समाचार (Muzaffarnagar News)
कार सवार पांच लोग हादसे में घायल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)जनपद में पानीपत-खटीमा मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसा तितावी थाना क्षेत्र के अमीरनगर अंडरपास के पास हुआ। जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के राजेंद्र नगर निवासी एक परिवार ऋषिकेश से दिल्ली लौट रहा था। कार में दो महिलाएं और तीन पुरुष सवार थे। जैसे ही वाहन अमीरनगर अंडरपास के पास पहुंचा, तभी अचानक कार चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे नीचे खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार मौके पर ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर तितावी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया।
हादसे में कार चालक वंश के अलावा उसकी बहन वंशी, अविरल, प्रेरणा और रोहन घायल हो गए हैं। इनमें वंश और वंशी की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ना या टायर फटना संभावित कारण माने जा रहे हैं। सीओ फुगाना यतेंद्र सिंह नागर ने बताया कि प्राथमिक जांच में टायर फटने से हादसा होने की आशंका है। घायलों का इलाज जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
युवक का शव मिला
रोहाना। दिन निकलते ही युवक का शव मिलने से हड़कम्प मच गया। सूचना पाकर मौके पपर पहुंची पुलिसस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया। थाना शहर कोतवाली के अंतर्गत रोहाना चैकी क्षेत्र के रोहाना-छपार मार्ग रजवाहे की पुलिया के पास दिन निकलते ही एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई तो वही सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मोर्चरी के लिए भेज दिया है।यहाँ सूचना मिलते ही शहर कोतवाल ब्रिजेश कुमार शर्मा फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे और आसपास के लोगो से जानकारी कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है उधर पास में ही शराब की दुकान पर लगे कैमरो को खंगाला जा रहा है। तो वहीं रोहाना चैकी प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह को रोहाना-छपार मार्ग स्थित रजवाहे की पुलिया के समीप एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी जिसके बाद मौके पर पहुँचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है उसकी जेब की तलाशी के दौरान आधार कार्ड मिला जिसके चलते मृतक के परिजनों को भी घटना से अवगत कराया गया है मृतक की पहचान पंकज पुत्र उमेश कुमार निवासी चरथावल के रूप में हुई है। ।
सांसद व विधायक ने सुनी जनसमस्याएं
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) सपा सांसद हरेन्द्र मलिक और चरथावल विधायक पंकज मलिक ने सोमवार को अपने प्रेमपुरी स्थित आवास पर क्षेत्र से आए लोगों से मुलाकात करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और विस्तृत वार्ता की। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न जनसमस्याएं उनके समक्ष रखीं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता की और कई मामलों में तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। वहीं कुछ मामलों में मौके पर ही समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कराई गई।
इस दौरान सांसद हरेन्द्र मलिक ने कहा कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए लगातार लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है और आगे भी यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा। वहीं विधायक पंकज मलिक ने भी लोगों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और आमजन की आवाज को प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। सांसद हरेंद्र मलिक और विधायक पंकज मलिक विपक्ष में रहते हुए लगातार लोगों के बीच उनके दुख दर्द में शामिल होने के साथ उनकी समस्याओं के निदान के लिए प्रयासरत रहते हैं। यही कारण है कि रविवार और छुट्टी के दिन उनके आवास पर लोगों की भीड़ आसानी से देखी जा सकती है।
आस्था का उमडा तीर्थनगरी में सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य डुबकी
