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

 

भाजपा नेता की पत्नी का निधन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) भाजपा नेता की धर्मपत्नि के आकस्मिक निधन से शहर मे शोक की लहर दौड गई। कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी मे शव का अन्तिम संस्कार किया गया। नगर के मौहल्ला केवलपुरी निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता डा.देशबन्धु तोमर की धर्मपत्नि श्रीमति कमलेश का बीती रात निधन हो गया। इस दुखद खबर से शहर मे शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न राजनैतिक, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओ से जुडे पदाधिकारियो एवं गणमान्य लोगो ने शोक संतप्त परिजनो से मिलकर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। आज काली नदी रोड स्थ्ति शहर शमशान घाट पर भाजपा नेता की पत्नि का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान अनेक लोग शामिल रहे।

 

इंटर व हाईस्कूल का रिजल्ट पाकर छात्र-छात्राओं के खिले चेहरे
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)सीबीएसई हाई स्कूल एवं इण्टरमीडिएट के घोषित परीक्षा परिणामों मे एस.डी.पब्लिक स्कूल के 12 वीं के छात्र अक्षत मित्तल ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया। छात्र अक्षत मित्तल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं अपने गुरूजनो को देते हुए भविष्य मे उच्च शिक्षा हासिल करने की बात कही है। पत्रकार संदीप वत्स-पंडित जी- के पुत्रों एस.एफ.डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में 12 वीं के छात्र ओमकारेश्वर वत्स एवं केन्द्रीय विद्यालय में 12 वीं कक्षा के छात्र आशुतोष वत्स ने उच्च अंक प्राप्त कर अपने परिवार एवं विद्यालय का नाम रोशन करते हुए अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं अपने गुरूजनो को दी हैं। पचैण्डा रोड स्थित गोल्डन पब्लिक स्कूल के 12 वीं के छात्र उज्जवल त्यागी पुत्र पत्रकार कुलदीप त्यागी ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। छात्र उज्जवल त्यागी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरूजनो को दिया। इसी क्रम मे मुजफ्फरनगर के श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल के छात्र अब्दुल रहमान पुत्र शकील अहमद ने सीबीएसई बोर्ड इंटर मीडिएट की परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक कर अपने विद्यालय एवं परिवार को गौरवान्वित किया। पिछले कई दिनो से परीक्षा परिणाम को लेकर चिन्तित छात्र-छात्राओं ने परीक्षा मे सफलता हासिल होने पर ईश्वर, अपने माता पिता एवं गुरूजनो के प्रति आभार प्रकट किया। उत्तीर्ण परीक्षार्थियो मे से किसी ने डाक्टर,किसी ने इंन्जिनियर तो किसी ने प्रशासनिक सेवा के क्षेत्र मे कार्य करने की बात कही। शहर के एस.डी.पब्लिक,जी.सी.पब्लिक, होली एंजिल्स, शारदेन एवं गोल्डन पब्लिक स्कूल, केन्द्रीय विद्यालय, एस.एफ.डीएवी पब्लिक स्कूल,न्यू हेरोजम स्कूल, डी.एस.पब्लिक स्कूल आदि विभिन्न स्कूलो के छात्र-छात्राओ ने परीक्षा परिणाम घोषित होने पर अपनी खुशी का इजहार किया। रिजल्ट घोषित होने पर इन सभी बच्चों के माता-पिता एवं परिजनो मे हर्ष का माहौल बना हुआ है। मुजफ्फरनगर में सीबीएसई बोर्ड के नतीजों के बाद स्कूलों में खुशी का माहौल है। दसवीं कक्षा में दा एसडी पब्लिक स्कूल के छात्र अर्पित जैन ने ९९.२ प्रतिशत और छात्रा शिवांगी गर्ग ने ९९ प्रतिशत अंक हासिल किए। कामयाबी पर परिजनों और शिक्षकों ने खुशी जताई। १२वीं कक्षा के विज्ञान वर्ग में होली एंजल्स स्कूल की छात्रा अदिति शर्मा ने ९७ प्रतिशत अंक हासिल किए।

