खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

पुलिस ने शिवभक्तों की सेवा कर पेश की मिसाल, बांटा फलाहार और जलMuzaffarnagar News
चरथावल। चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जनसेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। दधेड़ू चैकी प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार और उनकी टीम बीते एक सप्ताह से चरथावल-मुजफ्फरनगर मार्ग पर पूरी निष्ठा के साथ मुस्तैद रहकर कांवड़ियों की सुरक्षा और सेवा में जुटी हुई है।
सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश भी पुलिसकर्मियों के सेवा संकल्प को नहीं डिगा सकी। प्रतिकूल मौसम के बावजूद दधेड़ू चैकी प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल सुशील कसाना तथा अन्य जवानों ने सड़क पर उतरकर जलभराव व बारिश से बेपरवाह होकर कांवड़ियों का स्वागत किया। पुलिस टीम ने पदयात्रियों को रोककर उन्हें पीने का पानी, ताजे फल और कोल्ड ड्रिंक वितरित की। बारिश में भीगे और लंबी दूरी तय कर थके शिवभक्तों को खाकी का यह सहयोग बेहद राहत देने वाला साबित हुआ। दधेड़ू चैकी पुलिस पिछले कई दिनों से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ-साथ सेवा भाव से कांवड़ मेले को सुगम बनाने में जुटी है। वर्दीधारी जवानों के इस मानवीय और सहयोगात्मक रूप को देखकर स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों ने भी उनकी मुक्तकंठ से प्रशंसा की। कांवड़ियों ने पुलिसकर्मियों की इस आत्मीयता के लिए आभार जताते हुए कहा कि पुलिस का यह सेवाभावी चेहरा समाज में विश्वास और सम्मान को और अधिक गहरा करता है। 

 

सड़कों पर उतरे डीएम और एसएसपी ने कांवड़ मार्गों का लिया जायजा
जलभराव वाले स्थानों से कराई पानी की निकासीMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)जनपद में हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बाधा रहित संपन्न कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। बारिश के बीच ही जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने स्वयं कांवड़ यात्रा मार्गों और संभावित जलभराव वाले संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर जलभराव की स्थिति पाई गई, वहां जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल प्रशासनिक टीम और नगर पालिका अमले को सक्रिय किया गया। अत्याधुनिक पंपिंग सेटों और मशीनों की मदद से जलभराव वाले स्थानों से त्वरित गति से पानी की निकासी कराई गई, ताकि हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे शिवभक्तों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर पानी जमा न होने पाए।  तदोपरांत, दोनों अधिकारियों ने शिव चैक स्थित मुख्य कांवड़ कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से जिलेभर के कांवड़ मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन की स्थिति का गहनता से जायजा लिया। इस दौरान एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कंट्रोल रूम के पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम से स्वयं शिवभक्तों और श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कांवड़ियों को जानकारी दी कि जलभराव की स्थिति को दूर करा दिया गया है। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देकर अपने गंतव्य की ओर सुरक्षित आगे बढ़ें।

 

सावन के दूसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं का जलाभिषेक को उमड़ा सैलाबMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)पवित्र श्रावण मास के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर पूरा जनपद भक्ति, अगाध आस्था और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया। सावन के दूसरे सोमवार का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण तड़के से ही शहर के सभी छोटे-बड़े मंदिरों में भगवान आशुतोष के दर्शन व जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों का तांता लग गया। पूरा शहर हर-हर महादेव, ओम नमः शिवाय और  बम-बम भोले के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सभी हाथों में गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पूजन सामग्री लिए अपनी बारी का इंतज़ार करते दिखाई दिए। नगर के प्रमुख मंदिरों से लेकर गलियों में स्थित शिवालयों तक, हर जगह शिवभक्तों का अथाव सैलाब देखने को मिला।
अंसारी रोड स्थित प्राचीन बोहरों का मंदिररू तड़के भव्य आरती के साथ ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ, जो दोपहर तक अनवरत चलता रहा।
नगर के मुख्य केंद्र शिव चैक पर श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना की और परिक्रमा कर भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। गांधी कॉलोनी स्थित अनंतेश्वर महादेव मंदिर और अंकित विहार स्थित परशुराम महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिलीं। इसके अलावा नदी घाट स्थित देवी मंदिर, बिंदल बाज़ार (नई मंडी) स्थित माता वाला मंदिर, श्री बालाजी धाम, गणपति धाम, कटार सिंह का मंदिर तथा बिलासपुर स्थित सिद्धपीठ शिव मंदिर में भी भक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सावन के दूसरे सोमवार पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व व्यवस्था के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए महिला व पुरुष भक्तों की अलग-अलग कतारें बनाई गई थीं। मंदिर प्रांगणों में वालंटियर्स और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे सभी श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन-पूजन किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन का सोमवार भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है और इस दिन जलाभिषेक व व्रत रखने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। सावन के दूसरे सोमवार पर उमड़ी यह अपार भीड़ इस बात का प्रमाण है कि आगामी दिनों में कांवड़ यात्रा के चरम पर पहुँचने के साथ शिवभक्ति का यह उत्साह और अधिक बढ़ेगा।