शुकतीर्थ। पौराणिक तीर्थस्थल शुकतीर्थ में गंगा दशहरा के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। ब्रह्म मुहूर्त से शुरू हुए मुख्य स्नान के दौरान श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और राष्ट्र कल्याण की कामना की। महिलाओं ने प्राचीन अक्षय वट पर मनोकामना के धागे बांधे, जबकि संत विभूति स्वामी कल्याणदेव महाराज की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर स्वामी ओमानंद महाराज ने गंगा को भारत की अमूल्य धरोहर बताते हुए उसके संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।सोमवार की सुबह श्रद्धालुओं ने गंगा मे स्नान किया। श्रद्धालुओं ने गंगा घाट पर पुरोहितो से अनुष्ठान संपन्न कराया तो वहीं बच्चों का मुण्डन आदि कराया गया। यहां श्रद्धालुओं ने धर्मनगरी में स्थित विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना की तथा दान कर भण्डारे का आयोजन भी किया उधर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिये भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पौराणिक तीर्थ शुकतीर्थ में सोमवार की सुबह बड़ी संख्या मे श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान कर धर्म लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे, जय-जय मां गंगे के जयघोष के साथ माँ गंगा की पूजा अर्चना की तथा अन्न, वस्त्र आदि का दान किया। यहां श्रद्धालुओं द्वारा तीर्थ के प्रसिद्ध शुकदेव आश्रम में प्राचीन वट वृक्ष की परिक्रमा कर मनोकामना सिद्धि के लिये धागे बांधे तथा दिव्य तोते के जोड़े के दर्शन भी किये। तो वहीं श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर अजर अमर हुए वट वृक्ष की बड़ी महत्ता को जाना इसी वट वृक्ष के नीचे शुकदेव मुनि ने राजा परीक्षित को श्रीमद्भगवत कथा सुनाई थी।
श्रद्धालुओं ने शुकदेव मन्दिर के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया इसके अलावा हनुमत धाम, गणेश धाम, पूर्णागिरि आश्रम, शिव धाम, दुर्गा धाम, पीताम्बरा धाम, तिलकधारी आश्रम, माहेश्वर आश्रम, शनि धाम, दण्डी आश्रम,गौड़ीय मठ,महाशक्ति सिद्ध पीठ आदि आश्रमों में श्रद्धालुओं ने मन्दिरों के दर्शन कर साधु संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। स्नान के दौरान कोई अप्रिय घटना न घटे इसके लिए गंगा मे पीएसी बल तैनात किया गया है पीएसी बल मोटरबोट के साथ तैनात रहा तथा श्रद्धालुओं को गहरे पानी में स्नान न करने की सलाह भी दी गयी। एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि गंगा स्नान मेले को लेकर पुलिस सुरक्षा रहेगी चाक चैबन्द। यहां महिला श्रद्धालु राधा माता,देव्यानी शर्मा,प्रियांशु अग्रवाल, सुषमा ने गंगा घाट पर महिलाओं के लिए अलग से स्नान घाट तथा सुरक्षित रूप से अलग महिला वस्त्र परिवर्तनशाला की मांग करते हुए कहा की गंगा घाट पर जहां महिलाएं कपड़े बदलती है वहां कोई भी फूल प्रसाद बेचने वाला ना बैठे तथा वस्त्र परिवर्तनशालाओं को स्वच्छ तथा आधुनिक बनाया जाए इसके अलावा गंगा में फैली गंदगी को भी मेले से पूर्व साफ कराया जाए श्रद्धालुओं ने अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष जाहिर किया ।
सूरज की आग से नागरिक हलकान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)सूरज के उगलती आग से अभी राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। भीषण गर्मी और हीट वेव ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज हो रही है जिसके बाद न्यूनतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को राहत देने के बजाय और ज्यादा परेशान किया। दोपहर के समय सड़कों पर ऐसा सन्नाटा दिखाई दिया मानो मिनी कफ्र्यू जैसा माहौल हो। भीषण गर्मी का असर शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त इलाकों में साफ तौर पर देखने को मिला। आम दिनों में लोगों और वाहनों से गुलजार रहने वाला भगत सिंह रोड लगभग खाली दिखाई दिया। वहीं शिव चैक, झांसी की रानी चैक, एसडी कॉलेज मार्केट इलाका, रुड़की रोड और मेरठ रोड समेत शहर के अन्य बाजारों में भी भीड़ बेहद कम नजर आई।
तेज धूप और लू से बचने के लिए लोग पूरी तरह से सतर्क दिखाई दिए। कोई चेहरे पर साफा बांधकर निकला तो कोई मास्क और सूती कपड़ों का सहारा लेता नजर आया। वहीं आंखों को धूप से बचाने के लिए गॉगल्स का इस्तेमाल भी बड़ी संख्या में किया जा रहा है। कई लोग दोपहिया वाहनों पर निकलते समय खुद को पूरी तरह कपड़ों से ढककर सफर करते दिखाई दिए। गर्मी का असर सिर्फ बाजारों तक सीमित नहीं है, बल्कि अस्पतालों में भी डिहाइड्रेशन, चक्कर आने और हीट स्ट्रोक जैसे मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। डॉक्टर लगातार लोगों को धूप में कम निकलने, अधिक पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दे रहे हैं। ऐसे में गर्मी से बचाव हेतु लोग गन्ने का रस, बेल का शर्बत आदि का सहारा ले रहे है तथा सुबह शाम ही अधिक निकलने का प्रयास कर रहे है।