बच्चों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शनMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) सीबीएसई द्वारा कक्षा १० एवं १२ का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ जिसमें माउंट लिट्रा जी स्कूल के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया ।
कक्षा १० में ९८प्रतिशत अंकों के साथ ध्रुव गोयल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया । द्वितीय स्थान पर ९६.४ प्रतिशत अंकों के साथ कृतिका बंसल रही तथा तृतीय स्थान पर ९५.६ प्रतिशत अंकों के साथ अवनी तोमर ने अपना नाम दर्ज किया । चतुर्थ स्थान पर लव कालरा और पंचम स्थान पर पाँखुरी गोयल रही।
वहीं कक्षा १२ में उन्नति ने ९६.६ प्रतिशत अंक लाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया । द्वितीय स्थान पर ९५.८ प्रतिशत अंकों के साथ वंशिका राणा रही । ९५ प्रतिशत अंक पाकर जिया वर्मा व संजना सिंह ने तृतीय स्थान पर अपना कब्जा जमाया । चतुर्थ स्थान पर रिद्धिमा भारद्वाज और पंचम स्थान पर नमः गोयल रहा । कई छात्रों ने विभिन्न विषयों में १०० में से १०० अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवांवित किया । इस अवसर पर विद्यालय में खुशी की लहर दौड गई । स्कूल के चेयरमैन नवनीत भारद्वाज ने सभी छात्रों को शुभकामनाए प्रदान की। विद्यालय निर्देशिका श्रीमती चारू भारद्वाज , संयुक्त निदेशक सुनंद सिंघल व प्रधानाचार्य डॉ. पियूष गुप्ता ने सभी छात्रों, शिक्षकों व अभिभावकों का हार्दिक बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आप इसी प्रकार लगन ,मेहनत व अथक परिश्रम के द्वारा सफलता की ओर अग्रसर रहें यही हमारी कामना है। उन्होंने छात्रों को स्वर्णिम भविष्य हेतु शुभाशीष प्रदान किया ।

 

96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कु. रविना मित्तल ने किया नाम रोशनMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) डी एस पब्लिक स्कूल मुजफ्फरनगर की छात्रा कु रवीना मित्तल ने सीबीएसई की कक्षा १२ की परीक्षा में जनपद मुजफ्फरनगर में दूसरा स्थान प्राप्त किया। कुमारी रवीना मित्तल ने गणित में ९८ ,केमिस्ट्री में ९९, फिजिकल एजुकेशन में १०० ,फिजिक्स में९५ अंक प्राप्त किए कुल ९६.४ प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
कुछ कर गुजरने की चाह , इच्छाशक्ति हो तो हम तमाम मुश्किलों के बाद भी सफलता हासिल करते हैं।कु रवीना मित्तल ने जेईई मेन का रिजल्ट आए कुछ दिन ही हुए है। जेईई मेन और एडवांस को सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है। किसान चिंतक एवं वरिष्ठ समाजसेवी कमल मित्तल की पुत्री रवीना मित्तल ने यह परीक्षा पास कर नाम रोशन किया है। हम बात कर रहे हैं किसान राजधानी के रूप में विख्यात सिसौली में जन्मी रवीना मित्तल की। रवीना मित्तल अपने सहपाठियो के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। आइए जानते हैं रवीना मित्तल के बारे में विस्तार से।
रवीना मित्तल का परिवार मुजफ्फरनगर शहर के टिकैत विहार क्षेत्र में रहता हैं। रवीना मित्तल का जन्म किसान राजधानी के रूप में विश्वविख्यात सिसौली में हुआ था ,उसके पिता कमल मित्तल की पहचान जनपद में एक वरिष्ठ समाजसेवी की है और माता पूनम रानी गृहिणी के रूप में दिन भर घरेलू कार्यों में व्यस्त रहती है। सिसौली की रहने वाली रवीना मित्तल ने जेईई एडवांस के लिए क्वालीफाई किया है।
रवीना मित्तल ने जे ई मेन्स के लिए तैयारी किसी कोचिंग सेंटर में नहीं की अपितु इसकी तैयारी घर पर रहकर की है । रवीना मित्तल ने ने १०वीं कक्षा में ९८फीसदी अंक हासिल किए थे ।उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के बल पर अपना मुकाम हासिल किया।
अभी भी मेहनत जारी- रवीना मित्तल ने बताया कि वह रोजाना करीब १४ घंटे पढ़ाई करती है। एडवांस की भी उनकी पूरी तैयारी चल रही है।

