News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

 पुस्तक मेला एवं कौशल विकास प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजनMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।पुलिस परिवार के कल्याणार्थ संचालित वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में पुस्तक मेला एवं कौशल विकास प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  रिजर्व पुलिस लाईन में शिव मन्दिर प्रांगण स्थित बहुउद्देशीय हाल में बुक फेयर एवं कौशल विकास पाठ्यक्रमों की प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वामा सारथी अध्यक्ष डॉ० नीलम राय, धर्मपत्नी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर तथा वामा सारथी नोडल अधिकारी पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इंदु सिद्धार्थ के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस परिवार के बच्चों, पुलिसकर्मियों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक श्री उदल सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण तथा पुलिस परिवार के बच्चे/सदस्यगण उपस्थित रहे।  बुक फेयर के दौरान बच्चों को विभिन्न प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक पुस्तकों के बारे में जानकारी दी गई। छोटे एवं बड़े सभी बच्चों ने नई-नई किताबों को देखा, पढ़ा तथा उनके विषय में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की रुचि विकसित करना, रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा उन्हें स्टार्टअप एवं नवाचार से संबंधित जानकारी प्रदान करना था। इस अवसर पर पुलिस लाइन के बच्चों एवं पुलिस लाइन लाइब्रेरी में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में लगभग 400 लोगों द्वारा प्रतिभाग किया गया तथा बच्चों द्वारा अपनी रूचिनुसार पुस्तकों को भी खरीदा गया। इसके अतिरिक्त वामा सारथी कौशल विकास कार्यक्रम के अन्तर्गत संचालित सिलाई एवं ब्यूटीशियन कोर्स की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में पुलिस परिवार की महिलाओं द्वारा प्रशिक्षण के दौरान तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के वस्त्रों एवं हस्तनिर्मित सामग्री का प्रदर्शन किया गया। साथ ही ब्यूटीशियन कोर्स से जुड़ी महिलाओं द्वारा लाइव प्रैक्टिकल के माध्यम से अपने कौशल का प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों द्वारा सराहना की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस परिवार की महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं कौशलयुक्त बनाना तथा बच्चों में शिक्षा एवं नवाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

 

 

12 घंटे में किया शातिर वांछितों को गिरफ्तारMuzaffarnagar News
खतौली। थाना खतौली पुलिस द्वारा जानलेवा हमले के अभियोग में वांछित 04 अभियुक्तगण को 12 घण्टे के अन्दर किया गिरफ्तार।  गिरफ्तार अभियुक्तगण के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 लाईसेंसी पिस्टल मय 10 जिन्दा व 01 खोखा कारतूस .32 बोर, लूटा गया 01 मोबाईल फोन, 01 थार कार नम्बर यूपी 16 एफक्यू 3410, 01 ब्रेजा कार नम्बर 26बीएच4304बी, 05 मोबाईल फोन तथा 1,20,900/- रूपये नगद बरामद। अपर पुलिस महानिदेशक महोदय, मेरठ जोन मेरठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर श्री अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी खतौली श्रीमती रूपाली राय एवं थाना प्रभारी खतौली श्री दिनेश चन्द्र के कुशल नेतृत्व में थाना खतौली पुलिस द्वारा की गयी कार्यवाही। उल्लेखनीय है कि दिनांक 28/29 मई की रात को थानाक्षेत्र खतौली क्षेत्र में एनएच-58 स्थित पंचगंगा होटल पर 02 गाड़ी सवार अज्ञात युवक रूके तथा सिगरेट खरीदने को लेकर होटल स्टाफ और अज्ञात युवकों के बीच विवाद हो गया, जिसमें गाड़ी सवार अज्ञात युवक द्वारा होटल मालिक पर फायरिंग करके भाग गए। पैर में गोली लगने से होटल मालिक नदीम पुत्र अमीर अहमद निवासी लाल मोहम्मदपुर थाना खतौली, मुजफ्फरनगर घायल हो गया। सूचना पर थाना खतौली पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। वादी से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खतौली पर मु0अ0स0 172/2026 धारा 109(1) 309(4), 352 बीएनएस पंजीकृत किया गया तथा अभियुक्तगण की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु थाना खतौली पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। आज दिनांक 29.05.2026 को ही उक्त अभियोग में वांछित 04 अभियुक्तगण को चैकिंग के दौरान  गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगण के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 लाईसेंसी पिस्टल मय 10 जिन्दा व 01 खोखा कारतूस .32 बोर, लूटा गया 01 मोबाईल फोन, 01 थार कार नम्बर यूपी 16 एफक्यू 3410, 01 ब्रेजा कार नम्बर 26बीएच4304बी, 05 मोबाईल फोन तथा 1,20,900/- रूपये नगद बरामद किये गये। अभियुक्तगण की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के सम्बन्ध में थाना खतौली पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।  गिरफ्तार अभियुक्त विक्रांत पुत्र दीपक छोकर निवासी राम चाचली थाना जेवर जिला गौतम बुद्धनगर (मुख्य अभियुक्त),  गिरीश छोकर पुत्र पवन छोकर निवासी ग्राम चंचली थाना जेवर जिला गौतम बुद्धनगर, उमेश कुमार पुत्र बिरजू सिंह निवासी ग्राम मोहबलीपुर थाना जेवर जिला गौतम बुद्धनगर,  दिनेश पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम दरोरा थाना जेवर जिला गौतम बुद्धनगर। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र, उ.नि. ललित तोमर, लक्ष्यदीप, का. विकास कुमार, अर्जुन, रि.आरक्षी अंकित, रि. आरक्षी हर्ष थाना खतौली शामिल रहे।

