वैश्विक

Moscow Terror Attack: 26/11 जैसा हमला, पुतिन ने कर ली ‘इस्लामिक स्टेट’ से बदला लेने की तैयारी?

Moscow Terror Attack: रूस की राजधानी मॉस्को में एक बड़े कॉन्सर्ट हॉल के अंदर कुछ बंदूकधारियों की गोलीबारी में कम से कम 70 लोगों की मौत हो गई और 115 लोग घायल हुए हैं. रूसी स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रमुख मुराशको ने बताया कि इन हमलावरों ने गोलीबारी के साथ यहां बम धमाके भी किए, जिससे कॉन्सर्ट हॉल में भीषण आग लग गई. इस आग की वजह से कॉन्सर्ट हॉल की छत ढह गई.

रूस की राजधानी मॉस्को में शुक्रवार को कई बंदूकधारियों ने एक बड़े समारोह स्थल पर लोगों पर स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी की जिसके कारण 60 लोगों की मौत हो गई और 145 से अधिक लोग घायल हो गए. यह जानकारी क्रेमलिन ने दी. इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी ISIS ने ली है. बताया जा रहा है कि इस हमले में 5 हमलावर शामिल थे. हमले के दौरान समारोह स्थल की इमारत में आग लग गई. कुछ दिन पहले ही देश में हुए चुनाव में जीत हासिल कर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सत्ता पर अपनी पकड़ को और मजबूत किया था.

इस हमले की जिम्मेदारी पहले किसी संगठन ने नहीं ली थी लेकिन, बाद में ISIS ने जिम्मेदारी ले ली है. जानकारी हो कि इसे रूस में पिछले दो दशक में हुआ सबसे भीषण आतंकी हमला माना जा रहा है. मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने हमले को “बहुत बड़ी त्रासदी” बताया. रूस की शीर्ष जांच एजेंसी गोलीबारी और विस्फोट की इस घटना को आतंकवादी हमला मानकर इसकी जांच कर रही है. रूस की शीर्ष घरेलू सुरक्षा एजेंसी, संघीय सुरक्षा सेवा ने कहा कि गोलीबारी की इस घटना में लोगों की मौत हुई है और कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं, लेकिन उन्होंने मृतकों और घायलों की कोई संख्या नहीं बताई.

रूस के मीडिया संस्थानों में आई खबरों के मुताबिक रूसी राजधानी के पश्चिमी क्षेत्र स्थित क्रोकस सिटी हॉल में गोलीबारी हुई. कई अन्य रूसी मीडिया संस्थानों ने गोलीबारी की सूचना दी और कहा कि गोलीबारी के कारण संबंधित स्थल पर स्थित एक मॉल में आग लग गई. सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में इमारत के ऊपर काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिख रहा है. यह हमला तब हुआ जब क्रोकस सिटी हॉल में प्रसिद्ध रूसी रॉक बैंड ‘पिकनिक’ के एक संगीत कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों की भीड़ जमा थी. इस हॉल में 6,000 से अधिक लोग बैठ सकते हैं.

इस घटना की जानकारी मिलने के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है और हमले की निंदा की है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है कि इस आतंकी हमले से दुखी हूं और सभी घायल और मृतक के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं. साथ ही उन्होंने कहा कि इस विकत परिस्थिति में भारत रूसी सरकार के साथ खड़ा है.

इस्लामिक स्टेट ने एक बयान में कहा कि उसने मॉस्को के बाहरी इलाके क्रास्नोगोर्स्क में ‘ईसाइयों’ की एक बड़ी सभा पर हमला किया, जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए और घायल हो गए. हालांकि उसके इस दावे की प्रामाणिकता सत्यापित नहीं की जा सकी है.

दरअसल आईएसआईएस पिछले कुछ हफ्तों से रूस में सक्रिय है. इससे पहले 7 मार्च को रूस की शीर्ष सुरक्षा एजेंसी ने दावा किया था कि उसने इस्लामिक स्टेट सेल द्वारा मॉस्को में एक आराधनालय पर हमले को विफल कर दिया.

वहीं इसके कुछ दिन पहले रूसी अधिकारियों ने कहा था कि रूस के अस्थिर काकेशस क्षेत्र में इंगुशेटिया में गोलीबारी में आईएसआईएस के 6 कथित सदस्य मारे गए थे.

अभी तक हमलावरों के बारे में ज्यादा कुछ पता नहीं चल पाया है. हालांकि, अधिकारियों का दावा है कि हमलावरों ने सैनिकों की पोशाकें पहन रखी थीं. रूसी मीडिया और टेलीग्राम चैनलों पर पोस्ट किए गए वीडियो में बार-बार गोलीबारी की आवाजें सुनी जा सकती हैं.

एक वीडियो में दो लोगों को राइफल्स के साथ कार्यक्रम स्थल पर घूमते हुए दिखाया गया. वहीं असॉल्ट राइफलों से लैस 4 हमलावर वहां कॉन्सर्ट हॉल में चीख रहे लोगों को बिल्कुल नजदीक से गोली मार रहे थे.

उधर रूस की सुरक्षा परिषद के उपप्रमुख दिमित्री मेदवेदेव ने चेतावनी दी कि अगर यूक्रेन की संलिप्तता साबित हो जाती है, तो इसमें शामिल लोगों का पता लगाया जाएगा और उन्हें बिना किसी दया के मार दिया जाएगा.

इस बीच, यूक्रेन ने अपनी संलिप्तता से इनकार किया है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की के सलाहकार मायखाइलो पोडोल्याक ने कहा कि उनके देश ने ‘कभी भी आतंकवादी तरीकों का इस्तेमाल नहीं किया है’.

पीएम मोदी ने इस आतंकी हमले की निंदा करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने लिखा, ‘हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है.’

शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया कि बॉडी कवच पहने और असॉल्ट राइफल से लैस तीन से पांच अज्ञात बंदूकधारियों ने शुक्रवार को मॉस्को के एक मॉल में अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद वहां आग लग गई. इन हमलावरों ने संगीत समारोह में आए लोगों को निशाना बनाया और घटनास्थल के वीडियो में चारों ओर शव बिखरे हुए दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने कथित तौर पर इमारत में आग लगाने के लिए हथगोले भी फेंके.

क्रोकस सिटी मॉल शहर की सीमा के ठीक बाहर मॉस्को क्षेत्र में पड़ता है. इस हमले की जांच सुरक्षा एजेंसी, एफएसबी कर रही है. घटनास्थल पर कई एम्बुलेंस के साथ-साथ भारी हथियारों से लैस पुलिस इकाइयों को तैनात किया गया. भीषण आग को बुझाने में मदद के लिए एक हेलीकॉप्टर भी लगाया गया है.

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21461 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sixteen − ten =