समाचार (Muzaffarnagar News)

मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र, सहारनपुर अभिषेक सिंह द्वारा कांवड़ सेल का निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का लिया विस्तृत जायजा । श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त एवं सुव्यवस्थित संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र, सहारनपुर श्री अभिषेक सिंह महोदय द्वारा आज कांवड़ सेल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अक्षय संजय महाडीक, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री सिद्धार्थ मिश्रा मौजूद रहे। पुलिस उपमहानिरीक्षक ने कांवड़ यात्रा के दौरान की गयी समस्त व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कांवड़ मार्ग पर बनाए गए ड्यूटी प्वाइंट, सेक्टर एवं जोन व्यवस्था, यातायात डायवर्जन प्लान, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ड्यूटी, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर की गई सुरक्षा व्यवस्था, कंट्रोल रूम संचालन, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, संचार व्यवस्था, आपातकालीन रिस्पॉन्स, चिकित्सा एवं अन्य विभागों के साथ समन्वय सहित समस्त तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कांवड़ सेल में उपलब्ध अभिलेखों, मानचित्रों एवं संचालन संबंधी दस्तावेजों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में बिंदुवार जानकारी प्राप्त की तथा निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें तथा कांवड़ यात्रा के दौरान प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कांवड़ मार्गों की सतत निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, यातायात प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने हेतु सभी संबंधित इकाइयाँ पूर्ण सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करें, जिससे यात्रा निर्विघ्न, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
कांवड यात्रा 2026ः एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण
पुष्पवर्षा कर दी शुभकामनाएं
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।श्रावण मास कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा द्वारा नगर क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री सिद्धार्थ मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। पैदल गश्त के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा कांवड़ यात्रियों से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उन पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया तथा सभी श्रद्धालुओं को मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा हेतु शुभकामनाएं दी गईं। उन्होंने कांवड़ियों से कांवड़ यात्रा की पवित्रता, मर्यादा एवं अनुशासन बनाए रखने, निर्धारित कांवड़ मार्ग का ही प्रयोग करने तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग प्रदान करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल, एटीएस, आरआरएफ, क्यूआरटी एवं अन्य सुरक्षा इकाइयों को निरंतर सतर्क एवं मुस्तैद रहकर ड्यूटी करने, संदिग्ध व्यक्ति एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने, संवेदनशील स्थलों पर प्रभावी चेकिंग करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा समस्त सुरक्षा प्रबंधों पर सतत निगरानी बनाए रखी जाए। जनपद मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। कांवड़ मार्गों पर अस्थायी पुलिस चैकियां एवं सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए पुलिस कर्मी चैबीसों घंटे मुस्तैद हैं। इसके अतिरिक्त कंट्रोल रुम से निरंतर कांवड मार्गों की निगरानी की जा रही है तथा डॉग स्क्वाड, एंटी-सबोटाज (एएस) चेक टीम एवं अन्य सुरक्षा इकाइयों द्वारा निरंतर चेकिंग एवं सघन निगरानी की जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखा जा सके। मुजफ्फरनगर पुलिस सभी श्रद्धालुओं से अपील करती है कि यात्रा के दौरान संयम, अनुशासन एवं आपसी सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस अधिकारी अथवा पुलिस हेल्पलाइन को दें। जनपद पुलिस आपकी सुरक्षित एवं मंगलमय कांवड़ यात्रा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