पशु चोरी करने वाले शातिरों को दबोचा
छपार। अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन मेरठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ0 रविशंकर व थानाध्यक्ष छपार मोहित कुमार के कुशल नेतृत्व में थाना छपार पुलिस द्वारा की गयी कार्यवाही। उल्लेखनीय है कि 24 मई को वादी लखन सिंह निवासी मौहल्ला बडा कुंआ ग्राम बरला थाना छपार, मुजफ्फरनगर द्वारा थाना छपार पर लिखित तहरीर देकर अवगत कराया कि अज्ञात चोरों के द्वारा उनकी 01 भैंस व 01 कटडा को चोरी कर लिया गया है। वादी से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना छपार पुलिस द्वारा मु0अ0सं0- 107/2026 दारा 303(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया तथा अभियुक्तगण की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आज दिनांक 25.05.2026 को मात्र 24 घंटे में उक्त चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए 03 चोर अभियुक्तगण को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगण के कब्जे से से 01 भैंस, 01 कटडा व चोरी की घटना में प्रयुक्त 01 छोटा हाथी पिकअप ट्रक बरामद किया गया। अभियुक्तगण की गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में थाना छपार पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त रविश पुत्र साधूराम निवासी ग्राम बरला थाना छपार,अनिकेत पुत्र ओमवीर निवासी ग्राम बरला थाना छपार, दीपक पुत्र राकेश निवासी ग्राम बरला थाना छपार। प्रारम्भिक पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तगण द्वारा बताया गया कि हमारे पास से बरामद भैंस व कटडा को उनके द्वारा दिनांक 24.05.2026 को ग्राम बरला से ही चोरी किया गया था। आज हम चोरी की गयी भैंस व कटडा को बेचने के इरादे से जा रहे थे कि पुलिस द्वारा हमें पकड लिया गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मोहित कुमार, उ.नि. शिव कुमार, तूफान सिंह, है. का. राधेश्याम, का. सुनील कुमार, प्रताप सिंह थाना छपार शामिल रहे।
मोटापा विभिन्न समस्याओं का कारण
मुजफ्फरनगर। मोटापा अनेक घातक रोगों जैसे कि पेट के रोग ,मधुमेह, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप का रोग, पैरों के रोग, सांस फूलना, अल्सर ,कमर दर्द ,घुटनों के दर्द, महिलाओं में मासिक धर्म के रोग व बांझपन का रोग आदि को जन्म देता है। उक्त विचार मुख्य अतिथि एवं भारतीय योग संस्थान के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तथा जनपद प्रभारी योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर स्कूल मुजफ्फरनगर में पांच दिवसीय मोटापा रोग निवारण शिविर में व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि भारत में मोटापा बहुत तेजी से बढ़ रहा है ।इसका मुख्य कारण अपच, बार-बार भोजन करने से मांसपेशियों व कोशिकाओं में अतिरिक्त कच्चा माल जमा होना,आराम प्रस्त जीवन, ऊर्जा का कम व्यय, परिश्रम रहित जीवन ,भूख को शांत करने के स्थान पर स्वाद के लिए खाना, पैतृक कारण, व गरिष्ठ भोजन तथा योगाभ्यास का न करना आदि है। उन्होंने बताया कि शरीर का वजन सामान्य से अधिक होना अर्थात ऊंचाई के हिसाब से वजन का अधिक होना मोटापा है। मोटापा अनेक घातक रोगों की जननी है। उन्होंने संस्थान का परिचय देते हुए बताया कि संस्थान की स्थापना 10 अप्रैल 1967 को हुई थी जिसका मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन तथा मानव कल्याण है ।इसके उद्देश्य की पूर्ति के लिए संस्थान ने योग को माध्यम चुना है। आज भारत ही नहीं वरन विदेश में भी संस्थान की लगभग 4500 से अधिक निशुल्क योग कक्षाएं निरंतर संचालित हो रही है। संस्थान सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामया ,की विचारधारा को लेकर कार्य कर रहा है।