 

एसएसपी ने करायी टोलीवार ड्रिलMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड की ली गयी सलामी, अनुशासन व एकरूपता बनाये रखने के लिए टोलीवार करवायी गयी ड्रिल। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शाखाओं का निरीक्षण व अर्दली रूम लेते हुए सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा रिजर्व पुलिस लाईन मुजफ्फरनगर में शुक्रवार परेड की सलामी ली गयी। परेड का संचालन प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह द्वारा किया गया। तत्पश्चात परेड में उपस्थित समस्त पुलिसकर्मियों को शारीरिक व मानसिक रुप से फिट रहने हेतु परेड ग्राउण्ड में दौड़ लगवाई गयी साथ ही टोलीवार पुलिसकर्मियों का टर्न आउट चैक करते हुए शस्त्रों के संचालन एवं उचित रख-रखाव हेतु अभ्यास करवाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा परेड में उपस्थित सभी वाहनों को संचालित कराकर उनके हूटर, लाइट, अन्य उपकरणों तथा वाहनों में उपलब्ध प्राथमिक चिकित्सा सहायता किट आदि की स्थिति का परीक्षण किया गया। तत्पश्चात आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही हेतु अधीनस्थ अधिकारियों एवं वाहन चालकगण को आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। साथ ही डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मियों को रेस्पांस टाइम बेहतर रखने, निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से मौजूद रहने तथा सतर्क दृष्टि बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। परेड के पश्चात महोदय द्वारा पुलिसकर्मियों के खाने-पीने की व्यवस्था के लिए संचालित भोजनालय, बैरकों का निरीक्षण किया गया तत्पश्चात महोदय द्वारा मोटर परिवहन शाखा का निरीक्षण किया गया जिसमें वाहनों के रखरखाव, साफ-सफाई तथा रजिस्टरों का निरीक्षण करते हुए सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।  अन्त में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदेश कक्ष में अधिकारी/कर्मचारीगण का अर्दली रूम लिया गया तथा रजिस्टर व अभिलेखों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षकी ऊदल सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।

 