 

सीडीओ की अध्यक्षता में गठित चयन समिति की उपस्थिति में  में आवेदक पुरूष व महिला अभ्यर्थियों के समक्ष नंद बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल पर ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया चयन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)नंद बाबा दुग्ध मिशन, उ०प्र० अंतर्गत संचालित मिनी नंदिनी योजना 2026-27 के 77 आवेदकों में से जनपद के लिए निर्धारित 3 पुरुष व 3 महिला लाभार्थियों का चयन मुख्य विकास अधिकारी भंडारकर कमल किशोर के भूषण की अध्यक्षता में गठित चयन समिति की उपस्थिति में विकास भवन सभागार, में आवेदक पुरूष व महिला अभ्यर्थियों के समक्ष नंद बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल पर ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। चयन समिति में नोडल अधिकारी डा० संदीप सिंह, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डा० जितेन्द्र गुप्ता, उपदुग्धशाला विकास अधिकारी प्रतिनिधि लेखराज सिंह एवं जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक श्री अनिल सिंह उपस्थित रहे। सर्वप्रथम मुख्य विकास अधिकारी श्री कंडारकर कमल किशोर देशभूषण द्वारा योजना के प्रावधानों व चयन प्रक्रिया की जानकारी दी गयी। मुख पशु चिकित्साधिकारी डा० जितेन्द्र गुप्ता द्वारा पोर्टल पर ई-लॉटरी की प्रक्रिया समझाते हुए आवेदकों को पोर्टल पर रेण्डमाइजेशन सूची में उनका नाम अवलोकित कराया गया। उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डा० सुमित कौशिक द्वारा ई-लॉटरी की स्टैप बाई स्टैप प्रक्रिया पोर्टल पर पूर्ण करायी गयी। इस योजना में 31 जुलाई 2026 तक आवेदकों से औनलाइन आवेदन आमंत्रित किये गये थे। कुल 174 आवेदकों द्वारा आनलाइन आवेदन किये गये थे। अंतिम रूप पोर्टल पर ई-लॉटरी हेतु पात्र कुल 77 आवेदकों की ई-लॉटरी करते हुए 3 पुरूष व 3 महिला आवेदकों का चयन कर अप्रूव किया गया। शेष सभी आवेदक प्रतीक्षा सूची में रखे गये है (चयनित आवेदकों के नाम संलग्न)। शेष 71 आवेदक प्रतीक्षा सूची में रखे गये हैं। पुरूष वर्ग में 49 आवेदक तथा महिला वर्ग में 22 आवेदक प्रतीक्षा में रखे गये हैं।

 

