Muzaffarnagar और आसपास से प्रमुख खबरें

बजट से जनता में सकारात्मक संदेश, भाजपा के बजट में घोटालो, घपलों के लिए जगह नहींः जेपीएस राठौर

मुजफ्फरनगर। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष व भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी क्षेत्र के महामंत्री जेपीएस राठौर ने केंद्र सरकार के बजट के संदर्भ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि इस बजट से जनता में सकारात्मक संदेश गया है।

पूरे बजट में 137 प्रतिशत की बढोत्तरी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए की गयी है। 35 हजार करोड़ से अधिक राशि का टीकाकरण कराया जायेगा जो आम जनता के लिए एक अच्छा संदेश देगा।

गांधीनगर स्थित भाजपा कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवीनतम तकनीक के जरिये भ्रष्टाचार खत्म करने पर तुले हुए है।

इसी कारण 42 हजार करोड़ के जनधन के खातों में लगातार पैसा आने से संबंधित खाता धारकों को वास्तव में पैसा मिलने लगा है जबकि पूर्व की कांग्रेस सरकारों में घोटालों की भरमार रहती थी।

भाजपा का यह बजट 130 करोड भारतवासियों के लिए संतुलित बजट है। इसमे 5 लाख 54 करोड़ बेसिक इन्फ्रास्टक्चर के लिए निर्धारित किये गये है। रक्षा बजट को भी लगभग दुगना कर दिया गया है इसके अतिरिक्त मनरेगा और कृषि कार्यो के लिए अलग व्यवस्था की गयी है और मंडियों को मजबूत बनाने के लिए विशेष प्रयास जारी है।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की चर्चा करते हुए राठौर ने कहा कि 2200 करोड रूपये वायु की गुणवत्ता के लिए स्वीकृत किये गये है। सर्दी के कुछ माह में बड़े शहरों की आबो हवा खराब रहती है। महानगरों की वायु ठीक रहे, प्रदूषण न फैले इसके लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सचेत है। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह के शासन में किसान बही की प्रथा चालू हुई अब चालीस हजार करोड़ की व्यवस्था खतौनी के साथ घरौनी के लिए की गयी है।

इसमे ग्राम पंचायतों में व्यवस्था रहेगी और घरौनी पर लोगों को लोन भी मिलेगा। देखा जाये तो इस बजट में विपक्षी कांग्रेसियों के लिए या घौटाला या गडबड़ करने वालो के लिए कोई स्थान नहीं है। पत्रकार वार्ता में केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने कहा कि सरकार किसानों की सभी बातों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने के लिए तैयार है।

अब किसानां को किसी भी राज्य के बार्डर पर रिश्वत नहीं देनी पड़ती और कान्टेक्ट फार्मिग की व्यवस्था तो पहले से ही उत्तर प्रदेश में लागू है इसमे कुछ नया नहीं है।प्रेसवार्ता के दौरान जब पत्रकारों ने मुजफ्फरनगर के गांवों में भाजपा नेताओं की एन्ट्री बैन होने संबंधी सवाल पूछे तो मुजफ्फरनगर सांसद व केंद्रीय मंत्री डॉ0 संजीव बालियान गर्मा गए।

गांवों में भाजपा विरोधी पोस्टर लगाने के प्रश्न पर संजीव बालियान ने कहा कि कुछ गांवों में किन्ही लोगों की यह हरकत समूचे गांवों की राय नहीं बन सकती। इसके लिए पुलिस प्रशासन अपना काम कर रहा है। 

केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान ने कहा कि कुछ लोगों के पोस्टर लगाने से गांव में भाजपा का जनाधार खत्म नहीं हो जाता है। उन्होंने कहा कि चौधरी नरेश टिकैत उनकी बालियान खाप के चौधरी हैं उनके साथ उनका रिश्ता बराबर रहेगा। उन्होने पोस्टरों को राजनीतिक साजिश बताते हुए उन्होंने कहा कि गांव में तमाम राजनीतिक दलों से जुड़े हुए लोग हैं।