 

तू कितनी भोली है…तू कितनी अच्छी है
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) द0एस0डी0 पब्लिक विद्यालय परिसर में मातृदिवस के सुअवसर पर एक विशेष सभा का आयोजन किया गया जिसका संचालन कक्षा-6 के विद्यार्थियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत बच्चों के हृदयस्पर्शी विचारों से हुई जिसमें उन्होंने माँ के ममतापूर्ण स्ने का वर्णन करते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया। बच्चों ने समूह गीत -तू कितनी अच्छी है, तू कितनी भोली है ओ माँ’ गीत गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीत के बोल सुनकर उपस्थित सभी लोग भावातिरेक में बह गए। बच्चों द्वारा एक सुंदर नृत्य प्रस्तुति दी गई जिसने सभी के मन को मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रधानाचार्या श्रीमती नीलम माहना ने बच्चों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने एक लघु कथा के माध्यम से माँ और बच्चे के आत्मिक लगाव को समझाया, उन्होंने माँ को एक ऐसा जादूगर कहा जो हर मन्नत को पूरी कर सकती है, साथ ही उन्होंने ’मनोज मुंतसर’ की प्रसिद्ध पंक्तियों ’माँ को बनाकर खुदा बेरोजगार हो गया। द्वारा माँ के गौरवपूर्ण अस्तित्व की महिमा का वर्णन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी का योगदान सराहनीय रहा।

 

प्रथम कार्यशाला 14 को
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)भारत विकास परिषद मुजफ्फरनगर संकल्प शाखा के आथित्य में भारत विकास परिषद हस्तिनापुर प्रांत की प्रांतीय कार्यशाला का आयोजन आगामी दिनांक १४ मई २०२३ दिन रविवार को किया जा रहा है। जिसमें आपकी उपस्थिति प्रार्थनीय है। अधिवेशन का उद्देश्य है कि दायित्वधारियों में सेवा एवं संस्कार के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता हो तथा दायित्वधारियों को सक्षम बनाकर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भूमिका का सफल निर्वहन करें। भारत विकास परिषद हस्तिनापुर प्रांत की प्रांतीय कार्यशाला कार्यक्रम दिनांक १४ मई २०२३ दिन रविवार को प्रातः १०.०० बजे से मधुर मिलन बैक्वेट हॉल, कूकड़ा रोड मुजफ्फरनगर में आयोजित होने जा रहा है, इस कार्यशाला में हस्तिनापुर प्रांत के सभी ५ जिलों के शाखाओं के दायित्वधारी गण, प्रांतीय कार्यकरणी सदस्य प्रतिभाग करेगे। इस अवसर पर एन सी. आर. -१ के रीजनल महासचिव अनुराग दुबलिश का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

 