भौरों के मंदिर पहुंचीं पालिकाध्यक्ष ने गुरु पूर्णिमा पर गुरुजनों का किया सम्मान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। भारतीय संस्कृति में गुरु को ज्ञान, संस्कार और जीवन मूल्यों का सर्वाेच्च मार्गदर्शक माना गया है। गुरु पूर्णिमा का पर्व इसी शाश्वत गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता का प्रतीक है। इसी भाव को आत्मसात करते हुए नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर ऐतिहासिक भौरों के मंदिर पहुंचकर गुरुजनों का सम्मान किया, उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा जनपदवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना की।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बुधवार को अंसारी रोड स्थित ऐतिहासिक भौरों के मंदिर पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के पूज्य पंडित का श्रद्धापूर्वक पटका पहनाकर सम्मान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनपद सहित समस्त प्रदेश एवं देश के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व भारतीय सनातन संस्कृति की महान गुरु-शिष्य परंपरा का जीवंत प्रतीक है। महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में मनाया जाने वाला यह पावन दिवस हमें ज्ञान, संस्कार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा और उद्देश्य प्रदान करते हैं। भारतीय संस्कृति में गुरु को ब्रह्मा, विष्णु और महेश के समान पूजनीय माना गया है और गुरु के मार्गदर्शन से ही व्यक्ति का सर्वांगीण विकास संभव होता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में भी गुरु-शिष्य परंपरा की प्रासंगिकता उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी प्राचीन काल में थी। समाज में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ बनाने के लिए गुरुजनों का सम्मान और उनके बताए मार्ग का अनुसरण आवश्यक है। गुरु पूर्णिमा का यह पर्व हम सभी को अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और सेवा का भाव विकसित करने का संदेश देता है। इस दौरान सभासद देवेश कौशिक, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण खेड़ा, सभासद पति शोभित गुप्ता, आदेश गौतम, प्रमोद त्यागी एवं कमलकांत शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरुजनों का सम्मान करते हुए समाज में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संकल्प व्यक्त किया।
सपा कार्यालय पर हुआ विचार गोष्ठी का आयोजन
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर महाराजा दक्ष प्रजापति जी की जयंती मनाई गई जिला अध्यक्ष चैधरी ने कहा सनातन धर्म में भगवान दक्ष प्रजापति का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। वे ब्रह्मा जी के मानस पुत्रों में से एक तथा सृष्टि के विस्तार के लिए नियुक्त प्रमुख प्रजापतियों में गिने जाते हैं। ष्दक्षष् शब्द का अर्थ है दृ कुशल, योग्य एवं कर्मठ। उन्होंने अपनी योग्यता, अनुशासन और धर्मनिष्ठा से सृष्टि के विकास में अतुलनीय योगदान दिया। भगवान दक्ष प्रजापति ने अनेक संतानों को जन्म देकर मानव जाति, देवताओं, ऋषियों एवं विभिन्न प्राणियों की वंश परंपरा को आगे बढ़ाया। उनकी पुत्रियों का विवाह महर्षि कश्यप, धर्म, चंद्रमा तथा अन्य महान ऋषियों से हुआ, जिनसे अनेक वंशों की उत्पत्ति हुई। इस प्रकार उन्हें सृष्टि विस्तार का महान आधार माना जाता है। दक्ष प्रजापति की पुत्री माता सती का विवाह भगवान शिव से हुआ। यद्यपि दक्ष और भगवान शिव के बीच मतभेद उत्पन्न हुए, जिसके कारण प्रसिद्ध दक्ष यज्ञ की घटना हुई, किंतु इस प्रसंग से संपूर्ण मानव समाज को यह शिक्षा मिलती है कि अहंकार, क्रोध और अपमान अंततः विनाश का कारण बनते हैं, जबकि विनम्रता, क्षमा और सम्मान ही जीवन का वास्तविक धर्म हैं। भगवान दक्ष प्रजापति का जीवन हमें कर्मठता, अनुशासन, संगठन, परिवार के प्रति उत्तरदायित्व तथा समाज के कल्याण के लिए समर्पण की प्रेरणा देता है। वे केवल एक पौराणिक पात्र ही नहीं, बल्कि सृष्टि व्यवस्था के महान संचालक और धर्म पर आधारित जीवन के आदर्श प्रतीक हैं। आज भी दक्ष प्रजापति समाज उन्हें अपना आराध्य मानकर उनके आदर्शों का अनुसरण करता है। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में एकता, सद्भाव, सेवा, परिश्रम और नैतिक मूल्यों की स्थापना करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष जिया चैधरी प्रदेश सचिव इलम सिंह, जिला महासचिव सोमपाल कोरी, जिला उपाध्यक्ष सुरेश प्रजापति,जिला सचिव यशपाल चैधरी ,पवन पाल, इमरान खान,अनुज चैधरी, महिला सभा जिला अध्यक्ष पूजा अंबेडकर,सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ, बालेंद्र मौर्य,पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव रामपाल पाल, बालेंद्र मौर्य, घनश्याम प्रजापति छात्र सभा के प्रदेश सचिव वंशराज चैहान नवाब प्रधान आदि मौजूद रहे!