सर्वप्रथम केंद्र प्रमुख कविंद्र बालियान ने ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र से योग साधना प्रारंभ करवाई। सूक्ष्म क्रियाएं क्षेत्रीय प्रधान नीरज बंसल ने करवाई। ताड़ासन, त्रिकोणासन ,नौका संचालन आसन जिला मंत्री राजीव रघुवंशी ने, वज्रासन अर्द्ध उष्ट्रासन केंद्र प्रमुख राकेश गोयल ने,लुढकन सर्पासन ,नितम्ब लुढकन आसन क्षेत्रीय मंत्री रामपाल शर्मा ने,पाद चक्रासन, बालक्रीड़ा आसन, श्वासन आचार्य रामकिशन सुमन ने ,गहरे लंबे श्वास और कपालभाति प्राणायाम तथा ध्यान जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर में करवाया। हास्य आसन जिला संगठन मंत्री डॉक्टर अमित कुमार ने करवाया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न क्षेत्रों से काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने मोटापा रोग निवारण शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ उठाने का आवाहन किया। वैदिक प्रार्थना और शांति पाठ डॉक्टर जीत सिंह तोमर ने करवाई।
डीएम-एसएसपी ने निरीक्षण कर दिये दिशा निर्देश
भोपा। थानाक्षेत्र भोपा के शुक्रताल स्थित गंगादशहरा मेले को सकुशल सम्पन्न कराने, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर द्वारा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारीगण के साथ मेला स्थल का भौतिक निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । श्रद्धालुओं से की गयी अपील ।
थानाक्षेत्र भोपा के पवित्र तीर्थस्थल शुक्रताल में आयोजित गंगादशहरा मेले को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारीगण के साथ मेला क्षेत्र का विस्तृत भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा मेला परिसर, मुख्य स्नान घाटों, पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग व्यवस्था, यातायात संचालन, खोया-पाया केन्द्र, सीसीटीवी निगरानी, मेडिकल सहायता केन्द्र, फायर सेफ्टी व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही के मार्गों का गहनता से निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा यह सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चैबंद रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके अतिरिक्त महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु महिला पुलिस कर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अपील की गयी कि सभी श्रद्धालु प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, गहरे पानी में जाने से बचें, बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की आपातकालीन अथवा संदिग्ध स्थिति दिखाई देने पर तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी अथवा प्रशासनिक अधिकारी को सूचित करें। साथ ही श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित न करने की भी अपील की गयी। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मेला अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए ताकि गंगादशहरा मेला सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री महादिक अक्षय संजय सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।
ज्येष्ठ गंगा दशहरा के अवसर पर शिकंजी वितरित की
मुजफ्फरनगर। व्यापारियों की आवाज व्यापार मंडल की सदर बाजार इकाई के द्वारा ज्येष्ठ गंगा दशहरा के अवसर पर शिकंजी वितरित की गई ।
सदर बाजार इकाई के अध्यक्ष आकाश अग्रवाल ओर कोषाध्यक्ष देवेश गर्ग ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि ज्येष्ठ गंगा दशहरा के पावन पर्व पर इस भीषण गर्मी में सदर बाजार के व्यापारियों के द्वारा शिकंजी का वितरण किया गया जिसमें हजारों व्यक्तियों ने ठंडी शिकंजी से प्यास बुझाकर गर्मी से निजात पाई
छबील का प्रारंभ नीम करौली बाबा जी महाराज के आशीर्वाद से जिलाध्यक्ष शलभ गुप्ता जी ओर जिला महामंत्री जनार्दन विश्वकर्मा जी के द्वारा किया गया। जिलाध्यक्ष शलभ गुप्ता ने कहां की बाबा नीम करौली जी महाराज के आशीर्वाद से व्यापारियों की आवाज व्यापार मंडल जन समस्याओं के साथ साथ जन हित के कार्य भी लगातार करता रहता है चाहे न्यू मंडी में मीठे चावल बटना,शनि धाम इकाई के द्वारा कड़ी चावल का प्रसाद वितरण ,रुड़की रोड इकाई के द्वारा जल सेवा आदि जैसे पुनीत कार्य लगातार किए जाते है जिससे जनता में एक आपस में पारस्परिक जुड़ाव होता है जब सेवा की जाती है तो निष्काम भाव से किसी धर्म का भेद न करते हुए हर धर्म के व्यक्ति को सम्मान पूर्वक सेवा करना अत्यंत परोपकारी कार्य है आज की इस पुनीत ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर सदर बाजार के व्यापारियों द्वारा जो शिकंजी की व्यवस्था की गई है अत्यंत शानदार है इस पुनीत कार्य के लिए में उन्हें बहुत बहुत बधाई देता हु और आगे भी ये ऐसे ही निष्काम भाव से सेवा करते रहे ईश्वर से ये प्रार्थना करता हु!
