वैश्विक

तीन जून तक अगर किसानों के खाते में गेंहू के पैसे नहीं आए तो किसान मंडी के सभी गेटों पर ताले लगाएंगे

 जींद जिले स्थित खटकड़ टोल पर महीनों से कृषि कानूनों के खिलाफ धरना दे रहे किसानों ने शनिवार को सरकार को चेतावनी दी कि अगर किसानों से खरीदे गए गेंहू का भुगतान तीन जून तक नहीं किया जाता, तो वे मंडियों के गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के जिलाध्यक्ष आजाद पालवां व किसान नेता सतबीर पहलवान ने कहा कि गेंहू खरीद का सत्र शुरू हुए दो महीने बीत चुके हैं लेकिन अब तक कई किसानों के खाते में उनकी राशि नहीं आई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गेहूं बेचने के 72 घंटे में भुगतान करने के दावे किए गए थे। किसान नेतााओं ने कहा कि तीन जून तक अगर किसानों के खाते में गेंहू के पैसे नहीं आए तो किसान मंडी के सभी गेटों पर ताले लगाएंगे।

उन्होंने कहा कि हिसार के आयुक्त ने दावा किया था कि किसानों के साथ हुई बैठक में भरोसा दिया गया था कि सरकारी कार्यक्रम का विरोध किसान नहीं करेंगे जो पूरी तरह से गलत है। ऐसे कोई समझौता किसानों के साथ हुई बैठक में नहीं हुआ था। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि हिसार के आयुक्त आंदोलन कमजोर करने के लिए सरकार के इशारे पर ऐसा बयान दे रहे हैं।

संयुक्त किसान मोर्चो ने शनिवार को कहा कि किसान पांच जून को भाजपा सांसदों और विधायकों के कार्यालयों के सामने कृषि कानूनों की प्रतियां जलाकर ‘संपूर्ण क्रांति दिवस’ मनाएंगे। पिछले साल इसी दिन अध्यादेश लागू किए गए थे। अध्यादेश लागू होने के बाद पिछले साल सितंबर में संसद में तीनों कानून पारित किए गए और बाद में राष्ट्रपति ने इसपर मंजूरी दे दी।

केंद्र के तीनों कानूनों को वापस लिए जाने और अपनी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी की मांग को लेकर हजारों किसान पिछले साल नवंबर से ही दिल्ली की सीमाओं पर डटे हुए हैं। प्रदर्शन में शामिल 40 से ज्यादा किसान संगठनों का नेतृत्व कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि ‘‘पांच जून 1974 को जयप्रकाश नारायण ने संपूर्ण क्रांति की घोषणा की थी और तत्कालीन केंद्र सरकार के खिलाफ जन आंदोलन शुरू किया था। पिछले साल सरकार ने पांच जून को ही अध्यादेश के तौर पर किसान विरोधी कानूनों को प्रस्तुत किया था।’’

 

किसान संगठन ने कहा, ‘‘संयुक्त किसान मोर्चा ने पांच जून को देशभर में संपूर्ण क्रांति दिवस मनाने का फैसला किया है। हम नागरिकों से भाजपा सांसदों, विधायकों और प्रतिनिधियों के कार्यालयों के सामने तीनों कृषि कानूनों की प्रतियां जलाने की अपील करते हैं। इसे जन आंदोलन बनाया जाए और सरकार को कृषि कानून वापस लेने के लिए मजबूर किया जाए।’’

 

प्रदर्शनकारी किसानों ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी और कृषि, किसानों और गांवों के विकास में उनके योगदान को याद किया। संयुक्त किसान मोर्चा के मुताबिक पंजाब के दोआबा से किसानों का एक बड़ा जत्था शनिवार को सिंघू बॉर्डर पर पहुंचा है और आगामी दिनों में कई और किसानों के आंदोलन से जुड़ने की संभावना है।

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eight + one =