वहलना चैक का नाम पारसनाथ चैक रखने की मांग
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)गौरव कुमार जैन राष्ट्रीय अध्यक्ष, जैन एकता मंच(युवा शाखा),राष्ट्रीय,(रजि. ने जारी पे्रस विज्ञप्ति में कहा कि वहलना चैक का नाम बदलकर महाराणा प्रताप चैक किए जाने के निर्णय से जैन समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। समाज के लोगों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जैन समाज के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। जैन समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि वे महापराक्रमी श्रद्धेय महाराणा प्रताप जी को अपना आदर्श मानते हैं और उनके प्रति अपार सम्मान रखते हैं, लेकिन वहलना चैक का ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व अलग है। यह चैक वर्षों से “वहलना चैक” के नाम से ही जाना जाता रहा है तथा इसके समीप ही विश्व विख्यात जैन तीर्थ अतिशय क्षेत्र, वहलना स्थित है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन हेतु आते हैं।
ऐसे पवित्र एवं ऐतिहासिक स्थल से जुड़े चैक का नाम बदलना जैन समाज की भावनाओं को आहत करने वाला एवं निंदनीय कदम है। समाज ने इस निर्णय के लिए भाजपा सरकार एवं मौजूदा नगरपालिका प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। जैन एकता मंच युवा शाखा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव जैन ने अपने बयान में कहा कि वहलना चैक का नाम परिवर्तन जैन समाज की आस्था और इतिहास के साथ सीधा खिलवाड़ है। हम महाराणा प्रताप जी का सम्मान करते हैं, लेकिन किसी समाज की पहचान और धार्मिक विरासत को नजरअंदाज करना पूरी तरह अनुचित है। यदि यह निर्णय जल्द वापस नहीं लिया गया, तो जैन समाज सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से जोरदार आंदोलन करेगा।
जैन समाज ने मांग की है कि सरकार एवं मुज़फ्फरनगर नगरपालिका तत्काल इस निर्णय को वापस लेते हुए चैक का नाम “पारसनाथ चैक, वहलना” घोषित करे। समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को शीघ्र नहीं माना गया, तो कांवड़ यात्रा के बाद जैन समाज इस निर्णय के विरोध में व्यापक आंदोलन करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

 

 ग्रामीणों ने बरसाए फूल, दिया स्वच्छता का संदेश
बुढ़ाना। जल शक्ति मंत्रालय के राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत कार्यरत श्गंगा विचार मंच द्वारा हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया गया। बुढ़ाना विधानसभा संयोजक मोहित गोयल के आग्रह पर मंच के पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से आ रहे श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए गंगा विचार मंच के सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग एकत्र हुए। जैसे ही कांवड़ियों का जत्था मार्ग से गुजरा, उपस्थित लोगों ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के साथ उन पर फूलों की वर्षा की। भीषण गर्मी और कठिन पैदल यात्रा के बीच इस आत्मीय स्वागत से कांवड़ियों के चेहरे खिल उठे और उनमें भारी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर गंगा विचार मंच के जिला संयोजक श्रवण अग्रवाल, जिला मीडिया संयोजक नितिन तायल, एडवोकेट विश सिंघल, मनोज अग्रवाल, शोभाराम प्रधान, शहंबर कश्यप, बिजेंदर कश्यप, धनपाल, देवेंद्र पाल, रवि पाल, सतवीर कश्यप, डॉ. आशु सैनी, रामभरोसी उपाध्याय, राजकुमार प्रधान, रवि कश्यप, सहेंद्र कश्यप, रमेश सैनी, भोपाल पाल, चंद्रपाल, चंद्र प्रकाश सहित गांव के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने शिवभक्तों की सेवा कर पुण्य लाभ कमाया और यात्रा के मंगलमय होने की कामना की।

 

अजय सिंह को इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में आईआईटी दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई
मुजफ्फरनगर। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सचिव अतुल कुमार गर्ग ने बताया कि श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामबीर सिंह, सेवानिवृत्ति सहायक महाप्रबंधक (दूरसंचार) के सुपुत्र अजय सिंह को आईआई टी दिल्ली में 57वें दीक्षांत समारोह में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी थे। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार मुजफ्फर नगर द्वारा अजय सिंह के उज्जवल भविष्य की कामना की तथा परिवार को इस गौरवमयी उपलब्धी के लिए बहुत-बहुत बधाई दी।

 

