पंचायत चुनाव: सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में बीजेपी फ्रंटफुट पर
साल 2022 में के लिए होने वाले चुनाव से पहले यूपी पंचायत चुनाव काफी माने रखते हैं। सत्तारूढ़ दल बीजेपी ने भी इस चुनाव में कमर कस रखा है। बीजेपी दिल्ली-यूपी के बाद अब गांव की सरकार में अपना दखल रखना चाहती है।
इस बीच सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में जहां बीजेपी फ्रंटफुट पर है वहीं लोकसभा चुनाव में रायबरेली के रूप में एक सीट पाकर आंसू पोछने वाली कांग्रेस बैकफुट पर है। रविवार को नामांकन का अंतिम दिन भी समाप्त हो गया लेकिन कांग्रेस की लिस्ट तक जारी नहीं हुई।
रायबरेली जिले में कुल 53 वार्ड हैं। भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी तीनों सभी सीटों पर अपने-अपने प्रत्याशी लड़ा रही है। लेकिन कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले रायबरेली में पार्टी एक अदद भी प्रत्याशी नही उतार चुकी। यहां की पूरी मानिटिरिंग स्वयं सोनिया गांधी की बेटी एवं यूपी कांग्रेस की प्रभारी प्रियंका गांधी करती हैं।
गौरतलब हो कि पहले चरण में होने वाले पंचायत चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रायबरेली कलेक्ट्रेट के एडीएम प्रशासन कोर्ट में जिला पंचायत के 52 वार्डो के लिए 886 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। जबकि ब्लाक मुख्यालय में 988 ग्राम सभाओं के लिए 7473 लोगो ने अपनी उम्मीदवारी ठोकी है।
वहीं बीडीसी की 1301 सीटों के लिए 6136 लोग मैदान में ताल ठोक रहे है। 988 ग्राम सभाओं की 12416 वार्डो के लिए 11905 लोगो ने पर्चे भरे हैं। दो दिनों तक चले नामांकन के बाद कलेक्ट्रेट और ब्लाक मुख्यालय पर नामांकन पत्रों की जांच का अब काम चल रहा है। गांवों में आगामी 15 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर चौपाल सजी हुई है।

