समाचार (Muzaffarnagar News)
अनियंत्रित होकर कार पलटी, दंपति घायल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। रतनपुरी थाना क्षेत्र के रायपुर नंगली गांव के पास शनिवार सुबह एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में कार सवार श्यामल मिश्रा (59) और उनकी पत्नी पूनम देवी (55) घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी खतौली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
योग, ध्यान एवं प्राणायाम का पुलिस लाइन में कराया अभ्यास
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा की धर्मपत्नी डॉ० नीलम राय द्वारा प्रशिक्षु आरक्षियों हेतु “आर्ट ऑफ लिविंग” कार्यक्रम के द्वितीय दिवस पर योग, ध्यान एवं प्राणायाम का आयोजन। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की धर्मपत्नी डॉ० नीलम राय द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में प्रशिक्षु आरक्षियों हेतु आयोजित 03 दिवसीय “आर्ट ऑफ लिविंग” कार्यक्रम के द्वितीय दिवस पर योग, ध्यान एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ० नीलम राय ने प्रशिक्षु आरक्षियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तार से बताते हुए नियमित योग एवं ध्यान को दिनचर्या में शामिल करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग और प्राणायाम के माध्यम से तनाव को कम कर कार्यक्षमता में वृद्धि की जा सकती है, जो पुलिस सेवा जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य में अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ भी उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रशिक्षु आरक्षियों को योग, ध्यान एवं अनुशासन के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच एक सफल एवं प्रभावी पुलिसकर्मी के लिए अनिवार्य गुण हैं। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। उक्त कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षु आरक्षियों के समग्र विकास के साथ-साथ उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाना है, जिससे वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक दक्षता एवं सजगता के साथ कर सकें।
चरथावल पुलिस ने मारपीट व जानलेवा हमला करने वाले 8 को दबोचा
चरथावल। थाना चरथावल पुलिस द्वारा मारपीट करने व जानलेवा हमला करने वाले 08 अभियुक्तगण को किया गिरफ्तार। अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन मेरठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर व थाना प्रभारी चरथावल के कुशल नेतृत्व में थाना चरथावल पुलिस द्वारा की गयी कार्यवाही। ग्राम सैदपुर कलां में सहबाब पुत्र मोहसिन की बहन की शादी थी, शादी में सालिम पुत्र राशिद की सहबाब उपरोक्त से कहासुनी हुई तथा फिर झगडा हो गया था। दोनो पक्षो का ग्राम समाज के सभ्रांत व्यक्तियो द्वारा दोनो पक्षो का समझौता करा दिया था किन्तु 3 अप्रैल को थाना चरथावल पुलिस को ग्राम सैदपुर कलां में उन दोनो पक्षों में दोबारा झगडा होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर उ0नि0 श्री परविन्द्र मय पुलिस बल ग्राम सैदपुर कलां में बड़ी मस्जिद के पास पहुँचे तो काफी लोग एक दूसरे को गाली गलौच करते हुए लाठी डंडो से जान से मारनेे की नियत से मारपीट कर रहे थे। थाना चरथावल पुलिस द्वारा दोनो पक्षों का बीच बचाव करते हुए जानलेवा हमला करने वाले प्रथम पक्ष के राशिद पुत्र रशीद, रिहान पुत्र राशिद, साजिद पुत्र रशीद निवासीगण सैदपुरकला थाना चरथावल, मुजफ्फरनगर व मोमीन पुत्र आलीमौहम्मद, फिरोज पुत्र कय्यूम निवासीगण मौ0 नूरबफान कस्बा व थाना चरथावल, मुजफ्फरनगर व द्वितीय पक्ष के सादाब पुत्र अनीश, सहबाब पुत्र मौहसीन, अनीश पुत्र रज्जाक, अलीम पुत्र नफीस निवासीगण ग्राम सैदपुरकला थाना