सपा कार्यालय पर पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती मनाई गई
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) समाजवादी पार्टी के मुजफ्फरनगर स्थित जिला कार्यालय पर पूर्व सांसद और समाजवादी आंदोलन की प्रमुख शख्सियत फूलन देवी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूलन देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। चित्र पर फूल चढ़ाकर सभी नेताओं ने उन्हें नमन किया और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया। पार्टी नेताओं ने उनके द्वारा सामाजिक न्याय के लिए किए गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि फूलन देवी का जीवन हमेशा विपरीत परिस्थितियों से लड़ने का प्रतीक रहा है। उन्होंने समाज के बेहद कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं का कहना था कि सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों को सम्मान और बराबरी दिलाने में फूलन देवी की भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी।
 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जिया चैधरी ने फूलन देवी के योगदान पर प्रकाश डाला। जिलाध्यक्ष जिया चैधरी ने कहा कि पूर्व सांसद फूलन देवी का जीवन बेहद कठिन और संघर्षपूर्ण परिस्थितियों से गुजरा। उन्होंने कहा कि अत्यंत कठिन परिस्थितियों के बावजूद फूलन देवी ने समाज में अपनी एक अलग पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक जनप्रतिनिधि के रूप में कदम रखा और लोगों की मजबूत आवाज बनने का प्रयास किया। जिया चैधरी ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के सम्मान की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है। जिया चैधरी के अनुसार, फूलन देवी का जीवन संघर्ष पार्टी के हर एक कार्यकर्ता को यह प्रेरणा देता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी अपने अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ी जा सकती है। उन्होंने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं से विशेष आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को समाज के कमजोर, गरीब और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनना चाहिए। कार्यकर्ताओं को उनके अधिकारों के लिए निरंतर काम करना चाहिए और समाज में व्याप्त भेदभाव के खिलाफ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने भी फूलन देवी के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की और अपने विचार व्यक्त किए। राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने कहा कि फूलन देवी का जीवन संघर्ष और सामाजिक बराबरी के सिद्धांतों की एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि फूलन देवी ने अपने जीवन में बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना किया था। इसके बाद उन्होंने राजनीति के माध्यम से समाज के दबे-कुचले वर्गों की आवाज उठाने का प्रयास किया। राकेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी विचारधारा हमेशा से सामाजिक न्याय और सभी के लिए समान अवसरों की पक्षधर रही है। फूलन देवी का जीवन इस बात का सबसे बड़ा उदाहरण है कि समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर नागरिक को अपनी बात और अपनी आवाज मजबूती से रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को सीख दी कि वे महापुरुषों और सामाजिक संघर्ष के प्रतीकों के जीवन से प्रेरणा लें। कार्यकर्ताओं को समाज में आपसी भाईचारा, समानता और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने के लिए लगातार काम करना चाहिए। श्रद्धांजलि सभा के दौरान पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी फूलन देवी को नमन किया। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने फूलन देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके जीवन के अलग-अलग पहलुओं को याद किया। नेताओं ने कहा कि फूलन देवी ने लंबे संघर्ष के बाद राजनीतिक जीवन में प्रवेश किया था। राजनीति में आने के बाद उन्होंने जनता के बीच अपनी एक अलग पहचान बनाई। नेताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि फूलन देवी को न केवल उनके कठिन संघर्षपूर्ण जीवन के लिए याद किया जाता है, बल्कि उन्हें सामाजिक न्याय और कमजोर वर्गों की निडर आवाज के रूप में भी याद किया जाता है। मुजफ्फरनगर स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित इस जयंती कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव इलम सिंह और प्रदेश सचिव सोमपाल कोरी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा जिला महासचिव धर्मेंद्र सिंह उर्फ नीटू और जिला कोषाध्यक्ष भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष इकराम कसार, जिला सचिव यशपाल चैधरी, शमशेर मलिक, वसीम राणा और मुर्शिद खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद फूलन देवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके संघर्ष को याद किया। कार्यक्रम के अंत में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि फूलन देवी की जयंती केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह दिन समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को दोहराने का दिन भी है। नेताओं ने कहा कि समाज में समानता, भाईचारा और सामाजिक न्याय स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए जाने की जरूरत है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

 

सावन के दूसरे सोमवार पर शिव चैक पहुंचीं मीनाक्षी स्वरूप ने शिव चैक पर किया जलाभिषेक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)सावन के दूसरे सोमवार को कांवड़ यात्रा के बीच शिव चैक पर आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह बारिश के बीच नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप शिव चैक पहुंचे। दोनों ने भगवान आशुतोष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया और क्षेत्रवासियों सहित देश-प्रदेश के सभी लोगों के सुख-समृद्धि एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। पूजन के दौरान मीनाक्षी स्वरूप और गौरव स्वरूप ने भगवान शिव से कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न होने की प्रार्थना की। बारिश के बावजूद शिव चैक पर श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह बना रहा।
नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का पावन अवसर है। कांवड़ यात्रा में आने वाले सभी शिवभक्त हमारे अतिथि हैं और उनकी सेवा करना नगरपालिका परिषद का दायित्व है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका की ओर से कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर लगातार काम किया जा रहा है। बारिश के बीच भी नगर पालिका की टीमें व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए सक्रिय हैं। उन्होंने शिवभक्तों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान प्रशासन और नगरपालिका का सहयोग करें तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने कहा कि सावन का दूसरा सोमवार सभी के लिए मंगलमय हो, यही भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना है। मुजफ्फरनगर की पहचान कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की सेवा और स्वागत के लिए है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को मिलकर कांवड़ियों की सेवा करनी चाहिए और इस बार भी सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, उद्यमियों तथा अनेकानेक संस्थाओं ने सेवाभाव का परिचय देकर यह साबित भी किया है। यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण बनाने में जिला पुलिस और प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी, नगरपालिका परिवार के साथ ही सभी ने अपना योगदान दिया है। मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगरपालिका परिषद कांवड़ यात्रा के दौरान अब डाक कांवड़ियों के रूप में आ रहे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने नगरवासियों से भी अपील की कि कांवड़ियों का सम्मान करें और नगर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग दें।

