वैश्विक

110 किमी/घंटे की रफ्तार से गुजरी ट्रेन तो भरभराकर गिर गया चांदनी रेलवे स्टेशन, मात्र 14 साल पहले बना है

बुरहानपुर जिले में स्थित चांदनी रेलवे स्टेशन में बुधवार को कुछ ऐसा हुआ जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। यहां तेज रफ्तार से चल रही पुष्पक एक्सप्रेस के स्टेशन से गुजरने पर कंपन की वजह से रेलवे स्टेशन भरभराकर गिर गया। ट्रेन करीब 110 किमी/घंटे की रफ्तार से गुजरी जिसके चलते स्टेशन के भवन के सामने का हिस्सा ढह गया।

‘दैनिक भास्कर’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब 4 बजे नेपानगर से करीब पांच किमी दूर चांदनी रेलवे स्टेशन से तेज गति से पुष्पक एक्सप्रेस गुजर रही थी। इस दौरान स्टेशन भवन की दीवारों में कंपन होने लगा और देखते ही देखते स्टेशन भवन के सामने का हिस्सा गिर गया। गनीमत रही कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। पुष्पक एक्सप्रेस की रफ्तार करीब 110 किमी/घंटे थी, आमतौर पर रोजाना ट्रेन इसी रफ्तार से गुजरती है।

रिपोर्ट के मुताबिक जैसे ही ट्रेन स्टेशन से गुजरी कंपन इतना तेज था कि स्टेशन अधीक्षक कक्ष की खिड़कियों के कांच फूट गए। बोर्ड टूटकर नीचे गिर गए। मलबा प्लेटफाॅर्म पर बिखर गया। मौके पर तैनात एएसएम प्रदीप कुमार पवार ट्रेन को हरी झंडी दिखाने बाहर निकले। तभी पीछे भवन भरभराकर गिर गया।

घटना के दौरान पुष्पक एक्सप्रेस 1 घंटे तक खड़ी रही। इसके अलावा, अन्य गाड़ियां करीब 30 मिनट तक प्रभावित हुईं। चौंकने वाली बात यह है कि यह स्टेशन मात्र 14 साल पहले बना है। चांदनी रेलवे स्टेशन मुंबई-दिल्ली रेलवे का सबसे व्यस्ततम मार्ग है। हादसे के बाद शाम करीब 6 बजे तक चार ट्रेनों को आउटर पर रोका गया। धीरे-धीरे एक-एक ट्रेन को निकाला गया।

भुसावल डीआरएम विवेक कुमार गुप्ता के मुताबिक चांदनी स्टेशन के भवन के एक हिस्से का छज्जा टूटा है, जिसे रिपेयर कर लिया जाएगा। जांच के लिए टीम मौके पर पहुंची है। सभी ट्रेनें नियमित चला रहे हैं। ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5917 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

10 − nine =