News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

राज्य स्तरीय निरंकारी संत समागम का आयोजन कानपुर में होगा 22 कोMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Regional News)। ।सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी की दिव्य एवं करुणामयी छत्रछाया में 22 मार्च 2026 को कानपुर के निराला नगर स्थित रेलवे ग्राउंड (पराग डेयरी के समीप) में उत्तर प्रदेश का भव्य राज्य स्तरीय निरंकारी संत समागम श्रद्धा, समरसता और आध्यात्मिक उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। यह पावन आयोजन मानवता, विश्वबंधुत्व और आध्यात्मिक जागृति का प्रेरणास्रोत बनेगा।
    उपरोक्त जानकारी देते हुए मीडिया सहायक सुशील कुमार अंश ने बताया कि प्रातः 11बजे से दोपहर 4बजे तक चलने वाले इस दिव्य समागम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ जनपद मुजफ्फरनगर की ब्रांच खतौली, रामराज, पुरकाजी, शेरपुर खादर, बुढ़ाना, बलवाखेड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु भक्तजन एकत्रित होकर सतगुरु के अमृतमय संदेशों का श्रवण करेंगे। सत्संग की इस पावन वाणी से मानव जीवन में प्रेम, सह-अस्तित्व, करुणा और वैश्विक भाईचारे की भावना को नया आलोक प्राप्त होगा।
     जनपद मुजफ्फरनगर के संयोजक हरीश कुमार ने बताया कि समागम स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वाेपरि रखते हुए लंगर, प्याऊ, चिकित्सा सेवा, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ अत्यंत सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जा रही हैं। सभी भक्तजन सेवा-भाव, अनुशासन और समर्पण के साथ स्थल को स्वच्छ, सुंदर और भक्तिमय वातावरण से परिपूर्ण बनाने में निरंतर सक्रिय हैं। आयोजन की सफलता हेतु स्थानीय प्रशासन भी सहयोग प्रदान कर रहा है।
         इस दिव्य समागम की पूर्व बेला में युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से 20 एवं 21 मार्च को ‘निरंकारी यूथ सिम्पोजियम’ का आयोजन किया जाएगा, जिसका मुख्य विषय ‘द सिक्स एलीमेंट्स’- छः तत्व रहेगा। इस प्रेरणादायी मंच पर लघु नाटक, भक्ति-गीत, पैनल चर्चा और संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिकता, अनुशासन, आत्मिक संतुलन, मानवीय मूल्यों, सकारात्मक चिंतन तथा रचनात्मक नेतृत्व के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
          प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले युवा अपनी प्रतिभा, रचनात्मक अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से इस आयोजन को जीवंत बनाएंगे। यह सिम्पोजियम युवाओं के भीतर सेवा, सहयोग, समर्पण और वैश्विक मानवीय चेतना को सुदृढ़ करने का माध्यम सिद्ध होगा।
      निसंदेह, प्रेम, एकता, सहअस्तित्व और विश्वबंधुत्व के दिव्य संदेश से ओत-प्रोत यह संत समागम श्रद्धालुओं के जीवन में नई प्रेरणा, आत्मिक शांति और आनंद का आलोक प्रस्फुटित करेगा। इस पावन अवसर पर सभी श्रद्धालु भक्तों, नगरवासियों, बुद्धिजीवियों तथा प्रभुप्रेमी जनों को सादर आमंत्रित किया गया है कि वे इस आध्यात्मिक संगम में सहभागी बनकर सतगुरु कृपा का लाभ प्राप्त करें।

 

एसएसपी ने किया प्रशिक्षु आरक्षियों की अंतिम परीक्षा को लेकर निरीक्षणMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जनपद मुजफ्फरनगर में प्रशिक्षु आरक्षियों की अंतिम परीक्षा को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 26 मार्च से प्रस्तावित प्रशिक्षु आरक्षियों की बाह्य विषयों की अंतिम परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में 16 मार्च 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों के बैठने की योजना, परीक्षा कक्षों की साफ-सफाई और आवश्यक अभिलेखों की उपलब्धता का गहनता से मूल्यांकन किया गया। परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रशिक्षु आरक्षियों को शांतिपूर्ण और अनुकूल वातावरण मिल सके। साथ ही सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने और परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ और प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