मोरना में मनाई किसान मसीहा पूर्व पीएम की पुण्यतिथि
मोरना। मोरना में पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न व किसानों के मसीहा के रूप में विख्यात चैधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर रालोद कार्यकर्ताओं ने चैधरी साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत शत नमन किया।मोरना में चैधरी चरण सिंह चैक पर शुक्रवार की सुबह राष्ट्रीय लोकदल द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें किसान मसीहा भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री चैधरी चरण द्वारा किसान हित में किये गये कार्याे पर प्रकाश डाला गया।रालोद के  मीरापुर विधान सभा अध्यक्ष डा. अमित ठाकरान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा किसान मसीहा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। तथा श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।डॉ. अमित ठाकरान ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है।किसान की तरक्की के बिना देश आगे नही बढ़ सकता। किसानों का हित सर्वाेपरी है। स्वर्गीय चैधरी चरण सिंह ने किसान हित के लिये संघर्ष किया।इस अवसर मुख्य रूप से वरिष्ठ रालोद नेता बाबा ओमवीर सिंह,रालोद के भोकरहेडी नगर अध्यक्ष ललित सहरावत, सुंदर गुर्जर, विकास मुखिया ,रविंद्र आर्य ,सागर खत्री,शुभम राठी, गौरव राठी ,फरमान अली, शुभम सहरावत, रोहित प्रजापति, विकास सहरावत, निशांत,बालिंदर,विशाल, नीशू विवेक राठी, मयंक चाहल, लोकेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

 

रालोद कार्यालय पर हुआ हवन
मुजफ्फरनगर। भारत रत्न किसान मसीहा एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री चैधरी चरणसिंह की पुण्यतिथि पर रालोद जिला कार्यालय पर हवन-पूजन कर श्रृद्धासुमन अर्पित किए गए।
  जनपद के साथ-साथ नगर क्षेत्र मे विभिन्न राजनैतिक संस्थाओ तथा किसान संगठनो द्वारा किसान मसीहा को याद किया गया। इसी संदर्भ मे सरकूलर रोड स्थित राष्ट्रीय लोकदल जिला कार्यालय पर सुबह करीब 8 बजे हवन हुआ। जिसके पश्चात विचार गोष्ठी आयोजित की गई। जिसमंे सभी ने वक्ताओं ने अपने सम्बोधन मे स्व.चैधरी चरणसिंह के व्यक्तित्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि चैधरी साहब ने जीवन पर्यन्त किसान हितो की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होने किसान हित मे कई महत्वपूर्ण कार्य किए। बैठक मे  रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी,बुढाना विधायक राजपाल सिंह, सुधीर भारती आदि ने अपने विचार रखे। इस दौरान रालोद वरिष्ठ नेता पंडित उमादत्त शर्मा, प्रभात तोमर, विनित कादियान, सुधीर भारती, मनु मलिक एड.,

 