एक दो लोगों के पोस्टर लगाकर भाग जाने से कुछ नहीं होता है। उन्होंने कहा कि वे निरंतर गांव में जा रहे हैं और लोगों के साथ संपर्क कर रहे हैं। उनका कहना था कि जहां तक किसानों के मुद्दे की बात है तो उसको लेकर सरकार पूरी तरह सजग है और तमाम स्तर पर बातचीत की जा रही है।

एमएसपी को वैधानिक दर्जा देने के साथ-साथ तमाम मुद्दों पर सरकार बातचीत करने के लिए तैयार है। हाल में मुजफ्फरनगर में हुई किसान पंचायत के नाम पर लोटा नमक मामले की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जिस जिन लोगों को उन्होंने चुनाव में हराया था वही लोग यह काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जहां तक चौधरी नरेश टिकैत की बात है तो वह भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष होने के साथ-साथ बालियान खाप के चौधरी भी हैं और इस नाते उनके भी चौधरी है ऐसे नाम से उनका रिश्ता कभी खत्म नहीं होगा। कांट्रैक्ट फार्मिंग के विरोध को लेकर उन्होंने कहा कि जहां तक कांट्रैक्ट फार्मिंग की बात है तो सबसे पहले उत्तर प्रदेश में यह कांट्रैक्ट फार्मिंग शुरू हुई। तमाम चीनी मिलों द्वारा किसानों का गन्ना कांट्रेक्ट के आधार पर ही दिया जाता है।

उसी के आधार पर उसके दाम तय होते हैं तथा रकबे के आधार पर गन्ने की खरीद की जाती है। उन्होंने सवाल किया कि किसानों की जमीन खोस लेने की बात करने वाले बताएं कि कितने चीनी मिलों ने कितने किसानों की जमीन आज तक छीनी है। उन्होंने कहा कि सरकार साफ कर चुकी है कि एमएसपी जारी है और रहेगी।

इस सरकार ने पहली बार किसान को अधिकार दिया है कि वह कहीं भी देश में अपनी उत्पाद बेच सकता है। पहले यहां का किसान दूसरे प्रदेश में जाता था तो उसको तमाम स्थान पर उत्पीड़न और रिश्वत का शिकार होना पड़ता था हर नाके पर उससे पैसा वसूल किया जाता था उसका उत्पीड़न किया जाता था।

अब किसान देश में कहीं भी ले जाकर अपना उत्पाद बेचने के लिए आजाद है। पश्चिम उत्तर प्रदेश का किसान अपना उत्पाद लेकर हरियाणा जाता था तथा वहां उसे उत्पीड़न का शिकार होना पड़ता था सभी खुली हुई हैं। उन्होंने कहा कि गुड पर शुल्क 2ः30 से लेकर 1ः30 प्रतिशत करने का काम भी की सरकार ने किया है।

पत्रकार वार्ता में जिला उपाध्यक्ष संजय गर्ग, आयुष बोर्ड के पूर्व चेयरमैन डा. सुभाषचंद शर्मा, श्रीमोहन तायल, सुषमा पुंडीर, अचिन्त मित्तल, रेणू गर्ग, मनुप्रिय मजदूर, वैभव त्यागी, प्रवीन शर्मा, सुधीर खटीक, सुनील दर्शन भी उपस्थित रहे। पत्रकार वार्ता में विधायक विक्रम सैनी के अलावा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, हरिओम, प्रदीप सैनी, मयंक बिंदल, धर्मेन्द्र शर्मा, मनीष ऐरन, सचिन सिंघल, शरद शर्मा, राहुल चौधरी, रमेश खुराना, नितिन मलिक, नितिश मलिक सहित अनेक नेता मौजूद रहे। मुजफ्फरनगर शहर – सिटी न्यूज

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5917 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 × five =