 

शिविर का हुआ आयोजन
मोरना। शिवरात्रि पर्व के अवसर पर शुकतीर्थ से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों की सेवा के लिए मोरना-शुकतीर्थ मार्ग पर किसान द्वारा सेवा शिविर लगाया गया है। शिविर में सोमवार को बड़ी संख्या में पहुंचे कांवड़ियों को जलपान सहित अन्य सेवाएं प्रदान की गईं। मोरना -शुकतीर्थ मार्ग पर आयोजित शिविर के संचालक चैधरी बृजवीर सिंह राठी ने बताया कि शिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालु शुकतीर्थ से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। शिवभक्तों की सेवा के उद्देश्य से शिविर लगाया गया है। सोमवार दोपहर तक शिविर के माध्यम से हजारों शिवभोलों को जलपान आदि की सेवा प्रदान की गयी। शुकतीर्थ से गंगाजल लेकर कांवड़िये मुज़फ्फरनगर,संभलहेड़ा, ककराला, वजीराबाद, भोकरहेड़ी, भोपा सहित आसपास के क्षेत्रों की ओर जा रहे हैं।

 

खाली प्लाट में मिला लापता युवक का शवMuzaffarnagar News
मोरना। सोमवार सुबह मोरना में सब्जी मंडी के पास ध्यान सिंह यादव के खाली पड़े प्लाट में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव पड़ा देख ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। मृतक की पहचान अरविंद पाल निवासी मोरना के रूप में हुई, जो रविवार सुबह से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। भोपा थाना क्षेत्र के गांव मोरना निवासी अरविंद पाल उर्फ सुक्का पुत्र जसपाल का शव सोमवार सुबह सब्जी मंडी के पास स्थित कब्रिस्तान के बराबर में पड़े खाली प्लाट में मिला। मृतक के भाई अर्जुन ने बताया कि अरविंद रविवार सुबह से घर से गायब था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। मोरना चैकी प्रभारी पिंटू चैधरी ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अरविंद मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी नोरती, आठ वर्षीय पुत्र कुंज, छरू वर्षीय पुत्री अवनी और चार वर्षीय पुत्री अनवी को छोड़ गया है। पत्नी नोरती सहित भाई अमित कुमार, अनुज कुमार, अर्जुन कुमार और बहनों डोली, राखी व सुमन का रो-रोकर बुरा हाल है। अरविंद की मौत कैसे हुई, यह फिलहाल रहस्य बना हुआ है। मृतक का घर गांव में मेला ग्राउंड के पास है, जबकि शव करीब एक किलोमीटर दूर खाली प्लाट में मिला। मृतक के सिर पर चोट का निशान भी बताया जा रहा है। हालांकि चोट कैसे लगी और मौत का वास्तविक कारण क्या है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। आबादी के बीच खाली प्लाट में शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। प्रधान सर्वेंद्र राठी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुणपाल, आसपा नेता संजय रवि, महकपाल प्रधान, अरविंद कुमार आदि ने मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।

 