 अविका मोतला नेे जीता गोल्डMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी अंचल से लगातार खेल जगत में बेटियां अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। इसी कड़ी में खतौली क्षेत्र की अत्यंत प्रतिभाशाली और उभरती हुई बैडमिंटन खिलाड़ी कुमारी अविका मोतला ने राज्य स्तरीय (स्टेट लेवल) बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल (स्वर्ण पदक) अपने नाम किया है। अविका ने अपनी इस अभूतपूर्व कामयाबी से न सिर्फ अपने परिवार और समाज का सिर फख्र से ऊंचा किया है, बल्कि पूरे मुजफ्फरनगर जनपद को गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद से ही कस्बे और आसपास के गांवों में जश्न और हर्षाेल्लास का माहौल है। प्राप्त विवरण के अनुसार, दादरी निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता अजय आर्य की सुपुत्री अविका मोतला ने राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिभाग किया था। टूर्नामेंट के दौरान अविका ने शुरुआती दौर से ही अपने खेल पर मजबूत पकड़ बनाए रखी। उन्होंने अपने बेहतरीन खेल कौशल, सटीक शॉट और कड़े परिश्रम के दम पर फाइनल मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को शिकस्त देकर सोने का तमगा (गोल्ड मेडल) अपने नाम कर लिया।
अविका की इस उल्लेखनीय और गौरवमयी सफलता पर बिजनौर सांसद चंदन चैहान की धर्मपत्नी व प्रख्यात समाजसेविका यशिका चैहान ने खतौली आगमन पर एक संक्षिप्त लेकिन बेहद गरिमामयी कार्यक्रम में होनहार खिलाड़ी को विशेष रूप से सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने अविका को उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारा आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए यशिका चैहान ने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं हैं। वे खेल से लेकर शिक्षा और विज्ञान तक में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज व राष्ट्र का नाम विश्व पटल पर रोशन कर रही हैं।
बेटियां अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे समाज का अनमोल गौरव होती हैं।
इस बेहद खास मौके पर आर्य प्रतिनिधि सभा मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष एवं पटेल जागृति सेवा समिति के संरक्षक, वरिष्ठ समाजसेवी सत्येंद्र आर्य ने भी अविका मोतला को बधाई दी। उन्होंने होनहार खिलाड़ी का मुंह मीठा कराकर और मिष्ठान खिलाकर उसका उत्साहवर्धन किया और कहा कि ग्रामीण परिवेश की ऐसी प्रतिभाएं आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस गौरवमयी सम्मान कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से सुशील गुर्जर, युवा गुर्जर महासभा मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष शशि छोकर, महाराज सिंह, विकास आर्य, रविंदर पाल एडवोकेट, पीड़ित खिलाड़ी के पिता अजय आर्य सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में अविका को भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रयासों से बड़ी सौगात
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जनपद मुज़फ्फरनगर के समग्र एवं आधुनिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त हुई है। प्रदेश सरकार द्वारा नगर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ एवं अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के उद्देश्य से स्मार्ट सिटी स्वरूप विकसित करने हेतु प्रारंभिक चरण में 12 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास मंत्री ए के शर्मा के मार्गदर्शन एवं प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी सोच का परिणाम है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार  एवं मुज़फ्फरनगर सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल के सतत प्रयास एवं प्रभावी पैरवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुज़फ्फरनगर को आधुनिक, स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि स्वीकृत धनराशि के माध्यम से नगर में स्मार्ट एवं आधुनिक विकास कार्यों को गति प्रदान की जाएगी, जिसमें सड़कों का सुदृढ़ीकरण, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, बेहतर जल निकासी प्रणाली, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन, हरित क्षेत्र विस्तार तथा नागरिक सुविधाओं के उन्नयन जैसे कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। साथ ही यह धनराशि प्रतिवर्ष बढ़ाई जाएगी, जिससे नगर के दीर्घकालिक एवं योजनाबद्ध विकास को निरंतर गति मिल सके। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जिलाधिकारी से विस्तृत वार्ता कर मुज़फ्फरनगर को समृद्ध, व्यवस्थित एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने हेतु एक व्यापक रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी ताकि आमजन को सीधे तौर पर इन परियोजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज विकास, सुशासन एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुज़फ्फरनगर को मिली यह सौगात न केवल नगर के विकास को नई दिशा देगी, बल्कि व्यापार, रोजगार, निवेश एवं नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी नए अवसर उत्पन्न करेगी।

 

शायर बशीर बद्र के निधन पर सीकरी गांव में शोक की लहरMuzaffarnagar News
मोरना। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शायर डॉ.बशीर बद्र के निधन पर सीकरी गांव में गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि प्रस्तुत की गयी है। साथ ही आयोजित कार्यक्रम में साहित्य जगत में उनकी सेवाओं को याद किया गया तथा उन्हें एक महान शायर तथा महान विचारक बताया गया।मोरना क्षेत्र के गांव सीकरी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा मे पूर्व प्रधान इरफान अली अप्पी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. बशीर बद्र का संसार से चले जाना साहित्य जगत को अपूर्णीय क्षति है डॉक्टर बशीर बद्र एक शायर ही नहीं महान विचारक भी थे लॉकडाउन के दौरान उनकी उनकी पंक्तियों ने बड़ी शोहरत हासिल की
यूं ही बे सबब ना फिर करो
कोई शाम घर भी रहा करो
कोई हाथ भी न मिलाएगा
जो गले मिलोगे तो तपाक से
ये शहर का नया मिजाज है
जरा फासलों  से मिला करो।
साहित्यकार समाज को दिशा व दिशा देता है डॉक्टर बशीर बद्र की रचनाएं भी समाज को एक आदर्श दिशा देती हैं। गूढ़ता को साधारण रूप में प्रस्तुत करना उनका अंदाज था वह एक साधारण व्यक्ति थे जिन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग के लिये संघर्ष को अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया उनकी रचनाओं का सदैव स्मरण किया जाता रहेगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से चैधरी मुगीज़ सिद्दीकी,मौ. नदीम,मौ.कसीम,मौ. अफसर, माहिर अब्बासी,मौ.जुनेद,समीर अब्बासी,अल्तमश,मौ. उवैश अंसारी, मौ. जैद,सोहेल अंसारी, सोहेल तुर्क,अयान अब्बासी, गफ्फार अली,मौ. इकराम रहमान अली, ,मौ.इरफान, ताज़ीम अली,अदनान,अयान सिद्दीकी, नजम, शाहवेज, वकार आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के उपरांत दो मिनट की खामोशी अख्तियार कर दिवंगत शायर के लिए विशेष दुआ की गई।

