इस्राइल ने सीरिया पर किया मिसाइल हमला, छह की मौत
इस्राइल ने सोमवार तड़के सीरिया की राजधानी दमिश्क के निकटवर्ती क्षेत्र को निशाना बनाकर कई मिसाइलें दागीं। यह जानकारी सीरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी ने दी। वहीं, एक विपक्षी युद्ध-निगरानी समूह ने कहा कि इस हमले में ईरान-समर्थित छह लड़ाकों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, सना न्यूज एजेंसी ने दावा किया कि सीरियाई वायु सेना ने अधिकतर मिसाइलों को मार गिराया। साथ ही, बताया कि इजराइल के कब्जे वाले सीरियाई क्षेत्र गोलान हाइट्स से ये मिसाइलें दागी गई थीं।
ब्रिटेन आधारित एक विपक्षी युद्ध-निगरानी समूह ने कहा कि राजमार्ग के पास पहाड़ों में स्थित सीरियाई सेना की चौथी इकाई को निशाना बनाया गया। यह राजमार्ग दमिश्क को लेबनान की राजधानी बेरूत से जोड़ता है।
उन्होंने कहा कि मिसाइल हमले के दौरान दमिश्क के दक्षिण में स्थित किश्वह में सीरियाई सेना के ठिकानों को निशाना बनाया गया था। समूह ने दावा किया कि इजराइल के मिसाइल हमले में किश्वह में दो जबकि दमिश्क-बेरूत राजमार्ग के पास चार लड़ाकों की मौत हो गई।