आबकारी दुकानें 15 अगस्त को पूर्ण दिवस रहेंगी बंद
मुजफ्फरनगर । रवि शंकर जिला आबकारी अधिकारी, ने बताया कि  उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम 1910 की धारा 40 के अधीन उत्तर प्रदेश आबकारी दुकानों की संख्या और स्थिति नियमावली, 1968 के नियम-13 (ख) एवं आबकारी नीति वर्ष 2026-27 में दिये गये प्राविधानों के अन्तर्गत निर्गत अनुज्ञापनों की निबन्धन एवं शर्तों में राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आबकारी अनुज्ञापनों को पूर्ण दिवस बन्द रखे जाने का प्राविधान है। अतः जनपद मुजफ्फरनगर की समस्त देशी शराब, विदेशी मदिरा, बियर के थोक एवं फुटकर अनुज्ञापन, मॉडल शॉप, भांग की दुकानों, एफ0एल0-6/7 बार अनुज्ञापन तथा डिनेचर्ड स्प्रिट के थोक एवं फुटकर अनुज्ञापन एफ0एल0-16/17/39/40, मिथाईल अल्कोहल के एम०ए०-2 व एम०ए०-4 थोक एवं फुटकर अनुज्ञापन दिनांक 15-08-2026 को राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्ण दिवस बन्द रखी जायेंगी ! इस बन्दी के लिए अनुज्ञापियों को किसी प्रकार के प्रतिफल/अभिकर में छूट आदि देय नहीं होगी।

 

बागोवाली चैराहे पर कांवड़ मार्ग का एसपी क्राइम ने लिया जायजा
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ ने लगातार वर्षा के बीच बागोवाली चैराहा पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का लिया जायजा। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने हेतु लगातार निरीक्षण एवं चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ द्वारा लगातार हो रही वर्षा के बीच थाना नई मण्डी क्षेत्रान्तर्गत बागोवाली चैराहा पहुंचकर कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उनके द्वारा सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक अपराध द्वारा पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि लगातार वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम के दृष्टिगत कांवड़ियों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखें, कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं कांवड़ियों की सुविधा हेतु लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।

 

बम बम भोले के जयघोष के साथ सड़कों पर डाक कांवडों का रहा जोरMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)श्रावण मास के दूसरे सोमवार को मुजफ्फरनगर का सुप्रसिद्ध एवं अतिव्यस्त शिव चैक पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में सराबोर नज़र आया। पवित्र दिन पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान भारी बारिश और सड़कों पर हुए जलभराव के बावजूद कांवड़ियों के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं देखने को मिली। दिन चढ़ने के साथ ही शहर में तेज मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे कुछ ही समय में शिव चैक की मुख्य सड़क जलमग्न हो गई। जलभराव के कारण मार्ग से गुजर रहे शिवभक्तों और कांवड़ियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, घुटनों तक भरे पानी के बीच से रास्ता बनाते हुए कांवड़िए पूरे जोश और उत्साह के साथ हर-हर महादेव व बम-बम भोले के गगनभेदी जयकारों के साथ अपनी मंजिल की ओर निरंतर बढ़ते रहे। कांवड़ मेले के अंतिम चरण में डाक कांवड़ का दबाव अचानक काफी बढ़ गया, जिससे शहर की रफ्तार थम सी गई। तेज आवाज और फर्राटा भरती मोटरसाइकिलों पर सवार डाक कांवड़िए शिव चैक की परिक्रमा करते हुए अपने-अपने गंतव्य व शिवालयों की ओर बढ़ते रहे। सड़कों पर मानों केवल डाक कांवड़ियों का ही राज नजर आ रहा था। शिव चैक पर श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। कांवड़ यात्रा के अंतिम दौर में डाक कांवड़ का आगमन अपने चरम पर पहुँच गया। तेज आवाज के साइलेंसर और फर्राटा भरती मोटरसाइकिलों व वाहनों पर सवार डाक कांवड़िए सड़कों पर पूरे वेग से दौड़ते नजर आए। ऐसा लग रहा था मानो पूरे शहर की सड़कों पर सिर्फ और सिर्फ डाक कांवड़ियों का ही राज हो। शिव चैक पहुँचकर ढोल-नगाड़ों और धार्मिक धुनों के बीच शिवभक्तों ने पवित्र चैक की परिक्रमा की और फिर अपने-अपने गंतव्य के शिवालयों की ओर जलाभिषेक हेतु प्रस्थान किया। शिव चैक पर एक ओर जहां श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें दर्शनों के लिए लगी रहीं, वहीं दूसरी ओर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी भी बारिश के बीच यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को संभालने में मुस्तैद दिखे। खराब मौसम और भारी भीड़ के बावजूद कांवड़ियों के चेहरों पर न तो थकान दिखी और न ही बारिश का कोई डर। पूरा शहर दिनभर हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के उद्घोषों से गुंजायमान रहा।

 