 

 मोटापा रोग निवारण शिविर हुआ आयोजित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।भारतीय योग संस्थान के तत्वाधान में ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल मुजफ्फरनगर में संचालित पांच दिवसीय मोटापा रोग निवारण शिविर का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया।
    सर्वप्रथम जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने मोटापा कम करने में सहायक सूक्ष्म क्रियाएं, सूर्य नमस्कार आसन, कमर चक्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन और शशकासन करवाए। जिला मंत्री राजीव रघुवंशी ने लुढकना सर्पासन, नितम्ब रोलिंग आसन, उत्थानपाद हस्तासन, पाद चक्रासन और श्वासन करवाए। जिला संगठन मंत्री डॉ अमित कुमार ने अग्निसार और कपालभाति तथा भ्रामरी प्राणायाम करवाएं। क्षेत्रीय प्रधान नीरज बंसल ने ध्यान करवाया। हास्य आसन हंसी के जादूगर वेदप्रकाश ने करवाई। रामपाल शर्मा और रविंदर धीमान ने ईश्वर भक्ति और योग पर भजन प्रस्तुत किये। अंत में मुख्य वक्ता,प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जनपद प्रभारी योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने मोटापा कम करने में ध्यान वह निष्काम कर्म की भूमिका विषय पर बोलते हुए बताया कि योग का महत्वपूर्ण अंग ध्यान है। ध्यान से व्यक्ति के तनाव, अवसाद तथा माइग्रेन जैसे रोग ठीक होते हैं। तनाव के कारण हमारी मास्टर ग्रंथि पीनियल तथा पिट्यूटरी ग्रंथि अपना काम करना बंद कर देती है जिससे शरीर के अंदर अन्य सभी ग्रंथियां भी अपना कार्य सुचारू रूप से करना बंद कर देती है। जिसके कारण व्यक्ति विभिन्न रोगों जैसे हृदय रोग, डायबिटीज, मोटापा ,हाई बीपी व अनेक घातक रोगों का शिकार बन जाता है। तनाव को दूर करने का सबसे अच्छा साधन अष्टांग योग है। यदि व्यक्ति प्रतिदिन आधा घंटा सुबह और आधा घंटा शाम को ईश्वर का ध्यान व उपासना करें तो वह निश्चित रूप से स्वस्थ रहेगा और समाज ,परिवार तथा राष्ट्र के लिए उपयोगी होगा। इसी प्रकार निष्काम कर्म अर्थात जिसमें हमारा कोई निजी स्वार्थ ने छिपा हुआ हो ऐसे कार्य करने से व्यक्ति प्रसन्नचित्त रहता है ।उसका तनाव कम होता है और वह अनेक घातक रोगों से बच जाता है। कहावत है पर हित सरिस धर्म नहीं भाई ,पर पीड़ा सम नहीं अधीमाई। अर्थात दूसरों को सुख देने से बढ़कर कोई धर्म नहीं है तथा दूसरों को दुख देने से बढ़कर कोई पाप नहीं है। योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने बताया कि 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम वेल विस्टा होटल में धूमधाम से मनाया जाएगा।इस अवसर पर काफी संख्या में लोगों ने शिविर में भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ उठाया।जिसमें मुख्य रूप से अरुण शर्मा एडवोकेट, डॉक्टर जीत सिंह तोमर ,धर्मेंद्र प्रधान, राकेश गोयल, कुलदीप मित्तल ,कविंद्र बालियान ,देवेंद्र बालियान ,डॉक्टर प्रवीण कुमार ,डॉक्टर वीर सिंह रोहल ,रणवीर सिंह तोमर ,मुनेश मान, मंजू चैधरी, रविता भारती ,रिशु ,गायत्री शर्मा ,अनीता पुंडीर, अर्चिता मित्तल आदि उपस्थित रहे। अंत में शांति पाठ और प्रसाद वितरण के उपरांत कार्यक्रम का समापन हुआ।