भगवान दक्ष प्रजापति जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। भगवान दक्ष प्रजापति जयंती महोत्सव एवं शोभायात्रा कमेटी के तत्वावधान में रामलीला टीला पर भगवान दक्ष प्रजापति की जयंती श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। हवन-पूजन और विचार गोष्ठी के बाद शहर में बैंड-बाजों, सजीव झांकियों और भव्य रथों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने रामलीला टीला से शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं और प्रजापति समाज के लोगों को भगवान दक्ष प्रजापति जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान दक्ष प्रजापति का आदर्श जीवन धर्म, कर्तव्य, सामाजिक समरसता और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा सभी के मंगलमय जीवन की कामना की। सभा को संबोधित करने के बाद मंत्री कपिल देव अग्रवाल प्रजापति समाज के युवाओं के बीच पहुंचे और समाज की पारंपरिक आजीविका के प्रमुख साधन चाक को स्वयं चलाकर कच्ची मिट्टी से बर्तन बनाने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को श्रम, कौशल और स्वावलंबन को अपनाकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया। मंत्री का यह प्रयास युवाओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना। शोभायात्रा रामलीला टीला से प्रारंभ होकर आबकारी रोड, भगत सिंह रोड, शिव चैक, झांसी की रानी चैक, टाउन हॉल, मालवीय चैक और अंसारी रोड से होते हुए पुनः रामलीला टीला पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में शामिल 20 आकर्षक झांकियों और आठ बैंडों ने पूरे मार्ग में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण का सृजन किया। भव्य रथों पर सुसज्जित झांकियों ने श्रद्धालुओं और शहरवासियों का मन मोह लिया। इससे पूर्व रामलीला टीला पर आयोजित समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शोभायात्रा कमेटी के अध्यक्ष सचिन प्रजापति, सोहनलाल प्रजापति, ब्रह्मपाल प्रजापति, लोकेश प्रजापति, दारा सिंह प्रजापति सहित समिति के पदाधिकारियों और समाज के लोगों का विशेष सहयोग रहा।
हवन यज्ञ के साथ कांवड़ सेवा शिविर का हुआ शुभारंभ
भोपा। गांव गडवाडा के ग्रामिणो द्वारा हर साल की भांती ’इस वर्ष भी निरगाजनी नहर झाल पर शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के उद्देश्य से कांवड़ सेवा शिविर की स्थापना की गई। शिविर का शुभारंभ भाजपा युवा नेता एवं गणमान्य व्यक्तियों ने विधि-विधान से हवन-यज्ञ में आहुति देकर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा करना पुण्य का कार्य है।शिविर में कांवड़ियों के लिए पेयजल, चिकित्सा, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं समाजसेवी उपस्थित रहे’
विशाल भंडारे का आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।शामली रोड स्थित सत्संग भवन में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। बुधवार प्रातः से ही पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हुआ। सर्वप्रथम सत्संग भवन में उपस्थित गुरुजनों एवं दिवंगत गुरुओं का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। साथ ही विश्व में सुख, शांति एवं समृद्धि तथा सभी के मंगलमय जीवन की कामना की गई। इसके उपरांत एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सत्संग भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष त्रिलोकचंद गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा का पर्व सत्संग भवन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि गुरु का स्थान जीवन में सर्वाेच्च होता है और उनके मार्गदर्शन से ही व्यक्ति सही दिशा प्राप्त करता है। इस अवसर पर ट्रस्ट के सचिव श्यामलाल बंसल, शिवकुमार गोयल, लोकेश चंद्र (सेवानिवृत्त अभियंता), राजेंद्र गोयल, विजय सिंधी, प्रवीण अरोड़ा (अधिवक्ता), इंजीनियर सुभाष चंद्र अग्रवाल, पंडित नितिन शर्मा, पंडित होती लाल शर्मा सहित अनेक श्रद्धालुओं का उल्लेखनीय योगदान रहा।
एसपी सिटी ने किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक नगर, मुजफ्फरनगर द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत भूराहेड़ी चेक पोस्ट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस को ब्रीफ कर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, दुर्घटनामुक्त एवं निर्विघ्न सम्पन्न कराए जाने हेतु जनपद पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 28/29.07.2026 को देर रात्रि पुलिस अधीक्षक नगर, मुजफ्फरनगर श्री अमृत जैन द्वारा कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत भूराहेड़ी चेक पोस्ट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी, बैरिकेडिंग, चेकिंग व्यवस्था, यातायात संचालन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिस बल को सतर्कता, अनुशासन एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि चेक पोस्ट से गुजरने वाले प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन की प्रभावी जांच की जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। साथ ही कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार रखते हुए उनकी सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न होने देने, आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चेक पोस्ट पर निरंतर सतर्क दृष्टि बनाए रखें तथा किसी भी परिस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन
मुजफ्फरनगर। ग्रेन चैंबर पब्लिक स्कूल में गुरु पूर्णिमा, विज्ञान प्रदर्शनी तथा अभिभावक-शिक्षक बैठक (पी.टी.एम.) का आयोजन बड़े उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. एम. के. गुप्ता, प्रधानाचार्य आजाद वीर, कोऑर्डिनेटर आशीष कुमार त्यागी, जूनियर विंग हेड मिस्ट्रेस ममता चैहान, एडमिशन इंचार्ज कंचन सोनी तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा । कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु पूर्णिमा समारोह से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने प्रार्थना, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने गुरुओं के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन, समर्पण और उनके अमूल्य योगदान के लिए कृतज्ञता प्रकट की। इसके पश्चात आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित अभिनव मॉडल एवं परियोजनाओं का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शित मॉडलों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा व्यावहारिक ज्ञान का उत्कृष्ट परिचय दिया। अभिभावकों एवं आगंतुकों ने विद्यार्थियों के नवाचार, परिश्रम एवं आत्मविश्वास की सराहना की। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठक में अभिभावकों ने शिक्षकों से अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, व्यवहार तथा समग्र विकास पर विस्तार से चर्चा की। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी सुझाव दिए तथा विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस श्रीमती ममता चैहान ने कहा कि विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के सक्रिय सहयोग एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, गुरुजनों के प्रति सम्मान तथा सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को भी मजबूत बनाते हैं।
नवागत प्रधानाचार्य पने कार्यभार ग्रहण किया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नवागत प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने नवीन प्रधानाचार्य के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। प्रबंध समिति पदाधिकारियों ने नूतन पदभार ग्रहण करने पर अपनी शुभकामनायें प्रदान की। सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकंडरी स्कूल संभल से स्थानांतरित होकर आए प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के नए प्रधानाचार्य के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। संभाग निरीक्षक जगबीर शर्मा ने आगंतुक प्रधानाचार्य का परिचय कराते हुए बताया कि हाथरस के मूल निवासी शिव शंकर शर्मा रसायन विज्ञान के प्रवक्ता रहे। इसके अतिरिक्त पिछले चार वर्ष से वे सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकंडरी स्कूल संभल में प्रधानाचार्य के पद पर थे। विद्या भारती की योजना के अनुरूप अब उन्हें इस विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर स्थानांतरित किया गया है। बुधवार को प्रबंध समिति अध्यक्ष सूरत सिंह वर्मा, प्रबंधक बाल बहादुर, उपप्रबंधक ज्ञानचंद संगल तथा संभाग निरीक्षक जगबीर शर्मा ने नए प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा को कार्यभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर प्रबंध समिति पदाधिकारियों ने विद्यालय आगमन पर नवागत प्रधानाचार्य को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित करते हुए अपनी शुभकामनायें प्रदान की। तत्पश्चात नवागत प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा विद्यालय परिवार के साथ आगामी सत्र के सफल संचालन के विषय में आवश्यक चर्चा वार्ता की। उन्होंने कहा कि विद्यालय विकास में प्रबंध समिति के साथ-साथ छात्र, शिक्षक एवं अभिभावक सभी का सहयोग आवश्यक होता है। इस अवसर पर उन्होंने सभी शिक्षकों से एक साथ मिलकर विद्यालय की प्रगति की दिशा में कार्य करने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक महेश कुमार ने किया। इस अवसर पर समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
इनरव्हील चैम्बर की श्वेता गोयल बनी अध्यक्ष
इनर व्हील क्लब चैम्बर का अधिष्ठापन समारोह भव्यता के साथ संपन्न