धूमधाम के साथ मनायारोटरी क्लब मुजफ्फरनगर सखी ने मनाया तीज उत्सवMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) रोटरी क्लब मुजफ्फरनगर सखी द्वारा तीज के पावन पर्व पर रंगारंग तीज उत्सव का आयोजन हर्षाेल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष गरिमा गुप्ता ने की, जबकि संचालन चारू बंसल ने किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि रोटेरियन लेफ्टिनेंट गवर्नर अनिल बंसल, असिस्टेंट गवर्नर विशाल कालरा एवं रीजनल सेक्रेटरी नीरज बंसल उपस्थित रहे। सदस्यों ने तीज गीत, नृत्य एवं विभिन्न मनोरंजक खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर पास्ट प्रेसिडेंट रोटेरियन नीलम गुप्ता को उनके पूर्व कार्यकाल में किए गए उत्कृष्ट कार्यों एवं क्लब के प्रति योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही प्रज्ञा सिंघल को सखी परिवार में नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया। कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब मुजफ्फरनगर सखी को “इंटरैक्ट क्लब शाहपुर कन्या इंटर कॉलेज” प्रारंभ करने के लिए रोटरी इंटरनेशनल द्वारा चार्टर सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ। यह क्लब के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और युवाओं को सेवा एवं नेतृत्व से जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल है। कार्यक्रम में रोटेरियन अर्चना बंसल, रोटेरियन शशि सिंघल, रोटेरियन अंजू गुप्ता, रोटेरियन लोचन बंसल, रोटेरियन चारू बंसल, रोटेरियन नीलम गुप्ता, रोटेरियन नीलम जैन एवं रोटेरियन गरिमा गुप्ता ने अपने परिवार सहित सहभागिता की। अध्यक्ष गरिमा गुप्ता ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए तीज की शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि क्लब भविष्य में भी सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं युवा विकास से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।

 

शिव भजनो पर झूम उठे कावडिये
मुजफ्फरनगर। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सचिव अतुल कुमार गर्ग ने बताया कि कामिका एकादशी के पावन पर्व पर श्री गीता मानस मंडल द्वारा संचालित कावड़ सेवा शिविर सनातन धर्म सभा, निकट झांसी रानी मे गीता पाठ एवं शिव भजनों का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 800 कांवडियो भाईयो बहनो  एवं विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों ने हिस्सा लिया। सर्वप्रथम अतुल कुमार गर्ग द्वारा गणेश वंदना मां,शारदा गुणगान तथा अष्टादश श्लोकी  गीतापाठ कराया गया।भजनो की कडी मे  संजय अरोड़ा, विमल प्रताप,अजय गर्ग, विपिन गुप्ता,महेन्द्र रावत, राजेश वर्मा द्वारा प्रस्तुत शिव भजनो इक दिन वो भोले भंडारी बन करके ब्रज की नारी  वृन्दावन आ गए है पार्वती भी मना के हारी, ना माने त्रिपुरारी ब्रज में आ गए है को सुनकर उपस्थित शिव भक्त कावडिये नाच उठे तथा पूरा सनातन धर्म परिसर भक्तिरस मे ओत-प्रोत हो गया। इस अवसर पर अतुल गर्ग, रामबीर सिंह,होतीलाल शर्मा, कुंवर देवराज पंवार,अजय गर्ग, अजय तायल,सुभाष गर्ग अमित गर्ग, नितिन नामदेव, अनुराग अग्रवाल,नीरज अग्रवाल, सुरेश पांडे, विमल प्रताप, विपिन गुप्ता,अनीता गुप्ता, राजन गोयल,अलका गोयल,स्वीटी,उपेन्द्र भारद्वाज आदि तथा काफी संख्या में मातृ शक्ति उपस्थित रही। भजन भाव के उपरांत भोग प्रसाद वितरण का कार्यक्रम किया गया।

 