चरथावल, मुजफ्फरनगर, साकिब पुत्र जाकिर निवासी मौ0 खाली कूकड़ा थाना नईमण्डी, मुजफ्फरनगर को तस्दीक किया गया तथा घटना में शामिल कुछ व्यक्ति भीड का फायदा उठाकर भाग गये। पुलिस टीम द्वारा झगडे के दौरान घायल अनीस पुत्र रज्जाक व उनके भाई नफीस को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस टीम द्वारा प्रथम पक्ष के राशिद, रिहान, साजिद, मोमीन उपरोक्त व द्वितीय पक्ष के सादाब, सहबाब, अनीश, अलीम उपरोक्त को मौक से गिरफ्तार किया गया। मौके से फिरोज व साकिब अपने कुछ अज्ञात साथियो के साथ झगड़ा करते हुए फरार हो गये। अभियुक्तगण के कब्जे से 06 डण्डे बरामद किये गये। उ0नि0 श्री परविन्द्र की तहरीर के आधार पर थाना चरथावल पर मु0अ0सं0 52/2026 धारा 190,191(1),191), 109(1),118(2),351(3),352 बीएनएस पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्र0नि0 सत्यनारायण दहिया उ0नि0 परविन्द्र, थाना चरथावल पुलिस टीम शामिल रही।
सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। समाज का कोई व्यक्ति जब जिम्मेदारी के पद पर आता है तो समाज का कर्तव्य होता है कि उत्साह वर्धन करें। जिससे वह समाज का सही मार्गदर्शन कर सके। उक्त विचार ब्रह्म समर्पित ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शर्मा ने भाजपा जिला कार्यकारिणी में मनोनीत किए गए कमलकांत शर्मा के प्रतिष्ठान पर उनके सम्मान समारोह में प्रकट किये। वरिष्ठ ब्राह्मण नेता पंडित उमा दत शर्मा ने 17 अप्रैल को आयोजित होने वाली परशुराम शोभायात्रा में शामिल होने की अपील, वही महामृत्युंजय सेवा मिशन अध्यक्ष संजीव शंकर ने कहा कि समाज के मेधावी बच्चों को प्रोत्साहित करने का कार्य करना चाहिए, शोक सभा में लाखों रुपए खर्च करने से अच्छा है किसी निर्धन कन्या का विवाह करना। इस अवसर पर मुख्य रूप से बृजेश दीक्षित,मुकेश शर्मा, हिमांशु कौशिक (सभासद) अमित शर्मा (सभासद) अजय शर्मा एडवोकेट इत्यादि उपस्थित रहे
जिला सहकारी बैंक मुजफ्फरनगर ने 31 करोड़ 13 लाख रूपये का लाभांश प्राप्त कर प्रदेश में प्राप्त किया प्रथम स्थानः ठा. रामनाथ
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जिला सहकारी बैंक लि०, मुजफ्फरनगर के प्रथम तल स्थित सभागार में बैंक सभापति ठाकुर रामनाथ सिंह द्वारा प्रेसवार्ता के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2025-26 की वित्तीय प्रगति से अवगत कराया गया। जिसमें प्रमुख रूप से पिछले तीन वर्षों में बैंक द्वारा नवीन कीर्तिमान स्थापित करते हुए बैंक का शुद्ध लाभ वित्तीय वर्ष 2022-23 के सापेक्ष अंकन 10.06 करोड़ रू० से बढ़कर अंकन 31.13 करोड़ रू० हो गया है जो कि प्रदेश मे प्रथम स्थान पर है। साथ ही बैंक की निजीपूँजी 375.17 करोड़ रु० से बढ़कर 480.00 करोड़ हो गयी है। बैंक का जमा निक्षेप भी उक्त अवधि में 1884.80 करोड से बढ़कर अंकन 2524.50 करोड़ हो गया है साथ ही बैंक की कुल कार्यशील पूँजी में लगभग 30 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 3826.53 करोड़ हो गयी है। बैंक द्वारा उक्त अवधि में 48.24 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ अंकन 751.55 करोड़ के सापेक्ष अंकन 1114.07 करोड़ रु० की फसली ऋण वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान वितरित किया गया है। बैंक सभापति द्वारा यह भी बताया गया कि बैंक द्वारा डिजिटल ट्रान्जक्शन में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए रिकार्ड स्थापित किया है। सभापति ठा. रामनाथ सिंह ने बताया कि बैंक की सभी 50 शाखाएं मुजफ्फरनगर और शामली में है। उन सभी को एसी लगवाकर हाईटैक कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सभी शाखाओं में इस समय कुल 7 एटीएम है जिनकी संख्या शीघ्र ही बढाई जायेगी। 3-4 महीने बाद इनकी संख्या दो दर्जन के आसपास हो जायेगी। सभापति द्वारा बैंक की प्रगति के लिए बैंक के सभी ग्राहकों, बैंक से जुड़े किसानों को धन्यवाद दिया गया। प्रेसवार्ता में सभापति, उपसभापति मुकेश कुमार जैन, अमित चैधरी, दिनेश गोयल, पंकज पाल, राजू अहलावत तथा आशीष चैधरी आदि डायरेक्टर मौजूद रहे।