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। कल होटल स्वर्ण इन में इनरव्हील क्लब चैम्बर का अधिष्ठापन समारोह अत्यंत गरिमामय एवं भव्य वातावरण में आयोजित किया गया।
समारोह में पीडीसी आशा जैन ने वर्ष 2026-27 की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्वेता गोयल एवं उनकी टीम को कॉलर पहनाकर तथा बैज प्रदान कर विधिवत पदभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने नई टीम का जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। वर्ष 2026-27 के लिए क्लब की नई कार्यकारिणी इस प्रकार घोषित की गई
– अध्यक्षः श्वेता गोयल
– सचिवः निधि शर्मा
– कोषाध्यक्षः अंजू जलोत्रा
– एडिटरः चेतना सेठी
– आईएसआः निशा सगल
समारोह में क्लब की नई टीम ने सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों को समर्पित भाव से आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा अंत में सभी ने नई टीम को सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
गुरू पूर्णिमा पर्व धूमधाम के साथ मनाया
मुजफ्फरनगर। गॉड ब्लेस एकेडमी प्ले स्कूल में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों द्वारा गुरु के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों को गुरु के महत्व एवं उनके प्रति सम्मान की भावना के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चे गुरु की वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र बने। विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपाली कौशिक ने गुरु वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा अपने संबोधन में कहा कि गुरु हमारे जीवन के मार्गदर्शक होते हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर विद्यालय की अध्यापिकाएं प्रतीक्षा मित्तल, सोनम, वैशाली भारद्वाज, शिवानी गर्ग, वंशिका गोस्वामी एवं काजल पाल सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य का गुरु पूर्णिमा पर हुआ सम्मान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।भारतीय योग संस्थान के निशुल्क योग साधना केंद्र ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर स्कूल मुजफ्फरनगर में प्रातः कालीन योग कक्षा में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर योग गुरु योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य का सभी योग साधकों,कार्यकर्ताओं और अधिकारियों में फूल माला और शाल उढाकर सम्मान किया।
इस अवसर पर योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने बताया कि गुरु का शाब्दिक अर्थ है – गु माने अंधकार और रू माने दूर करना। जो अपने शिष्यों का अविद्या रूपी अंधकार दूर कर दें अर्थात उनको ज्ञान रूपी प्रकाश प्रदान कर दे वही सच्चा गुरु होता है। अविद्या ही सभी दुखों का मूल कारण है। संसार में जिसने भी जन्म लिया है वह कभी पूर्ण नहीं हो सकता। पूर्ण तो केवल ईश्वर है वह सर्वज्ञ है हम सब अल्पज्ञ हैं। इसलिए ईश्वर ही हम सब का गुरु है। योग साधना, ईश्वर उपासना और निष्काम कर्म से हम उस सच्चे ईश्वर को प्राप्त कर सकते हैं और इस जन्म मरण के चक्र से छूटकर ईश्वर के मोक्ष रूपी आनंद को प्राप्त कर सकते हैं। यही इस जीवात्मा का अंतिम लक्ष्य है।
इस अवसर पर सर्वप्रथम केंद्र प्रमुख कविंद्र बालियान ने ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र से योग साधना प्रारंभ करवाई। उन्होंने त्रिकोणासन , सूर्य नमस्कार आसन तथा गत्यात्मक पश्चिमोत्तानासन करवाए। जिला मंत्री राजीव रघुवंशी ने पश्चिमोत्तानासन, वक्रासन, योग शिक्षक देवेंद्र बालियान ने वज्रासन ,उष्ट्रासन तथा शशकासन और सिंह गर्जना आसन करवाएं। डॉक्टर अक्षय बालियान ने लुढकन सर्पासन,भुजंग और शलभासन तथा आचार्य रामकिशन सुमन ने उत्थानपाद हस्तासन, पवन मुक्त आसन, मर्कट आसन तथा शवासन करवाएं ।हसी रविंदर आर्य ने तथा अनुलोम विलोम और कपालभाति प्राणायाम जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने करवाए। इस अवसर पर काफी संख्या में योग साधक एवं साधिकाओं ने भाग लिया। इसमें मुख्य रूप से केंद्र के संस्थापक पूर्व महासचिव जिला बार संघ मुजफ्फरनगर ओम सिंह तोमर एडवोकेट, यशपाल बरवाला,चैधरी मनोज कुमार खेड़ी, अशोक मित्तल, गौरव, अंकित गर्ग, श्रीमती मुनेश मान, रविता भारती, मंजू चैधरी, मोना आदि उपस्थित रहे। अंत में योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने इस सम्मान और स्नेह के लिए सबका आभार और धन्यवाद व्यक्त किया।
भव्य अधिष्ठापन समारोह का हुआ आयोजन
सेवा प्रकल्पों को आगे बढ़ाने का संकल्प
