सीएए के बवाल में वांछित सपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुए बवाल में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल आरोपी ने सपा के आंदोलन में अपनी गिरफ्तारी दी थी. पुलिस लाइन्स में ही पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी का सीएए के तीन मुकदमों में वांछित दिखाकर चालान कर दिया है।
20 दिसम्बर 2019 को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में शहर में जबरदस्त बवाल हुआ था। उपद्रवियों ने शहर के मिनाक्षी चौक, मदीना चौक पर जबरदस्त बवाल करते हुए पुलिस व अन्य लोगो के वाहनों में आगजनी करते हुए फायरिंग की थी।
बवाल को काबू करने के लिए पुलिस को फायरिंग भी करनी पड़ी। लगभग 5 घंटे शहर में जबरदस्त बवाल होता रहा। बवाल को थाना सिविल लाइन व शहर कोतवाली में उपद्रवियों के खिलाफ कई मामले दर्ज कराए गए थे।
शहर कोतवाल अनिल कपरवान ने बताया कि बवाल के आरोपी मुज्जिमल राणा निवासी जहागीर पट्टी सुजडू को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम पुलिस की जांच में प्रकाश में आया था।
दरअसल आरोपी मुजम्मिल राणा समाजवादी पार्टी का सक्रिय नेता है। वह पूर्व में सात दिसंबर को भी गिरफ्तारी देकर पुलिस लाइन्स पहुंचा था लेकिन तब उसकी पहचान पुलिस नही कर पाई थी।
सोमवार 14 दिसंबर को जैसे ही आरोपी सपा नेताओं के साथ प्रदर्शन कर गिरफ्तार होकर पुलिस लाइन्स पहुंचा तो पुलिस ने उसकी अलग से पहचान कर अन्य सपा नेताओं को तो देर सायं रिहा कर दिया जबकि मुजम्मिल राणा को सीएए के मामलों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।