। जीवन मे शिक्षा का विशेष महत्व है
मुजफ्फरनगर। शिक्षित व्यक्ति अपने परिवार के साथ-साथ अपने देश-प्रदेश को भी गौरवान्वित करता है। जीवन मे शिक्षा का विशेष महत्व है अतः बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक होना चाहिए। स्कूल चलो अभियान शिक्षा के क्षेत्र में एक सार्थक प्रयास है। जानसठ रोड स्थित लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विघा मंदिर इंटर काॅलेज मे आयोजित स्कूल चलो अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम मे पधारे अतिथियों ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए शिक्षा के महत्व को समझाते हुए सभी बच्चों व अभिभावकों से अपील की कि वे स्कूल चलो अभियान के अन्र्तगत अपने बच्चो को स्कूल भेजें तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उल्लेखनीय है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्कूल चलो अभियान ेक अंतर्गत प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्कूल चलो अभियान के तहत वाराणसी से किए गए उदबोधन का समस्त जनपदों मे सजीव प्रसारण किया गया। इसी कडी में लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विघा मंदिर इंटर काॅलेज में आज प्रातः 9 बजे स्कूल चलो अभियान के अन्र्तगत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अतिथियों मे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार,राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिलदेव अग्र्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डा.वीरपाल निर्वाल, पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी आदि का काॅलेज प्रबन्ध समिति के पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार सहित शिक्षा अधिकारी, प्रबन्ध समिति के पदाधिकारी, प्रधानाचार्य एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
डीएम-एसएसपी ने सुनी समस्याएं
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जिलाधिकारीएवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारीगण के साथ तहसील सदर पर सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जनसमस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर उनके गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा तहसील सदर पर सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जन-जनसमस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारीगण को मौके पर जाकर शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया। अधिकारीगण द्वारा समाधान दिवस में उपस्थित समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण को निर्देशित किया गया कि समाधान दिवस में आईं सभी शिकायतों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जाँच करें एवं समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें तथा महिला अपराध सम्बन्धी शिकायतों की जाँच प्राथमिकता के आधार पर की जाए। इसके अतिरिक्त अधिकारीगण द्वारा समाधान दिवस में उपस्थित सभी अधिकारी/कर्मचारीगण व शिकायतकर्ताओं को साइबर अपराध एवं साइबर ठगी के सम्बन्ध में भी जागरूक किया तथा साइबर अपराध से बचने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर डॉ0 रविशंकर सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
