कोरोना वायरस को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
खतौली। कोरोना के तेजी से बढ़ रहे संक्रमण को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयारियों में लगा है। एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी ने ब्लॉक प्रभारी, सामुदायिक स्वास्थ्य प्रभारी की बैठक कर कोविड-१९ पर बातचीत करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कोविड-१९ के लगातार बढ़ रहे मरीजों को लेकर जिला प्रशासन चिंतित है, इसी के मद्देनजर एसडीएम इंद्राकांत द्वारा स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा प्रभारियों से कोरोना के क्षेत्र में बढ़ रहे मरीजों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने मुजफ्फरनगर बेगराजपुर मेडिकल कालेज में जिन मरीजों को भेजने के बजाय घर पर ही आइसोलेट किया जा रहा है, उस पर भी चर्चा की। एसडीएम ने पीएचसी तथा सीएचसी के कोविड-१९ के मरीजों की अलग-अलग रजिस्ट्रर में सूची बनाई जाने को कहा। घर पर आइसोलेट किए गए लोगों से प्रतिदिन बात कर उनकी प्रोग्रेस रिपोर्ट भी लेने के लिए निर्देश दिए।
कहा कि यदि किसी मरीज की तबीयत सही नहीं है, तो ऐसे मरीजों को तुरंत अस्पताल में पहुंचाकर उपचार दिलाए। ब्लॉक प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ एके सिंह ने बताया कि सभी तैयारी कर रखी है।
प्रतिदिन रिपोर्ट बनकर जिला मुख्यालय भेजी जाती है। कोविड-१९ की जिन लोगों की जांच की जाती है, उनकी रिपोर्ट मोबाइल पर भेज दी जाती है। यदि प्रारंभिक जांच में कोई व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है, तो उसका उपचार शुरू कर दिया जाता है।
सीएचसी प्रभारी डॉ पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि कोविड की जांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराई जा रही है। कोविड वैक्सीन के लिए पहले दो डेस्क लगाई गई थी, लेकिन फिलहाल एक डेस्क चल रही है।