 शातिर को चोरी के माल सहित किया गिरफ्तारMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए 01 चोर अभियुक्त को किया गिरफ्तार।गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी किये गये पीली व सफेद धातु के आभूषण(अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रूपये) बरामद किया।  अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन मेरठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी नई मण्डी राजू कुमार साव तथा प्रभारी निरीक्षक थाना नई मण्डी बृजेश कुमार शर्मा के कुशल नेतृत्व में थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा की गयी कार्यवाही। उल्लेखनीय है कि 13 मार्च को वादिया श्रीमती पूजा पत्नी प्रदीप निवासी ग्राम बडसू थाना रतनपुरी, मुजफ्फरनगर हाल पता शान्तिनगर गेट न0 02 थाना नई मण्डी, मुजफ्फरनगर द्वारा थाना नई मण्डी पुलिस को लिखित तहरीर देकर अवगत कराया कि अज्ञात द्वारा मेरे घर का ताला तोडकर अलमारी मे रखे सोने व चांदी के आभूषण व 50 हजार रूपये चोरी कर लिये गये है। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना नई मण्डी पर मु0अ0सं0 121/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस पंजीकृत किया गया तथा घटना के अनावरण हेतु थाना नई मण्डी पर पुलिस टीम का गठन किया गया।  गठित टीम द्वारा उक्त घटना का सफल अनावरण करते हुए 01 चोर अभियुक्त को पचेण्डा बाईपास पुल के पास रजवाहे की तरफ पडने वाले रनवीरा रिसोर्ट के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार रवि पुत्र मदन निवासी ग्राम बधाई कला थाना चरथावल के कब्जे से चोरी किये आभूषण बरामद किये गये। अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के सम्बन्ध में थाना नई मण्डी पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।  जिसके कब्जे से 04 कंगन/चूडिया (पीली धातु), 01 गले का सैट मय माथे का टीका(पीली धातु), 01 अंगूठी(पीली धातु), 02 नाक की लोंग(पीली धातु), 1 जोडी टोपस(पीली धातु),  01 जोडी कुण्डल(पीली धातु),  01 जोडी झुमकी(पीली धातु), 01 मंगल सूत्र मय पेंडिल(पीली धातु), 01 कमरबंद(सफेद धातु), 04 जोडी पाजेब(सफेद धातु), 01 गले की चैन(सफेद धातु), 02 सिक्के(सफेद धातु), 05 अंगूठी(सफेद धातु), 02 जोडी कान के कुण्डल(सफेद धातु), 02 मंगल सूत्र(सफेद धातु), 01 गुच्छा(सफेद धातु), 02 हाथफूल(सफेद धातु), 14 जोडी बिछुए(सफेद धातु), 03 हाथ की राखी(सफेद धातु), 01 गिलास (सफेद धातु) बरामद किया।  पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह मौहल्ला शान्तिनगर में किराये की दुकान में बढ़ई का कार्य करता है तथा उस मकान में तीन किरायेदार रहते हैं, जिनमें से प्रदीप नामक किरायेदार को उसी ने किराये पर कमरा दिलवाया था। इसके अतिरिक्त वहाँ 02 अन्य किरायेदार भी रहते हैं। अभियुक्त का प्रदीप के घर आना-जाना था। एक दिन प्रदीप की पत्नी को अभियुक्त ने अपने कमरे की अलमारी में ज्वैलरी रखते हुए देख लिया। ज्वैलरी देखकर उसके मन में लालच आ गया तथा जब प्रदीप अपनी पत्नी के साथ 09 मार्च को शादी में गया था तभी मौका पाकर उसने मकान के मैन गेट का ताला डुप्लीकेट चाबी से खोल लिया। इसके बाद उसने प्रदीप के कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी से आभूषण चोरी कर लिये। चोरी किये आभूषण को अभियुक्त ने ईख के खेत में छिपा दिया तथा आभूषण को वहां से निकालकर बेचने के लिए जा रहा था कि पुलिस ने उसे पकड लिया।  गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में  प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, उ0नि0 सन्दीप कुमार, ब्रजराज सिंह तोमर, है. का. धीरेन्द्र, का. अमन, कृष्णा थाना नई मण्डी शामिल रहे।

 

बाजारों में ईद को लेकर खरीदारों की उमड़ी भीड़Muzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।ईद की खरीदारी को लेकर बाजारों में अच्छी खासी रौनक दिखाई दी। मंगलवार के अवकाश के बावजूद रेडीमेड गारमेंट्स, जूते के शोरूम सहित अनेक दुकाने खुली नजर आई। त्योहार के कारण खरीदारी करने वालों में अच्छा खासा उत्साह देखने को मिला। शहर के भगत सिंह रोड, रुड़की रोड, नावल्टी चैक, कच्ची सड़क आदि में बाजारो में अच्छी खासी भीड त्यौहार के मद्देनजर दिखाई दी। लोगों ने जमकर खरीदारी की। जिससे दुकानदारांे के चेहरे भी खिले दिखाई दिये। अनेक लोग परिवार सहित खरीदारी में तैयारी में बाजारों में पहुंचे जहां उन्होंने ईद पर्व के मद्देनजर खरीदारी की। शहर के व्यस्ततम बाजारों में ग्राहकों की भीड देखी गयी। क्षेत्र में सक्रिय रही पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया तथा ट्रैफिक पुलिस द्वारा यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया।
 मुस्लिम समुदाय के सबसे बड़े पर्व ईद को लेकर शहर के बाजारों में इन दिनों खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ईद में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। बड़े-बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक सभी में त्योहार का उत्साह साफ झलक रहा है। ईद को धूमधाम से मनाने के लिए लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और खरीदारी के कारण बाजारों की रौनक भी बढ़ गई है। शहर के प्रमुख बाजारों में कपड़े, जूते-चप्पल, टोपी, इत्र और अन्य जरूरी सामानों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। ब्रांडेड कपड़ों की दुकानों से लेकर फुटपाथ पर लगी दुकानों तक हर जगह खरीदारों की अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है।