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। रोटरी क्लब मुज़फ्फरनगर चैम्बर एवं इनरव्हील क्लब का अधिष्ठापन समारोह होटल स्वर्ण इन् में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कार्यक्रम के एक भाग में इनरव्हील क्लब का अधिष्ठापन च्क्ब् आशा जैन जी द्वारा संपन्न कराया गया जिसमे श्वेता गोयल को अध्यक्ष, अंजू जलोत्रा को कोषाध्यक्ष एवं चेतना सेठी को एडिटर पद की शपथ दिलाई गयी। मंच सञ्चालन नीरा शर्मा द्धारा मधुरता से किया गया। सभी पदाधिकारियों को माला एवं दुपट्टा पहना कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम एक अन्य भाग में रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पायल गौर जी की आधिकारिक यात्रा संपन्न हुई। आधिकारिक यात्रा की कार्यवाही बोर्ड सदस्यों की उपस्थिति में असिस्टेंट गवर्नर संजीव बंसल द्धारा संपन्न कराई गयी। अध्यक्ष मनोज सेठी, सचिव विनोद जलोत्रा, एवं कोषाध्यक्ष राजेश गोयल क्लब ट्रेनर अशोक शर्मा, द्वारा आवश्यक डाक्यूमेंट्स दिखाए गए। जिस पर मंडलाध्यक्ष ने संतुष्टि एवं प्रसन्नता व्यक्त की तथा यह भी कहा की पुरे डिस्ट्रिक्ट में अभी तक रोटरी चैम्बर के अतिरिक्त कोई ऐसा क्लब नहीं सामने आया जिसने कि डिजिटल फॉर्मेट में सभी डॉक्यूमेंट पहले से भेज दिए हों। मंडलाध्यक्ष ने अधिक से अधिक च्भ्थ् बनाने एवं म्त्म्ल् योजना हो अथवा पोलियो कैम्पेन अंतर्गत अधिक से अधिक दान देने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के एक अन्य एवं मुख्य भाग का मंच सञ्चालन सर्जेंट ऐट आम्र्स राजेंदर सिंघल ने अत्यंत मनोहारी अंदाज़ में किया। कार्यक्रम चैयरमेन ,अवनीश मोहन तायल सर्वप्रथम मंडलाध्यक्ष पायल गौर जी एवं च्क्ळ डी के शर्मा जी को मंचासीन कराया गया। पायल गौर जी को कॉलर राजेंदर सिंघल, शिप्रा गुप्ता एवं नीता सिंघल द्वारा पहनाया गया। निवर्तमान अध्य्क्ष प्रदीप राज गुप्ता एवं सचिव गौरव गुप्ता को कॉलर वरिष्ठ सदस्य सुनील गोयल द्वारा पहनाया गया। अपने स्वागत सम्बोधन में प्रदीप गुप्ता ने कहा कि यह वर्ष उनके जीवन का यादगार वर्ष रहा। वर्षभर सभी कार्यक्रमों में सभी सदस्यों ने पूर्ण सहयोग किया। आस्थाओं का पाठ वरिष्ठ रोटेरियन अवनीश मोहन तायल ने पढ़ा। मंचासीन अतिथियों का स्वागत बुके देकर एवं माल्यार्पण करके किया गया। नीरा शर्मा ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। अन्य क्लब से आये अतिथियों का स्वागत वरिष्ठ रोटेरियन अनिल सोबती ने किया। निवर्तमान सचिव गौरव गुप्ता ने गत वर्ष की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की जिसकी सदन ने करतल ध्वनि से प्रशंसा की। तत्पश्चात मंडलाध्यक्ष ने मनोज सेठी को अध्यक्ष तथा विनोद जलोत्रा को सचिव के रूप में कोलर पहना कर अधिष्ठापित किया। अध्यक्ष मनोज सेठी अपने स्वीकृति भाषण में कहा कि इस प्रतिष्ठित क्लब का अध्यक्ष बनना गौरव की बात है। उन्होंने मंडलाध्यक्ष को बताया कि हमारा क्लब 100 प्रतिशत च्भ्थ् क्लब है। सभी इंटरनेशनल एवं डिस्ट्रिक्ट डियूज समय से जमा करा दिए है। उन्होंने क्बताया कि क्लब द्वारा 14 वाटर कूलर, 2 इ-लर्निंग लैब, 2 कंप्यूटर लैब,विद्यालय में दो कक्ष का निर्माण, बच्चों के पार्क आदि स्थाई प्रोजेक्ट चलाये जा रहे है तथा समय समय पर मेडिकल कैंप भी लगाए जाते है। इसके बाद नवगठित बोर्ड को मंडलाध्यक्ष द्वारा शपथ दिलाई गयी। तत्पश्चात चेतना सेठी द्वारा सम्पादित क्लब की मुख पत्रिका ब्त्र्।म् का विमोचन डिस्ट्रिक्ट से पायल गौर एवं डिस्ट्रिक्ट से पधारी विभूतियों द्वारा भव्यता से किया गया। चेतना सेठी ने इसकी झलकियां स्म्क् के माध्यम से प्रदर्शित की। समयबद्धता के भाग्यशाली विजेता रहे अजय भार्गव एवं पवन जैन। असिस्टेंट गवर्नर ऑफिसियल विजिट संजीव बंसल ने क्लब के पेपरलेस डिजिटल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। च्क्ळ डी के शर्मा ने क्लब से अपने पुराने संबंधों की चर्चा करते हुए गतिविधियों की प्रशंसा की। मंडलाध्यक्ष का परिचय भारती साहनी ने प्रस्तुत किया। वर्तमान टीम ने निवर्तमान टीम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। नए सदस्य प्रदीप गोयल को चैम्बर परिवार में सम्मिलित किया गया। प्रदीप राज गुप्ता को सदस्य वृद्धि के लिए सम्मानित किया गया। मंडलध्यक्ष ने अपने सम्बोधन में फलदार वृक्ष लगाने पर बल दिया तथा कहा कि पक्षियों के लिए भी पानी एवं दाने कि व्यवस्था करें। तथा एकल विद्यालय के लिए भी सहयोग करें। क्लब के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा मंडल से आई विभूतियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। डॉ ईश्वर चंद्रा ने आशीर्वाद सम्बोधन दिया एवं डिस्ट्रिक्ट से आये सभी अधिकारीयों का धन्यवाद किया । कार्यक्रम को व्यवस्थित करने में कोषध्यक्ष राजेश गोयल का विशेष योगदान रहा। लगभग 96 सदस्यों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गौरवान्वित किया।