 

 मिशन शक्ति 5.0 के तहत चलाया महा-अभियान
मुजफ्फरनगर। जनपद में महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को पूरी तरह सुरक्षित, भयमुक्त और सम्मानजनक माहौल देने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक बार फिर जमीन पर बड़ा मोर्चा संभाला है। सूबे के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति-5.0 के दूसरे चरण के तहत गुरुवार को मुजफ्फरनगर पुलिस की एंटी रोमियो टीमों ने जिले भर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के सख्त और सीधे निर्देशन में जिले के सभी थानों की पुलिस टीमें एक साथ फील्ड में उतरीं और मनचलों पर नजर रखने के साथ-साथ आधी आबादी को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया। अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीमों ने केवल गश्त ही नहीं की, बल्कि कस्बों, गांवों, प्रमुख बाजारों, मॉल, स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों और धार्मिक स्थलों के आसपास पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया। पुलिस कर्मियों ने छात्राओं और कामकाजी महिलाओं से उनकी समस्याओं को जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि किसी भी अप्रिय परिस्थिति या छेड़खानी की सूरत में पुलिस प्रशासन पूरी मजबूती के साथ उनके पीछे खड़ा है। इस दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बिना वजह घूम रहे अराजक तत्वों और मनचलों को कड़ी चेतावनी भी दी गई। सड़क पर संवाद के दौरान पुलिस टीमों ने जागरूकता से जुड़े पंफलेट बांटे, जिनमें संकट के समय तुरंत काम आने वाले सभी आपातकालीन और सरकारी हेल्पलाइन नंबर प्रमुखता से दर्ज थे। पुलिस ने महिलाओं को वुमेन पावर लाइन-1090, आपातकालीन सेवा-112, चाइल्ड हेल्प लाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076 और हेल्पलाइन-181, एंबुलेंस व स्वास्थ्य सेवाएं-102 और 108 जैसे नंबरों की उपयोगिता समझाई।
पुलिस का यह अभियान सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से सरकार की विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। टीमों ने महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना के लाभों के बारे में बताया और उन्हें आवेदन करने की सरल प्रक्रिया भी समझाई।

 

पुण्यतिथि पर यज्ञ का आयोजन
बुढ़ाना। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय चैधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि मनाई गई। जाट महासभा ब्लॉक बुढ़ाना की ओर से बड़ौत रोड स्थित चरण सिंह तिराहा पर एक यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। यज्ञ के पुरोहित अमित शास्त्री रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने चैधरी चरण सिंह को श्किसान मसीहाश् बताया। उन्होंने उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि चैधरी साहब ने किसानों और ग्रामीणों के हितों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। इस दौरान जाट महासभा के महामंत्री प्रवीण राणा, अध्यक्ष चमन सिंह, ओमपाल सिंह, मास्टर तेजपाल सिंह, ब्रजपाल राठी, सुरेंद्र सहरावत, रामकुमार सहरावत, सर्व खाप मंत्री सुभाष बालियान, संयम पंवार, कुणाल पंवार, योगेंद्र पंवार, योगेंद्र महले, पंकज चैधरी, मास्टर रामफल, रामपाल मलिक, रामछैल राठी और देवेंद्र सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

 