मुख्य रूप से सेवादार व्यापारी जिलाध्यक्ष शलभ गुप्ता जिला महामंत्री जनार्दन विश्वकर्मा ,आकाश अग्रवाल इकाई अध्यक्ष,अक्षित अग्रवाल, देवेश गर्ग कोषाध्यक्ष,अंकुर गुप्तल इकाई महामंत्री,परवीन तायल इकाई प्रभारी,सर्वेश तायल मीडिया प्रभारी,रजनीश बंसल उपाध्यक्ष,उमंग बंसल,अतुल सिंहल,,हरेंद्र मालिक उपाध्यक्ष,संदीप जैन सचिव,नीरज सिंघल मेडिकल वाले सचिव,हरविंदर शर्मा सदस्य,रमित मित्तल सचिव आदि व्यापारीगण मौजूद रहे !
जाम के झाम से नागरिक परेशान
मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले व्यस्ततम बकरा मार्केट से लेकर हनुमान चैक भीषण जाम के चलते चिलचिलाती गर्मी और उमस के बीच राहगीरों, महिलाओं, बच्चों और वाहन चालकों को गर्मी में खडे रहना पडा। त्योहार के मद्देनजर बाजारों में उमड़ी भीड़ और मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ फैले अवैध अतिक्रमण ने पूरे रूट की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस जाम का मुख्य कारण सड़क के दोनों ओर फैला अनियंत्रित अतिक्रमण और अवैध रूप से वाहनों का खड़ा होना रहा। आगामी बकरा ईद के त्योहार को देखते हुए बकरा मार्केट में व्यापारियों ने सड़क किनारे ही बकरों की बिक्री के चलते खरीदारों की भीड़ मुख्य मार्ग पर आ गई।
कूलिंग के लिए 9 सब स्टेशनों पर लगाए कूलर-पंखे
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की खपत रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गई है। इससे ट्रांसफार्मरों और अन्य बिजली मशीनरी पर दबाव बढ़ गया है। बिजली विभाग ने फॉल्ट और ब्रेकडाउन से बचने के लिए विशेष उपाय शुरू कर दिए हैं।
विभाग ने जिले के कई प्रमुख सब स्टेशनों पर लगे पावर ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए कूलर, पंखे और अतिरिक्त प्रोटेक्शन सिस्टम स्थापित किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यदि गर्मी और लोड बढ़ता है, तो ट्रांसफार्मरों पर पानी के फव्वारे भी चलाए जाएँगे ताकि मशीनरी को ओवरहीटिंग से बचाया जा सके। वर्तमान में जिले में बिजली की मांग सामान्य दिनों की तुलना में लगभग डेढ़ गुना बढ़ गई है। एसी, कूलर और अन्य उपकरणों के बढ़ते उपयोग से विद्युत सब स्टेशनों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है। विभाग ने उन बिजलीघरों को प्राथमिकता दी है जहाँ सबसे अधिक लोड दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल, जिले के 19 में से 9 सब स्टेशनों पर विशेष कूलिंग व्यवस्था लागू की गई है। हाल के दिनों में बिजली कटौती और फॉल्ट को लेकर जनता में नाराज़गी देखी गई थी। कई इलाकों में लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किए थे। इसे देखते हुए विभाग अब किसी बड़े ब्रेकडाउन से बचने के लिए सतर्कता बरत रहा है। अधीक्षक अभियंता मनोज कुमार यादव ने बताया कि गर्मी के कारण ट्रांसफार्मरों का तापमान बढ़ना स्वाभाविक है, इसलिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले के सभी ट्रांसफार्मर अभी सुरक्षित स्थिति में हैं और आवश्यकतानुसार आगे भी अतिरिक्त उपाय किए जाएँगे।
विद्युत पोल में लगी आग
मुजफ्फरनगर। शहर की रुड़की रोड स्थित इलाके में देर रात विद्युत तारों और केबिलों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई विद्युत पोल और केबिल इसकी चपेट में आ गए, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज गर्मी और बिजली गुल होने के कारण लोग परेशान होकर घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय निवासियों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और कुछ ही देर में पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया। सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। हालांकि आग की वजह से कई केबिल पूरी तरह जल चुके थे, जिसके चलते आपूर्ति बहाल करने में काफी समय लगा। पूरी रात क्षेत्रवासियों को भीषण गर्मी और बिजली कटौती की दोहरी मार झेलनी पड़ी। सुबह तक प्रयासों के बाद बिजली आपूर्ति को आंशिक रूप से बहाल किया गया, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जर्जर तार और लगातार बढ़ते लोड के कारण ऐसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से राहत मिल सके।