सिविल बार एसोसिएशनः सुगन्ध जैन अध्यक्ष व सतेंद्र कुमार बने महासचिव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। सिविल बार एसोसिएशन की वर्ष 2026-27 की कार्यकारिणी के लिए हुए मतदान के बाद आज हुई मतगणना के उपरंात चुनावी नतीजों की घोषणा की गई। कचहरी परिसर स्थित सिविल बार एसोसिएशन के केन्द्रीय कक्ष में बीते दिन नई कार्यकारिणी के गठन के लिए वोट डाले गए थे। चुनावी कार्यक्रम की श्रृंखला मे आज वोटों की गिनती का कार्य हुआ। मुख्य चुनाव अधिकारी जैगम मिया जैदी एवं सहायक चुनाव अधिकरियों के निर्देशन मे 4 अप्रैल 2026 को प्रातः8 बजे से अध्यक्ष, महासचिव, सहसचिव तथा कोषाध्यक्ष आदि सभी पदों पर हुए मतदान की गिनती प्रारम्भ हुई। विभिन्न व्यवस्थाओं के बीच हुए चुनाव एवं मतगणना पूरी होने पर चुनावी नतीजांे की घोषणा हुई। जिसमें सिविल बार संघ अध्यक्ष पद के लिए सुगंध जैन और महासचिव पद के लिए सत्येंद्र कुमार ने जीत हासिल की। इस चुनाव में अध्यक्ष पद पर सुगन्ध जैन को 208 मत प्राप्त हुए। जबकि बिजेन्द्र मलिक ने 156 वोट हासिल की। वहीं महासचिव पद पर सत्येन्द्र कुमार को 241 वोट मिले एवं अन्नू कुच्छल ने 120 वोट प्राप्त किए। उपाध्यक्ष पद पर संजीव त्यागी ने 220 वोट लिए तथा अशोक कुशवाहा को 138 वोट मिलें। उपाध्यक्ष पद के लिए सुधीर गुप्ता को 224 एवं आनन्द कुमार को 126 वोट मिले। सचिव प्रशासन पद पर प्रवीण कुमार ने तथा सचिव लेखा पद पर प्रशान्त कुमार ने एवं सचिव पुस्तकालय के पद पर रेखा शाही ने जीत दर्ज की।
वार्षिकोत्सव धूमधाम के साथ मना
मुजफ्फरनगर। परमधाम दर्शन श्री राज शोभा यात्रा सत्संग का 21 वाँ वार्षिक महोत्सव श्री राम रतन श्री राजदरबार सेवा समिति के सौजन्य से रुड़की रोड(रामरतन कॉलोनी) पर आयोजित किया गया। सत्संग में पूज्य संत गौरवानंद जी के साथ गुरुपूजन उपरांत शोभा यात्रा का फीता काटकर तथा नारियल तोड़कर शुभारंभ किया । साध्वी सुदेश देवी जी के सानिध्य में इस अवसर पर जिंप अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल, जिला पंचायत सदस्य डा.विपिन त्यागी, अमित रावल , मनोज लोहड्डा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे ।
हमें युद्ध नहीं, विश्व शांति चाहिए
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। पश्चिम एशिया (ईरान-अमेरिका संघर्ष) में छिड़ी भीषण जंग और उससे उपजे वैश्विक संकट के विरोध में शनिवार को जनपद मुजफ्फरनगर में अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। शांति सेना से जुड़ी सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं ने चूल्हा-चैका छोड़कर कचहरी परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं के हाथों में शांति के संदेश थे और जुबां पर एक ही नारा था युद्ध नहीं, शांति चाहिए। इस प्रदर्शन के जरिए महिलाओं ने वैश्विक नेताओं से युद्ध रोककर निर्दाेष नागरिकों की जान बचाने की गुहार लगाई है। एडवोकेट मनेश गुप्ता ने भावुक संबोधन में कहा कि युद्ध में अमीर या शक्तिशाली लोग नहीं मरते, बल्कि गरीब जनता मारी जाती है। इस हिंसा में कई माताओं-बहनों का सुहाग उजड़ जाता है और बच्चे अनाथ हो जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज शक्तिशाली राष्ट्र पूंजीवाद के प्रभाव में कमजोर देशों के संसाधनों को हड़पने के लिए आक्रामक रुख अपना रहे हैं, जिससे पूरी दुनिया में अस्थिरता और महंगाई बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हजारों निर्दाेष नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं। युद्ध में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और अस्पतालों जैसे संवेदनशील संस्थानों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है। शांति सेना और प्रदर्शनकारी महिलाओं ने युद्ध में मारे गए बच्चों और आम नागरिकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और अपनी गहरी संवेदना प्रकट की। संगठन ने मांग की कि भारत सरकार अपनी पुरानी विदेश नीति की तरह तटस्थ रुख अपनाते हुए वैश्विक शांति स्थापित करने में दुनिया का नेतृत्व करे। महिलाओं ने चिंता जताई कि इस युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर असुरक्षा का माहौल है और इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर महंगाई के रूप में पड़ रहा है। इस प्रदर्शन में भारी संख्या में ग्रामीण महिलाओं की मौजूदगी ने यह संदेश दे दिया है कि युद्ध की आग भले ही सात समंदर पार लगी हो, लेकिन उसका दर्द मुजफ्फरनगर की गलियों तक महसूस किया जा रहा है।