गुरू पूर्णिमा पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार सुबह 10 बजे नई मंडी स्थित भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा और संस्कारमय शिक्षा को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा। प्रार्थना सभा में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गुरु के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भारतीय संस्कृति के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं अध्यक्ष अर्चना शर्मा ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने व्यास पूर्णिमा, गुरुकुल परंपरा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गुरु दक्षिणा पर्व, जैन एवं बौद्ध परंपराओं सहित अनेक ऐतिहासिक और धार्मिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु वह है जो मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाए। उन्होंने कहा कि यदि शिष्य श्रद्धा, समर्पण और निष्ठा के साथ गुरु का अनुसरण करे तो वह जीवन में सर्वाेच्च लक्ष्य की प्राप्ति कर सकता है।
उन्होंने वैदिक मंत्रों, संत कबीर के दोहों और प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और हनुमान जैसे दिव्य चरित्रों ने भी गुरु की शरण लेकर ज्ञान प्राप्त किया। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में गुरु का स्थान सर्वाेपरि है। उन्होंने यह भी कहा कि माता मनुष्य की प्रथम गुरु होती है और शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि श्रेष्ठ संस्कार, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम भी है। उन्होंने संस्कारयुक्त शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव बताया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने एकलव्य, अर्जुन और द्रोणाचार्य जैसे प्रेरक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक, इंटरनेट, गूगल अथवा कृत्रिम बुद्धिमत्ता विद्यार्थियों की सहायता अवश्य कर सकते हैं, लेकिन वे कभी भी गुरु का स्थान नहीं ले सकते। गुरु केवल शिक्षा नहीं देता, बल्कि जीवन को सही दिशा, दृष्टि, चरित्र और संस्कार भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए गुरुजनों के प्रति सम्मान, श्रद्धा और कृतज्ञता का भाव सदैव बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में गुरु वंदना, प्रेरक उद्बोधन और भारतीय संस्कृति के गौरवशाली गुरु-शिष्य संबंधों पर आधारित प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा और संस्कारमय वातावरण से ओत-प्रोत कर दिया।
शरीर को मंदिर बनाओ, नशे का घर नहीं; जिम की कावंड लेकर निकला भोला बोला
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।कांवड़ लेकर पहुंचे बॉडी बिल्डर को देख लोगों की भीड़ जुट गई। कांवड़िए अपने डोलेदृशोले दिखाते हुए बाबा भोलेनाथ की ट्रक पर सजी पालकी खींच रहे थे। बोले बम के नारे लगा रहे थे। वहीं पूरी पालकी जिम के इक्विपमेंट्स से सजी हुई थी। ये बॉडी बिल्डर कांवड़िए बीच फिटनेस का संदेश देते हुए कांवड़ यात्रा निकाल रहे हैं। बीच रास्ते में लोगों से पुशअप और अन्य एक्सरसाइज करवा रहे हैं। जिम करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। बॉडी बिल्डर्स कांवड़ियों के साथ सेल्फी खिंचवाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। दरअसल दिल्ली पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल पद पर तैनात शिवभक्त अमित उर्फ मिट्ठू मदेरिया अपने तीन बॉडी बिल्डर दोस्तों के साथ दिल्ली के नजफगढ़ से कांवड़ यात्रा लेकर हरिद्वार की हरि की पौड़ी के लिए रवाना हुए हैं। जहां से भरकर जल भरकर वापस दिल्ली के शिव मंदिर में चढ़ाएंगे। अमित ने बताया 250 किलोमीटर की इस कांवड़ यात्रा का उद्देश्य भगवान शिव की आराधना के साथ लोगों को फिटनेस के लिए जागरूक करना है। उन्होंने कहादृ शरीर को मंदिर बनाओ, नशे का घर नहीं।
शिव चैक पर दिल्ली के नजफगढ़ निवासी शिवभक्त और दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल अमित उर्फ मिट्ठू मंदेरिया अपनी अनोखी जिम वाली कांवड़ लेकर पहुंचे। मिनी जिम थीम पर तैयार इस कांवड़ को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने फोटो और वीडियो बनाए, जबकि सोशल मीडिया पर भी यह कांवड़ चर्चा का विषय बन गई।
अमित हरिद्वार से गंगाजल लेकर नजफगढ़ (दिल्ली) जा रहे हैं। करीब 250 किलोमीटर की इस यात्रा में वह अब तक 85 किलोमीटर का सफर तय कर मुजफ्फरनगर पहुंचे हैं। अमित ने अपनी कांवड़ को मिनी जिम का रूप दिया है। आगे भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा स्थापित है, जबकि पीछे डंबल समेत फिटनेस उपकरण लगाए गए हैं। सबसे खास बात यह है कि वह पूरी कांवड़ को मोटी लोहे की चेन से नंदी की तरह खींचते हुए यात्रा कर रहे हैं।