राष्ट्र चेतना मंच की बैठक सम्पन्न
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)राष्ट्र चेतना मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक में संगठन का विस्तार कर पदाधिकारियों के नाम की घोषणा की।
राष्ट्र जन चेतना मंच की एक बैठक हरि प्लाजा स्थित धीरज गर्ग के प्रतिष्ठान पर आयोजित हुई। जिसमे नई कार्यकारिणी का विस्तार हुआ। तथा संगठन द्वारा किये जा रहे कार्यो के विषय मे ठीक से समझाया गया। इस दौरान राष्ट्र जन चेतना मंच के अध्यक्ष विकास अग्राल एवं प्रदेश संगठन मंत्री/कोषाध्यक्ष कपिल कुमार गुप्ता एड.,महांमत्री मनीश बंसल ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए मित गोयल को जिला उपाध्यक्ष, भूपेन्द्र प्रजापति को जिला उपाध्यक्ष, अनमोल जिंदल को जिला मंत्री, धीरज गर्ग को जिला मंत्री एवं गोपाल नामदेव को नगर मंत्री पद की जिम्मेदारी से सुशोभित किया। मंडल प्रभारी सुरेन्द्र मित्तल ने पटक पहनाकर सभी नव पदाधिकारियों का अभिनंदन किया।
गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) गौ-रक्षा के मुद्दे पर मुजफ्फरनगर की सियासत गरमा गई है। सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करते हुए गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश सचिव एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष अब्दुल्ला आरिफ के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन भेजा। मीनाक्षी चैक से शुरू हुआ कांग्रेस का जुलूस नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करो, दोहरा चरित्र नहीं चलेगा, ष्के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लिया। पुलिस ने एहतियातन भारी फोर्स तैनात की थी। ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत में अब्दुल्ला आरिफ ने केंद्र और यूपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का फर्क है। अब्दुल्ला आरिफ ने कहा कि गौ माता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देना करोड़ों देशवासियों की आस्था से जुड़ा है। भाजपा अगर सच में गौ-भक्त है, अगर सच में हिंदुओं की भावनाओं का सम्मान करती है तो तुरंत संसद में बिल लाकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करे। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष मोबीन राजपूत, जिलाध्यक्ष आकाश त्यागी, नगर अध्यक्ष फैसल कुरेशी, एडवोकेट मुनव्वर, डॉ. अरशद राजपूत, शहर अध्यक्ष आमिर सैफी, अल्पसंख्यक कांग्रेस जिलाध्यक्ष हातिम जफर महमूद, नरेश भारती, मुकुल शर्मा, हरदीप सिंह, शहर सचिव अनस मलिक, प्रवक्ता शाहबाज़ सैफी, हरमन पाल, हैदर राजपूत, शाहिल राजपूत, साजिद राजपूत, नदीम कस्सर, राशिद बलियान, विनोद दीवान, प्रिंस बलियान, अधिवक्ता राशि बलियान समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
चरथावल पुलिस ने आॅपरेशन मुस्कान के तहत 5 घंटे में खोजीं दो लापता बच्चियां
चरथावल। थाना क्षेत्र से लापता हुई दो नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने महज पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की सराहना की। जानकारी के अनुसार कस्बा चरथावल की एक कॉलोनी निवासी युवक की दो नाबालिग बेटियां 24 मई को अपनी मां द्वारा डांट-फटकार और मारपीट किए जाने के बाद घर छोड़कर चली गई थीं। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना चरथावल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना चरथावल पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत विशेष टीम गठित कर बच्चियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों, सर्विलांस और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से खोजबीन की और मात्र पांच घंटे के भीतर दोनों बच्चियों को सुजडू क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंसार उल हक हाशमी, कांस्टेबल तेजेंद्र धामा और महिला कांस्टेबल रवीना की टीम ने इस सराहनीय कार्य को अंजाम दिया। बरामदगी के बाद बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने बच्चियों को सुरक्षित वापस पाने पर चरथावल पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की।