स्कूल चलो अभियान का लाइव सेशन दिखाया
बुढ़ाना। प्राथमिक विद्यालय हुसैनपुरकला विकास क्षेत्र बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर में शासन के आदेश के अनुपालन में विद्यालय में उपस्थित सभी बच्चों को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित किया गया स्कूल चलो अभियान का लाइव सेशन बच्चों को दिखाया गया। प्राथमिक विद्यालय हुसैनपुर कला विकास क्षेत्र बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर में शासन के आदेश के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री संदीप कुमार जी व खंड शिक्षा अधिकारी महोदया श्रीमती किरण यादव जी के नेतृत्व में विद्यालय में उपस्थित सभी बच्चों को कंपोजिट विद्यालय शिवपुर वाराणसी से माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा संचालित किया गया स्कूल चलो अभियान का लाइव सेशन बच्चों को दिखाया गया।
प्राथमिक विद्यालय से निकली रैली
बुढ़ाना। प्राथमिक विद्यालय हुसैनपुर कला नंबर 1 विकास क्षेत्र बुढाना जिला मुजफ्फरनगर के द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत हुसैनपुर कला में एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। शासन के आदेशानुसार प्राथमिक विद्यालय हुसैनपुर कला नंबर 1 विकास क्षेत्र बुढाना जिला मुजफ्फरनगर के द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती किरण यादव के नेतृत्व में ग्राम पंचायत हुसैनपुर कला में एक विशाल रैली का आयोजन किया गयाॉ जिसमें विद्यालय के समस्त बच्चों समस्त अध्यापक गण उपस्थित रहे। रैली के दौरान ग्राम प्रधान श्रीमती आयशा खान व गांव के सम्मानित गणों का सहयोग प्राप्त हुआ। रैली में सभी ग्रामीण वासियों को अपने तीन से 14 वर्ष तक के बच्चों का नामांकन कराने हेतु जागरूक किया गया। ग्रामीण वासियों को आउट ऑफ स्कूल बच्चों के संबंध में भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों को शासन के द्वारा विद्यालयों को दी जा रही इस विधाओं के के संबंध में भी बताया गया। इस प्रकार से रैली का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
धूमधाम के साथ निकाली भगवान श्री बाला जी की भव्य शोभायात्रा
मीरापुर। बैंड-बाजों से सुसज्जित कस्बे में भगवान बाला जी के जन्मोत्सव पर एक भव्य शोभायात्रा में लगभग दो दर्जन झांकियां शामिल थीं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सैकड़ों भक्तों ने भगवान बाला जी का विशाल रथ खींचा। शोभायात्रा के दौरान फूलों की वर्षा की गई और रंग-गुलाल उड़ाया गया। श्रद्धालुओं ने जय बाला जी के जयकारे लगाए। यह शोभायात्रा बाला जी धाम से शुरू हुई। शोभायात्रा का शुभारंभ बाला जी की पूजा और आरती के साथ किया गया। इसमें मंदिर संचालक संचालक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। शोभायात्रा में ढोल पार्टी शिव-काली तांडव, नाग-नागिन झांकी, दुर्गा माँ, राधा-कृष्ण, अभिमन्यु वध, शिव पार्वती तांडव, बाहुबली हनुमान जी, दक्ष प्रजापति, भगवान परशुराम जी, कृष्ण-सुदामा जी, शिव-अघोरी झांकी, भगवान राम दरबार, माता वैष्णो देवी, भगवान श्री हरि विष्णु, मोरपंख, खाटू श्याम जी और बाला जी दरबार सहित कई मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। यह शोभायात्रा बाला जी