पुलिस ने हत्या के मामले में नामजद युवती को किया गिरफ्तार, जेल भेजा
खतौली। होली के हुड़दंग की भेंट चढ़े दलित युवक संजय हत्याकाण्ड की नामजद हत्यारोपित महिला को रतनपुरी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल रवाना किया है।
जानकारी के अनुसार बीती 30 मार्च को गांव फुलत निवासी दलित युवक संजय की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। पुलिस के अनुसार दुल्हेंडी वाले दिन ढोल बजाने को लेकर गांव के दो पक्षों के बीच हुई तकरार संजय की हत्या होने का सबब बन गयी थी।
मृतक के भाई मुनेश ने तिहाड़ जेल से पैरोल पर छूट कर बाहर आये युवक निखिल व एक महिला सहित 11 के विरुद्ध तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
संजय की हत्या करने के बाद निखिल फुलत निवासी ग्रामीण कल्लू को तमन्चे से आतंकित कर इसकी बाइक लूटकर फरार हो गया था। कल्लू की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपित निखिल के विरुद्ध दूसरी एफआईआर बाइक लूट की दर्ज की थी।
चर्चा थी कि हत्यारोपित महिला सोहनबीरी पत्नी कँवरपाल को पुलिस ने हत्याकाण्ड वाले दिन ही हिरासत में ले लिया था। बताया गया कि रतनपुरी पुलिस ने लिखा पढ़ी में हत्यारोपित महिला सोहनबीरी को इसके मायके के गांव नंगला से गिरफ्तार दिखाकर जेल रवाना कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि अलग अलग टीमों का गठन कर हत्यारोपितों की तलाश में लगाया गया है। शीघ् र्ही सभी हत्यारोपित जेल की सलाखों के पीछे होंगे।