छात्र/छात्राओं हेतु प्लेसमेंट ड्राईव का आयोजनMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) एस०डी० कॉलेज ऑफ कॉमर्स में उद्योग – अकादमिक एकीकरण एवं कौशल विकास प्रकोष्ठ के द्वारा अन्तिम वर्ष के छात्र/छात्राओं हेतु प्लेसमेंट ड्राईव का आयोजन किया गया। प्रकोष्ठ के संयोजक डा० नवनीत वर्मा ने बताया कि इस ड्राईव में विभिन्न संकायों (वाणिज्य, मानविकी व विज्ञान) के अन्तिम वर्ष के छात्र/छात्राओं ने भाग लिया। प्लेसमेंट ड्राईव का आयोजन एएसएम ग्लास में ऑफिस एडमिन्सिट्रेटर व मार्केटिंग एक्ज्युकेटिव के पद हेतु किया गया। इंटरव्यू के पैनल के रूप में ्रएसएम ग्लास के निदेशक श्री अर्णव अग्रवाल व लेखा प्रमुख श्री गौरव अग्रवाल शामिल हुए। भर्ती प्रक्रिया साक्षात्कार चयन समिति के सदस्यों के संक्षिप्त परिचय के साथ शुरू हुई तत्पश्चात ग्रुप डिसकशन हेतु छात्र/छात्राओं को विभिन्न समूहों में बांटा गया। अन्तिम राउण्ड में पैनल द्वारा प्रर्सनल इंटरव्यू रखा गया, जिसमें प्रत्येक छात्रध्छात्रा से साक्षात्कार चयन समिति द्वारा विस्तार से चर्चा की गई तथा उनमें व्यक्तिगत कौशल व क्षमता का परिक्षण किया गया। फाईनल राउण्ड के उपरान्त साक्षात्कार चयन समिति द्वारा चयनित छात्र/छात्राओं को सूचीबद्ध किया गया। चयनित छात्र/छात्राओं को उचित वेतनमान के साथ नियुक्ति दी जायेगी। कम्पनी ने कॉलेज प्रबन्ध समिति, प्राचार्य व शिक्षकगणों की सरहाना की । संस्थान के उद्योग – अकादमिक एकीकरण एवं कौशल विकास प्रकोष्ठ के सदस्य डा० नीरज कुमार, श्रीमति एकता मित्तल एवं शिवांगी वशिष्ठ आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्राचार्य डा० सचिन गोयल ने सभी प्रतिभागियों व चयनित छात्र/छात्राओं को बधाई दी और मेहनत व ईमानदारी के साथ अपने भविष्य को उज्जवल बनाने के लिये प्रेरित किया । उन्होनें कम्पनी से आये पैनल के सदस्यों का धन्यवाद किया इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों का योगदान रहा।

 

त्रिस्तरीय सुरक्षा में होगी मतगणना, नहीं होगा सार्वजनिक अवकाश
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) एडीएम प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि मतगणना की अंतिम तैयारियों को परख लिया गया है। मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच निष्पक्ष और पारदर्शी परिणाम देने की हमारी तैयारी है।
एडीएम प्रशासन ने मतगणना की व्यवस्था को लेकर बताया कि जनपद की दस नगरीय निकायों में ६४७५९० मतदाताओं में से चार मई को ५७.२४ प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले हैं। १३ मई को जिले के चार मतगणना स्थलों पर ३७१६७२ वोटरों द्वारा किये गये मतदान की गणना कराने की व्यवस्था की गयी है। इनमें मुजफ्फरनगर पालिका के ५५ वार्ड में हुए ५०.१९ प्रतिशत मतदान में २११४९१ मतों की गणना कराने के लिए १६० टेबिल लगाई गयी हैं। ८० टेबिल पर अध्यक्ष और ८० टेबिल पर सदस्य पद के प्रत्याशियों को पड़े वोटों की गणना होगी। एक टेबिल पर पांच कर्मचारी लगाये गये हैं। इनमें एक सुपरवाइजर, तीन गणना सहायक और एक चपरासी रहेगा। नवीन मण्डी स्थल कूकड़ा में मुजफ्फरनगर पालिका के साथ ही नगर पंचायत पुरकाजी और चरथावल की मतगणना होगी। नगरपालिका खतौली की मतगणना कबूल कन्या इण्टर कॉलेज खतौली, नगर पंचायत जानसठ, मीरापुर और भोकरहेडी की मतगणना डीएवी इण्टर कॉलेज जानसठ और नगर पंचायत बुढ़ाना, शाहपुर तथा सिसौली की मतगणना डीएवी इण्टर कॉलेज बुढ़ाना में कराई जायेगी। इसके लिए पुलिस फोर्स, सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी।

 

 

