सुक्कुर शहर में हिंदू पत्रकार अजय लालवानी की गोली मारकर हत्या
सिंध प्रांत के सुक्कुर शहर में नाई की दुकान पर बाल कटवा रहे 31 वर्षीय हिंदू पत्रकार अजय लालवानी की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना की जानकारी शनिवार को मीडिया में आई। पाकिस्तानी अखबार ‘द न्यूज इंटरनेशनल’ ने खबर दी कि अजय लालवानी एक स्थानीय टेलीविजन चैनल और उर्दू भाषा के अखबार ‘डेली पुचानो’ में रिपोर्टर थे। बताया गया है कि बृहस्पतिवार को हुए हमले में उनके पेट, बांह और घुटने में गोली लगने से उनकी मौत हो गई।
Ajay Lalwani, a Hindu journalist, gunned down by armed assailants near Sukkur. Sindh govt needs to arrest the killers and provide justice to the family.#JournalismIsNotACrime#JusticeForAjay pic.twitter.com/qufU6OP9sC
— Kapil Dev (@KDSindhi) March 18, 2021
वह सुक्कुर शहर में नाई की दुकान में बैठे थे, तभी दो मोटरसाइकिल एवं एक कार में सवार हमलावरों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। लालवानी को नजदीक के अस्पताल में ले जाया गया
जहां उनकी मौत हो गई। खबरों के मुताबिक, उनके पिता दिलीप कुमार ने कहा कि उनके परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं थी और पुलिस के इस दावे को खारिज कर दिया कि निजी दुश्मनी के कारण उनकी हत्या हुई।
पुलिस ने शुक्रवार को तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और जांच शुरू कर दी। हत्या की निंदा करते हुए पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में हिंदू सदस्य लालचंद मल्ही ने कहा कि यह गंभीर चिंता का विषय है। पत्रकारों के एक समूह ने लालवानी की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनके अंतिम संस्कार के बाद मार्च निकाला।