अमित ने बताया ोशल मीडिया पर लोग मुझे मिट्ठू मंदेरिया के नाम से जानते हैं। यह हमारी पहली जिम वाली कांवड़ है। इसका मकसद युवाओं को नशे से दूर कर फिटनेस की ओर प्रेरित करना है। मैं 40 साल का हूं और कोई नशा नहीं करता। इसलिए अपने भोले बाबा की कांवड़ नंदी की तरह जंजीर से खींच रहा हूं। उन्होंने कहा आज 17-18 साल के कई युवा नशे की वजह से इस जंजीर को उठाने की ताकत भी नहीं रखते। मेरी यह कांवड़ उन्हीं के लिए एक संदेश है कि शरीर को मंदिर बनाओ, नशे का घर नहीं। अगर नशा करना ही है तो फिटनेस का नशा करो।अमित ने युवाओं से अपील की कि बिना शारीरिक तैयारी के अत्यधिक वजन वाली कांवड़ न उठाएं। उन्होंने कहा कि कई श्रद्धालु 80 से 100 लीटर गंगाजल लेकर यात्रा शुरू कर देते हैं, लेकिन पर्याप्त अभ्यास न होने के कारण बीच रास्ते में कांवड़ छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। इसलिए पहले शरीर को नियमित व्यायाम से तैयार करें, फिर पूरी श्रद्धा और क्षमता के साथ कांवड़ यात्रा करें।
निःशुल्क कांवड़ सेवा शिविर शुरू
भोपा। गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पुल पर सेवार्थ क्लब, भोपा ने निःशुल्क कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया है। इस शिविर का उद्घाटन समाजसेवी ऋषिराज वालिया के पौत्र सारांश वालिया ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान भगवान शिव के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। सेवार्थ क्लब द्वारा कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए शिविर में भोजन, जलपान, विश्राम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसका उद्देश्य शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है। आयोजकों ने बताया कि यह शिविर पूरे कांवड़ मेले के दौरान निरंतर संचालित रहेगा। इस अवधि में श्रद्धालुओं को लगातार सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उद्घाटन समारोह में अजय जैन, प्रदीप वालिया, ऋषिराज वालिया, अरविंद अहलूवालिया, सचिन धीमान, मा. रामकुमार, राखी और ओमपाल प्रजापति सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने सेवार्थ क्लब के इस सेवा कार्य की सराहना की और इसे एक पुण्य का कार्य बताया।
कांवड यात्राः थाना प्रभारी ने पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
भोपा। कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सावन माह में यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से भोपा पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने भोपा गंगनहर पुल पर पहुंचकर कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर भोपा थाना क्षेत्र में तीन अस्थाई पुलिस चैकियां स्थापित की गई हैं। इनमें पहली चैकी भोपा गंगनहर पुल पर, दूसरी बेलड़ा पुल के निकट और तीसरी नगला बुर्ज के पुल पर बनाई गई है। शिवभक्तों की सुविधा के लिए शौचालयों का भी निर्माण कराया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि हर वर्ष हजारों की संख्या में शिवभक्त कांवड़िए गंगनहर की पटरी वाले मार्ग से गुजरते हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। थाना प्रभारी के मुख्य दिशा-निर्देशों में कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त न करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखने, कांवड़ियों के साथ विनम्र व्यवहार करने और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। रात्रि के समय पुल और पटरी मार्ग पर पर्याप्त रोशनी और पुलिस गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने कांवड़ियों से अपील की है कि वे समूह में यात्रा करें, गंगनहर की पटरी के किनारे होकर ही चलें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी अस्थाई पुलिस चैकी पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लें
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार भाजपा की जिला मंत्री एवं समाजसेविका ममता अग्रवाल ने शहर के आर्यपुरी स्थित श्री बालाजी मंदिर पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और मंदिर के पूज्य पुजारी का पटका पहनाकर सम्मान किया। साथ ही श्रद्धापूर्वक भोग-दक्षिणा अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर ममता अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वाेच्च माना गया है। गुरु ही व्यक्ति को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और सदाचार के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। गुरु पूर्णिमा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि अपने जीवन में मार्गदर्शन देने वाले गुरुजनों के प्रति सम्मान, श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध रही है। गुरु परंपरा हमारी सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने में गुरुओं की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। ममता अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं और जनपदवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने गुरुजनों का सम्मान करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। इससे समाज में सकारात्मकता, सद्भाव और नैतिक मूल्यों का विस्तार होगा। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भी गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।