 

ताड़ासन, त्रिकोणासन, गत्यात्मक पश्चिमोत्तानासन, उष्ट्रासन कराया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।भारतीय योग संस्थान के निशुल्क योग साधना केंद्र एस एसडी इंटर कॉलेज कृष्णापुरी मुजफ्फरनगर में भारतीय योग संस्थान के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जनपद प्रभारी योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य के निर्देशन में दक्षता क्लास का आयोजन किया गया। जिसमें योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने बताया कि आसनों को खींचकर तथा तानकर अपनी पूर्ण क्षमता से करना चाहिए। आसनों की संख्या भले ही कम हो लेकिन आसन की पूर्ण स्थिति में रुकना अधिक लाभदायक है। उन्होंने बताया कि नियमित योग अभ्यास के साथ-साथ भोजन पर नियंत्रण भी अति आवश्यक है। रात्रि भोजन सूरज छिपने से पहले और भूख से कम ही लें। दोपहर के भोजन से पहले मौसम का सलाद कम से कम एक प्लेट चबा चबा कर खाए,पश्चात भोजन करें। भोजन के तुरंत बाद पानी कभी न पिए। उन्होंने योग मुद्रा आसन गुर्दा रोगी के लिए उपयोगी बताया तथा उसका विशेष प्रदर्शन करके भी दिखाया।
सर्वप्रथम केंद्र प्रमुख राकेश गोयल ने ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र से योग साधना प्रारंभ करवाई, उन्होंने ताड़ासन, त्रिकोणासन, गत्यात्मक पश्चिमोत्तानासन, उष्ट्रासन, शशक आसन करवाएं ।योग शिक्षक रामपाल शर्मा ने सर्पासन ,भुजंग और शलभासन करवाए। क्षेत्रीय प्रधान राजीव रघुवंशी ने उत्थान पाद हस्तासन, सर्वांगासन और मत्स्य आसन करवाएं। हास्य आसन योग शिक्षक वेद प्रकाश ने करवाया।योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने अनुलोम विलोम तथा कपालभाति प्राणायाम करवाएं। इस अवसर पर काफी संख्या में योग साधक और साधिकाओं ने भाग लिया।

 

समाज को धर्म, प्रेम और करुणा का भगवान श्रीकृष्ण ने संदेश दियाः हिमेशMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।शहर के सनातन धर्म सभा भवन में समस्त अग्रवाल परिवार के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद भागवत कथा में सोमवार को भक्तिमय वातावरण के बीच भगवान श्रीकृष्ण की बाललीलाओं और गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपान कर भक्ति भाव में डूबे दिखाई दिए। इसके पश्चात छप्पन भोग और अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ, सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर श्री कृष्ण की महिमा का गुणगान किया।
कथा वाचक हिमेश शास्त्री जी महाराज (मथुरा वाले) ने व्यासपीठ से कथा का वाचन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की बाललीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि बाल्यावस्था में श्रीकृष्ण ने अपनी दिव्य लीलाओं के माध्यम से समाज को धर्म, प्रेम और करुणा का संदेश दिया। उनकी बाललीलाएं केवल मनोरंजन नहीं बल्कि मानव जीवन के लिए गहरे आध्यात्मिक संदेश भी देती हैं। कथा के दौरान गोवर्धन लीला का भी भावपूर्ण वर्णन करते हुए कथावाचक हिमेश शास्त्री जी महाराज ने बताया कि जब इंद्र के प्रकोप से ब्रज में घनघोर वर्षा होने लगी, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ब्रजवासियों की रक्षा की। यह लीला भगवान की करुणा और अपने भक्तों के प्रति उनके अटूट प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने जीवन में आनन्द पाने के लिए भक्ति मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए कहा कि भगवान का स्वरूप आनन्दमय है, जब भगवान के प्रति हमें भक्ति प्राप्त होती है, तभी जीवन में आनन्द प्रकट होता है, आनन्द हमारे अंदर छिपा है, ये बाहर परिश्रम से, त्याग से और तपस्या से आता है, जिस प्रकार सभी को ज्ञात है कि दूध में घी छिपा है, लेकिन वो बाहर परिश्रम से ही आ पाता है। आहार और व्यवहार सात्विक हो तो भक्ति मिलती है और भक्ति के आने से आनंद प्राप्ति होगी।
मुख्य यजमान के रूप में अंकुर दुआ (संपादक मुजफ्फरनगर बुलेटिन), मयंक मित्तल, संदीप अग्रवाल (दिल्ली) और गौरांग गर्ग (बल्लू खादी वाले) रहे। अभिनव अग्रवाल ने सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर छप्पन भोग और अन्नकूट महोत्सव का भी भव्य आयोजन किया गया। भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का छप्पन भोग अर्पित किया गया और अन्नकूट के रूप में अनेक प्रकार के खाद्य पदार्थों से भोग सजाया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भगवान के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे परिसर में भजन-कीर्तन और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पांचवें दिन की कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती में भाग लेकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। अतिथियों का आयोजक परिवार के सदस्य अनिभव अग्रवाल व अन्य लोगों ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्य रूप से परमात्मा शरण अग्रवाल, प्रदीप गर्ग, किशन अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, अभिनव अग्रवाल, दीप अग्रवाल, अभिनव गर्ग, कार्तिक अग्रवाल, दीपक गोयल, योगेश माहेश्वरी, अमित गर्ग, सभासद पति शोभित गुप्ता, श्रुति अग्रवाल, निकिता अग्रवाल, आंचल अग्रवाल, इनाक्षी अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, प्रीति तायल और रचना अग्रवाल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