धाम से शुरू होकर थावर वाली मस्जिद, वैश्य धर्मशाला, सर्राफा बाजार, मेन बाजार, सराय गेट, जामा मस्जिद और थाने के सामने से होते हुए पुनः बाला जी धाम पर संपन्न हुई। दर्जनों स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा और जलपान कराकर इसका भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा में आतिशबाजी और घोड़ों का नृत्य भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीओ जानसठ रुपाली राव, इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा और इंस्पेक्टर क्राइम सुनील कुमार मिश्रा के साथ मीरापुर, रामराज, जानसठ और ककरौली थाने की भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। व्यवस्था बनाने में राजपाल सुकरालिया, शशिकांत रस्तौगी, सुशील शर्मा, अभिषेक गर्ग, मोहित गर्ग, विजय शर्मा, धर्मेन्द्र कुमार, प्रवीण सुकरालिया, विनीत अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, अमित डागा, कमल गोयल, विनोद सुकरालिया, प्रवीण शर्मा, विकास गोयल, विनीत अग्रवाल, प्रभात शर्मा, छोटू अग्रवाल, मनोज मदान, अश्विनी अग्रवाल, डॉ बलराम गिरी, तुषार ठाकुर, विजेन्द्र निर्वाल, जगमोहन, सचिन पाल, शोभित डागा और संजय माहेश्वरी सहित कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वार्षिक परीक्षा परिणाम हुआ वितरित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। ग्रेन चैंबर पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्री विनोद संगल, सहप्रबंधक डॉ अशोक, उपाध्यक्ष श्री महेश गर्ग, डायरेक्टर डॉ. एम. के. गुप्ताी, प्रधानाचार्य आज़ादवीर , कोर्डिनेटर श्री आशीष त्यागी, हेडमिस्ट्रेस जूनियर विंग श्रीमती ममता चैहान एवं काउंसलर श्रीमती कंचन सोनी व समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। वार्षिक परीक्षा के परिणाम पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। बालवाटिका -1 राधिका सिंघल ने प्रथम, पर्णिका शर्मा द्वितीय व काशवी गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालवाटिका -2 आरुष कलसन ने प्रथम, हरगुन त्यागी द्वितीय, अनाया तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालवाटिका -3 से अहान चंचल प्रथम, अनाया द्वितीय व वेदांश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा प्रथम में अयान अग्रवाल प्रथम, रूहुल अमीन द्वितीय व अनिमा शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा द्वितीय में प्रथम अराध्या, दिव्यांश दत्ता शर्मा द्वितीय व नमन ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा तृतीय में सान्वी अग्रवाल प्रथम, आरोही शर्मा द्वितीय व तनव गुप्ता तृतीय, कक्षा चार में धरा वेदांशी प्रथम, प्रार्थना गुप्ता द्वितीय व रुद्र गर्ग ने तृतीय स्थान, कक्षा पाँच में अनिका यादव प्रथम समृद्धि सिंघल द्वितीय, व क्षितिज गुप्ता तृतीय, कक्षा छह में वेदांशी प्रथम, जीविधा द्वितीय व अनिका ने तृतीय स्थान, कक्षा सात में अभय बालियान प्रथम, नव्या द्वितीय, रिद्धिमा मिश्रा ने तृतीय, कक्षा आठ में कनिका प्रथम, दीया द्वितीय व आराध्या श्रीवास्तव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 9 मे भारती मलिक ने प्रथम, अहम डागर ने द्वितीय एवं प्रत्यूषा शुक्ला ने तृतीय स्थान कक्षा 11 मे नितिन हिरणवाल ने प्रथम, सिद्धांत जैन ने द्वितीय एवं भावेश तेजियान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्य विद्यार्थियों का परीक्षाफल भी उत्साहवर्धक रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य आजाद वीर एवं हेडमिस्ट्रेस ममता चैहान ने सभी छात्र -छात्राओं एवं उनके माता-पिता को परीक्षा परिणाम के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई देते हुए सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


