चौथे दिन पुलिस ने दिखाई सख्ती, सडकों पर रहा सन्नाटा
मुजफ्फरनगर। कोरोना कर्फ्यू के लगातार चौथे दिन शहर के सभी बाजार व दुकानें पूरी तरह से बंद रहीं। सोमवार सुबह कुछ फल-सब्जी के ठेली विक्रेता सड़क किनारे खड़े नजर आए, जिन्हें पुलिस ने वहां से भगा दिया। सड़कों पर केवल जरूरी काम से निकलने वाले लोगों की ही आवाजाही रही।
लगातार हो रहे कोरोना संक्रमण प्रसार के चलते शुक्रवार रात आठ बजे से लागू किए गए कोरोना कर्फ्यू के चौथे दिन मंगलवार को भी शहर के सभी बाजार व दुकानें पूरी तरह से बंद रहे।
वहीं, बड़ी संख्या में व्यापारियों ने स्वैच्छिक रूप से भी लॉकडाउन की घोषणा की हुई थी, जिसके चलते सभी बाजार सूने पड़े रहे। शहर के भगतसिंह रोड से लेकर शामली रोड और बघरा तांगा स्टैंड के पास कुछ फल-सब्जी विक्रेताओं ने सोमवार सुबह ठेलियां खड़ी कर दुकानदारी शुरू कर दी
जिसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें भगा दिया। वहीं, पूरे शहर में केवल मेडिकल स्टोर और हॉस्पिटल ही खुले नजर आए।
इसके अलावा, दूध डेरियां और गली-मोहल्लों में कुछ किराना की दुकानें भी सुबह-शाम खुली रहीं। शहर की सड़कों पर सामान्य तौर पर राहगीर व वाहनों का आवागमन होता रहा, लेकिन बेवजह घूमने वाले लोगों पर पुलिस की सख्ती रही।