विवाद में दो किन्नरों में कहासुनी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।आपसी विवाद पर चलते मीनाक्षी चैक के संमीप दो किन्नरों में मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत करते हुए इस संबंध में जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार नगर के व्यस्ततम चैराहा मीनाक्षी चैक के समीप आज सुबह किसी बात को लेकर दो किन्नरों के बीच आपसी कहासुनी हो गई। जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। इस दौरान कुछ देर के लिए बखेड़ा सा खड़ा हो गया। राहगीरों सहित कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। नागरिकों की सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस ने दोनों किन्नरों को शांत करते हुए इस संबंध में मिली तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान मौके पर आसपास की दुकानदार सहित कई लोग मौजूद रहे। पुलिस ने भीड़ को हटवाते हुए पुनः यातायात व्यवस्था से चालू कराई।

 

पुलिस महकमे में फेरबदल
कई प्रभारियों व उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में किया बदलाव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए कई चैकी प्रभारियों और उपनिरीक्षकों के तबादले कर दिए हैं। एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार विभिन्न थानों और चैकियों पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।जारी आदेश के अनुसार उपनिरीक्षक रविंद्र भाटी को थाना छपार से स्थानांतरित कर थाना मंसूरपुर भेजा गया है। वहीं थाना चरथावल क्षेत्र की अलावलपुर चैकी पर तैनात चैकी प्रभारी मंगत त्यागी को चैकी से हटाकर थाना नई मंडी भेज दिया गया है। इसके साथ ही उपनिरीक्षक आयुष त्यागी को नई मंडी चैकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उपनिरीक्षक मनीष कुमार को तितावी थाना क्षेत्र से स्थानांतरित कर खतौली थाने में तैनाती दी गई है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक लोकेश गौतम को थाना छपार में एसएसआई (सीनियर सब-इंस्पेक्टर) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि उपनिरीक्षक परविंद्र सिंह को अलावलपुर चैकी का नया प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा उपनिरीक्षक तेजवीर को फुगाना से स्थानांतरित कर थाना चरथावल भेजा गया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार यह फेरबदल जनपद में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को ध्यान में रखते हुए किया गया है। अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखते हुए जनता के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।

 

गेट लगाने को लेकर विवाद
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)धर्मशाला के बाहर गली में गेट लगाने के विवाद को लेकर मोहल्ले के कई लोग इकट्ठा हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने निर्माणाधीन कार्य को तत्काल रुकवा दिया। जानकारी के अनुसार नई मंडी क्षेत्र की गौशाला रोड स्थित एक धर्मशाला के समीप गली के बाहर गेट लगाये जाने को लेकर आपसी विवाद हो गया। जिस पर मोहल्ले के कई लोग मौके पर एकत्रित हो गए। विवाद की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी लेेने के साथ गेट लगवाये जाने के कार्य पर तत्काल रोक लगवा दी। पुलिस का कहना है कि इस संबंध में सही जानकारी तथा आपसी सहमति के बाद ही आगे कुछ हो सकेगा जिसके बाद मामला शांत हो गया। 

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 20973 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 × four =