यूट्यूबर Elvish Yadav (एल्विश यादव) को होली से पहले मिली जमानत
नोएडा जेल में बंद यूट्यूबर Elvish Yadav (एल्विश यादव) को जमानत मिल गई है. जमानत छठवें दिन मिली. एल्विश यादव 17 मार्च से जेल में बंद थे. 50 हजार के बेल बॉन्ड पर जमानत मिली. कोर्ट में वकीलों की हड़ताल के चलते गुरुवार को एल्विश यादव की जमानत पर सुनवाई नहीं हो सकी थी. शुक्रवार को बेल पर सुनवाई हुई और कोर्ट ने होली के पहले बड़ी राहत दे दी.
Elvish Yadav (एल्विश यादव) को 17 मार्च को नोएडा पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था और बाद में गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस ने पूछताछ के बाद एल्विश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था. बाद में नोएडा पुलिस ने सांप और उसके जहर की तस्करी के मामले में दो और आरोपियों ईश्वर और विनय को भी गिरफ्तार किया था.
गिरफ्तारी पर DCP नोएडा विद्या सागर मिश्रा का कहना था, ‘वन्य जीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत (एल्विश यादव और अन्य के खिलाफ) मामला दर्ज किया गया था. आज उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था.’
विद्यासागर का कहना था, ‘केस की विवेचना की जा रही है. इस दौरान जिसके नाम सामने आएंगे या साक्ष्य सामने आएंगे, व्यक्तिगत रूप से पूछताछ की जाएगी. वीडियो की बारिकी से जांच की जा रही है. हम पूरे वीडियो फुटेज का अवलोकन कर रहे हैं और प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रहे हैं. जिन भी लोगों के नाम सामने आएंगे उनसे पूछताछ की जाएगी. यूट्यूब पर कई वीडियो उपलब्ध हैं और हम इसकी भी जांच कर रहे हैं.’