सिया दुल्हन बनी राम दुल्हा बने,देखो कितनी सुंदर जोड़ी है, भजन भाव पर झूमे श्रद्धालु
मुजफ्फरनगर।  श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार मुजफ्फरनगर के सचिव अतुल कुमार गर्ग ने बताया कि पुरुषोत्तम मास मे  नगर के अलग-अलग  क्षेत्रों/परिवारों में प्रतिदिन शोभायात्रा के साथ निशुल्क गीता पाठ(पुरुषोत्तम योग),संकीर्तन का जो आयोजन किया जा रहा है उसी श्रृंखला मे बारहवें दिवस 28 मई 2026 दिन वृहस्पतिवार को बच्चन सिंह कॉलोनी गली नंबर 8 दुर्गा मंदिर में पंडित रामचंद्र मिश्रा जी के सानिध्य में  गीतापाठ एवं भजन संकीर्तन का आयोजन किया गया। गीताजी की  शोभा यात्रा निकालकर दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजन कराया। सर्वप्रथम अतुल गर्ग ने गणेश वन्दना,माँ शारदा का गुणगान,ओम नमो भगवते वासुदेवाय का जाप ,पुरुषोत्तम योग का पाठ  कराया गया। रामबीर सिंह ने बताया कि स्कन्द पुराण मे वर्णन है कि इस मास मे  विष्णु /कृष्ण की पूजा का फल सैकड़ो जन्मों तक अक्षय रहता है तथा उपस्थित श्रद्धालुओ को पुरुषोत्तम योग के पत्रक भेंट किए गए। पंडित अरुण मिश्रा स्वामी जी,महेंद्र रावत तथा राजेश वर्मा द्वारा  सिया दुल्हन बनी राम दुल्हा बने, देखो कितनी सुंदर जोड़ी है। आदि भजनभाव को सुनकर श्रद्धालुजन भक्ति भाव मे ओत-प्रोत होकर नाच उठे। गीतापाठ मे अतुल गर्ग,रामबीर सिंह ,सुभाष गर्ग, विपिन गुप्ता, विमल प्रताप ,मीनाक्षी गर्ग, राजेश वर्मा,पंडित रामचंद्र मिश्रा, पं अरूण मिश्रा,चन्द्र शेखर शर्मा तथा सैंकड़ो की संख्या मे बचनसिंह कॉलोनी निवासी सम्मानित गणमान्य श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। आरती के उपरांत सूक्ष्म जलपान एवं प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम को विश्राम दिया गया।

 

वीरांगना झलकारी बाई कोरी एकता मंच की कार्यकारिणी हुई गठित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। वीरांगना झलकारी बाई कोरी एकता मंच (रजि०) के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कोरी द्वारा संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने हेतु जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई। घोषित कार्यकारिणी में निम्न पदाधिकारियों एवं सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है उपाध्यक्ष- कुलदीप कोरी वरिष्ठ उपाध्यक्ष- घसीटू मास्टर, महामंत्री- ब्रिजेश कोरी जनकपुरी, मंत्री- अरुण कोरी, कोषाध्यक्ष- संजीव कोरी कोलाहेड़ी, मीडिया प्रभारी- रोहित कोरी सोशल मीडिया प्रभारी- अभिषेक कोरी सदस्य केप में मामराज कोरी, दीपक कोरी एवं राहुल कोरी को शामिल किया गया है। जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कोरी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि सभी साथी संगठन की मजबूती, समाज की एकता एवं सामाजिक उत्थान के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई कोरी एकता मंच समाज के हितों की आवाज को मजबूती से उठाने तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने का कार्य निरंतर करता रहेगा।

 

चैधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)टाउन हॉल पहुंचकर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान मसीहा चैधरी चरण सिंह की 39वीं पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कमल मित्तल ने कहा कि चैधरी चरण सिंह किसानों और मजदूरों के सच्चे हितैषी थे।
इस मौके पर जगदीश बालियान, विभोर तोमर, अभिषेक चैधरी, संजीव बालियान, सुशील बेनीवाल, वीर सिंह, अमन सिंह, हर्षित चैधरी, आशुतोष बालियान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21833 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eight − four =