डीएम व एसएसपी ने ब्रीफ कर दिये दिशा निर्देश
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा नगर निकाय चुनाव २०२३ की मतगणना के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था हेतु लगे पुलिस बल व अधिकारी/कर्मचारीगणो को पुलिस लाईन परिसर में ब्रीफिंग कर दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश। जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी महोदय व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन महोदय द्वारा नगर निकाय चुनाव २०२३ की मतगणना के दृष्टिगत मतगणना ड्यूटी में लगे पुलिस बल व अधिकारीध्कर्मचारीगणों की ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग के दौरान महोदय द्वारा सभी अधिकारियध्कर्मचारीगण को चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित अधिकारों/कर्तव्यों के बारे में विस्तार से अवगत कराते हुए बताया गया कि मतगणना स्थल/स्ट्रांग रूम पर सतर्कता बरतते हुए कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि मतगणना को निष्पक्षता एवं शान्तिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जा सके । ब्रीफिंग के दौरान उपस्थित अधिकारी/कर्मचारियों को समय से ड्यूटी पर पहुंचने तथा मतगणना के दौरान पूरी गम्भीरता से अपनी ड्यूटी के निर्वहन करने, सभी अधिकारीगण के फोन नम्बर अपने पास रखने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने, ड्यूटी के दौरान अनुशासन, संयम व अच्छा आचरण रखने, अपना पहचान पत्र एवं ड्यूटी कार्ड साथ रखने व साफ-सुथरी वर्दी पहनने तथा किसी भी राजनैतिक दलध्प्रत्याशी पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी न करने हेतु कड़े निर्देश दिये गये साथ ही संबंधित अधिकारियोंध्कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि मतगणना का परिणाम घोषित होने के उपरान्त विजयी प्रत्याशियो द्वारा विजय जुलूस निकालने का प्रयत्न किया जा सकता है, जिससे अप्रिय घटना-घटित होने की सम्भावना बनी रहती है । समस्त क्षेत्राधिकारीध्थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र में संवेदनशील स्थानों पर पिकेटध्गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित कर किसी भी प्रकार का जुलूस आदि नही निकालने तथा शान्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु निर्देशित किया गया । इसके अतिरिक्त मतगणना स्थल पर स्ट्रॉन्ग रुम व आसपास के क्षेत्र में ड्रोन कैमरे के माध्यम से सतत निगरानी हेतु कई टीमो को लगाया गया है तथा किसी भी आकस्मिक घटना से निपटने हेतु क्यूआरटीध्रिजर्व टीम का गठन किया गया है जो समस्त दंगा नियत्रंण उपकरणों के साथ रहेगी। साथ ही प्रभारी सोशल मीडिया सैल को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर गलत व भ्रामक खबर प्रसारित कर अफवाह फैलाने वाले लोगों पर सतर्क दृष्टि बनाये रखने हेतु निर्देशित किया गया। ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर श्री सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक अपराध श्री प्रशान्त कुमार प्रसाद, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री कुलदीप सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री नरेन्द्र बहादुर सिंह , समस्त क्षेत्राधिकारीगण सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारीध्कर्मचारीगण मौजूद रहे ।
इसी क्रम में जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर महोदय व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर महोदय द्वारा उपस्थित कर्मियों को बताया गया कि मतगणना स्थल पर फोटो युक्त पहचान पत्र धारण करने वाले व्यक्तिध्एजेण्ट को ही अन्दर प्रवेश करने दिया जायेगा । मतगणना केन्द्र के अन्दर कोई भी व्यक्ति मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रानिक वस्तुएं नही ले जाएगा। मुख्य प्रवेश द्वार के पास सभी उम्मीदवारध्एजेण्टो की तलाशी(फ्रिस्किंग चेकिंग) ली जायेगी तथा महिलाओं के लिये महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही तालाशी ली जाएगी तथा उसके उपरान्त ही प्रत्येक अधिकृत व्यक्ति डी०एफ०एम०डी० से ही होकर जायेगा । साथ ही सभी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यदि किसी असामाजिक तत्व द्वारा किसी प्रकार की झूठी अफवाह फैला कर माहौल खराब करने का कुत्सित प्रयत्न किया जाता है अथवा किसी भी तरह से मतगणना की प्रक्रिया में विघ्न डालने का प्रयास किया जाता है , या किसी भी प्रकार से कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया जाता है तो ऐसे अराजक तत्वों पर कठोरतम कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21372 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

five × 3 =