करोड़पतियों के शौक को मात दे रहा मन्नू कबाड़ी का घर, नजारा देखकर चौंक गए अफसर: फ़ोटो देखें
मेरठ के सोतीगंज में लूट व चोरी की बाइक काटकर मन्नू कबाड़ी ने अकूत संपत्ति अर्जित की है। उसका रहन-सहन और ठाठ बड़े-बड़े रईसों को मात देते हैं। सोतीगंज स्थित मन्नू के घर में सारा सामान ब्रांडेड लगा है।
बाथरूम तक में ब्रांडेड सामान लगाकर उस पर लाखों रुपये खर्च किए गए हैं। यह बताता है कि उसका काम कबाड़ी का है लेकिन शौक के मामले में वह शहर के अन्य करोड़पतियों से बिल्कुल भी पीछे नहीं है।
ये हाल तो एक मकान का है। मन्नू ने शहर में तीन और भी मकान बनवाए हैं। दूसरा मकान भी सोतीगंज में ही है। बताया जाता है कि इनकी साज-सज्जा पर भी लाखों रुपये खर्च किए गए हैं।
मेरठ के सोतीगंज में लूट व चोरी की बाइक काटकर मन्नू कबाड़ी ने अकूत संपत्ति अर्जित की है। उसका रहन-सहन और ठाठ बड़े-बड़े रईसों को मात देते हैं। सोतीगंज स्थित मन्नू के घर में सारा सामान ब्रांडेड लगा है। आपराधिक इतिहास खंगाल कर कार्रवाई के लिए कागजी कार्यवाही शुरू @meerutpolice pic.twitter.com/EUzRLbaY9H
— News & Features Network-Regional News (@mzn_news) October 28, 2020
इन मकानों में ब्रांडेड सामान लगाया गया है। इन मकानों के अलावा वह अन्य बेशकीमती जमीनों का मालिक भी है। यही नहीं, उसके पास बसें भी हैं, जिनमें 22 अनुबंधित बताई जा रही हैं।
जाहिर है कि इसके लिए उसने पैसे खर्च किए होंगे और अपने संबंधों का इस्तेमाल किया होगा। सोमवार को सोतीगंज पुलिस ने मन्नू के घर पर दबिश दी थी। दबिश की सूचना लीक होने के कारण परिवार का कोई भी सदस्य मौके पर नहीं मिला था। परिवार के सदस्य जल्दी भागने के चक्कर में टीवी भी चलता छोड़ गए थे। घर में किसी के न होने के कारण पुलिस पूछताछ नहीं कर सकी, लेकिन मकान के अंदर का नजारा देखकर टीम के सदस्य हैरान रह गए। इस बीच मंगलवार को भी एएसपी कैंट डॉ. ईरज राजा की अगुआई में पुलिस की दबिश जारी रही।
सदर पुलिस ने सोतीगंज में कबाड़ियों के गोदामों पर रजिस्टर व सीसीटीवी कैमरे चेक किए। पुलिस ने मन्नू, राहुल काला और शोएब उर्फ शीला को एक गैंग में शामिल कर तीनों की घेराबंदी शुरू कर दी है।
मन्नू के दो मकान सोतीगंज में कैंट बोर्ड के क्षेत्र में है। मकान में सभी तरह की सुख-सुविधाएं देखने के बाद पुलिस अधिकारी जान गए कि लूट और चोरी के वाहन काटकर वह करोड़पति बन गया है। उसके पास इतना सारा पैसा कहां से आया, पुलिस इसका गणित लगा रही है। आपराधिक इतिहास खंगाल कर कार्रवाई के लिए कागजी कार्यवाही शुरू कर दी है।
मन्नू के ठाठ-बाट देखकर आम लोग भी अंदाजा लगा सकते हैं कि उसने चोरी और लूट की कितनी बाइकें काटी होंगी। अब पुलिस ने सोतीगंज के करोड़पति कबाड़ियों की सूची बनाई है। पुलिस का मानना है कि राहुल काला, शोएब उर्फ शीला, हाजी गल्ला, इकबाल और गद्दू समेत कई कबाड़ी सोतीगंज के काले धंधे से ही अमीर बने हैं।
सदर पुलिस के अनुसार मन्नू, राहुल और शोएब उर्फ शीला चोरी की बाइकें कटवाते हैं। तीनों कबाड़ियों को एक ही गैंग में शामिल कर उन पर गैंगस्टर लगाया जाएगा। तीनों पर सदर बाजार, कोतवाली, लिसाड़ीगेट और ब्रह्मपुरी समेत अन्य थानों में एक जैसी धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। मन्नू पर गैंगस्टर की कार्रवाई पहले ही हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार गैंगेस्टर 14 ए की कार्रवाई के तहत अवैध संपत्ति जब्त की जाती है। किसी भी अपराधी पर गैंगस्टर की कार्रवाई करने के लिए दो या दो से अधिक अपराधियों का एक जैसा अपराध होना जरूरी है, ताकि पुलिस साबित कर सके कि दो या दो से अधिक लोगों ने गैंग बनाकर वारदात की है।कैंट में गरीबों के लिए अवैध निर्माण पर रोक है
लेकिन रसूखदारों के लिए सारे कानून टूट रहे हैं। कैंट क्षेत्र में पांच मंजिला बिल्डिंग का निर्माण नहीं किया जा सकता है पर मिलीभगत कर मन्नू ने बिल्डिंग बना ली। इतना ही नहीं ये निर्माण नया है
जबकि इस तरह से निर्माण की भी अनुमति ही नहीं है। अब तक कैंट बोर्ड बिल्डिंग में हुए निर्माण की जांच भी नहीं करा सका है। बिल्डिंग बनाने की परमिशन ली गई या फिर अवैध निर्माण हुआ, इसकी कोई भी रिपोर्ट कैंट बोर्ड के पास नहीं है। बोर्ड के अफसर इस पर चुप्पी साधे हुए हैं।