विशाल लंगर, पकोड़े और हलवा प्रसाद किया वितरित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) पवित्र सावन माह की कांवड़ यात्रा के अवसर पर सामाजिक व धार्मिक संस्था पंजाबी समाज रजिस्टर्ड द्वारा शिवभक्तों की सेवा में एक विशाल लंगर का आयोजन किया गया। रुड़की रोड स्थित आनंद भवन के पास आयोजित इस शिविर में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे सैकड़ों कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को गर्म-गर्म पकोड़े एवं हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। भीषण गर्मी और लंबे पैदल सफर से गुजर रहे कांवड़ियों का आनंद भवन के पास पंजाबी समाज के पदाधिकारियों और सेवादारों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सेवादारों ने अत्यंत आदर और निस्वार्थ भाव से शिवभक्तों को रोककर प्रसाद ग्रहण कराया। प्रसाद पाकर श्रद्धालुओं ने भी राहत महसूस की और संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कांवड़ सेवा शिविर को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ समाजसेवियों की प्रमुख भूमिका रही। इस दौरान प्रभारी अशोक बाटला, चेयरमैन नीलकमल पुरी, अध्यक्ष अंकुर दुआ तथा उपाध्यक्ष विनोद डावर, अनिल सोबती, संजय बाटला, प्रमोद अरोड़ा, श्याम मल्होत्रा एवं प्रवीण खेड़ा सहित पंजाबी समाज के तमाम सेवादार दिनभर निष्काम भाव से शिवभक्तों की सेवा में समर्पित रहे।

 

ई-रिक्शा पलटने से दो युवक घायलMuzaffarnagar News
जानसठ। कस्बे के निकट मीरापुर मार्ग पर घटायन गांव के पास एक अनियंत्रित ई-रिक्शा पलटने से उसमें सवार भाई-बहन बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे में युवक के दोनों पैर टूट गए, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद नाजुक हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया।  प्राप्त विवरण के अनुसार, छोटा मवाना क्षेत्र के निवासी वंश (पुत्र सोनू) अपनी बहन वैष्णवी के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर रिश्तेदारी में सिंधारा देने मीरापुर जा रहे थे। जैसे ही उनका ई-रिक्शा घटायन के समीप पहुंचा, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क पर ही पलट गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को ई-रिक्शा के नीचे से बाहर निकाला। इस दुर्घटना में वंश के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है, जबकि उसकी बहन वैष्णवी को भी चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर जुटी भीड़ ने दोनों को तत्काल जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुँचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक डॉक्टरी सहायता देने के बाद वंश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर मेरठ रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बदहवास परिजन भी अस्पताल पहुँच गए और एंबुलेंस का इंतजार किए बिना अपने निजी वाहन से घायलों को इलाज के लिए मेरठ ले गए, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।

 

क्रेन में उलझकर टूटी विद्युत लाइन,टला हादसा
मोरना। नगर पंचायत की क्रेन में उलझकर विद्युत लाइन टूट गयी तथा एक खम्बा भी टूट गया।घटना के दौरान बड़ा हादसा टल गया।लाइन टूट जाने से विद्युत आपूर्ति भी ठप्प हो गयी।  कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला सुभाष चैक में स्थित होली चैक पर सोमवार की दोपहर नगर पंचायत की स्ट्रीट लाइट ठीक करने में प्रयुक्त  क्रेन विद्युत लाइन में उलझ गयी।जिससे एक खम्बा व लाइन टूट गयी घटना के समय विद्युत आपूर्ति चालू थी जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता विपुल चैधरी ने बताया कि नगर पंचायत की क्रेन तेज गति से जा रही थी।जिसका हैडर ऊपर की ओर खुला हुआ था,जिसे ऊपर की ओर खुला देखकर नागरिको ने चालक को संकेत देकर चालक को चेताया किन्तु क्रेन विद्युत लाईन में उलझ गयी।और लाइन व एक खम्बा धराशाई हो गए।लाइन टूटती देख गुज़र रहे राहगीरों में भगदड मच गई।स्थानीय नागरिक कंवरपाल, धर्मपाल, मोहित,बालेन्द्र, गुड्डू,जोगेन्द्र आदि ने रोष प्रकट करते हुए षीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

 

उमस से मिली राहत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)बीते दो दिनों से भीषण गर्मी और चिलचिलाती उमस की मार झेल रहे जनपदवासियों को सोमवार को मौसम के बदले मिजाज ने बड़ी राहत दी। सोमवार सुबह अचानक आसमान में काली घटाएं छाईं और हल्की बूंदाबांदी के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को सराबोर कर दिया। मूसलाधार बारिश से तापमान गिरकर 31 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार आया है जिससे शहर की हवा स्वच्छ और सुहावनी हो गई। उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार को हुई बारिश के बाद शनिवार और रविवार को लोगों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ा था। सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते शहर की सड़कों पर पानी बहने लगा और निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थिति बनने लगी। हालांकि, इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी निजात मिली है। कांवड़ यात्रा के चरम के बीच हुई इस तेज बारिश ने हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत पहुँचाई। शिव चैक और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर बारिश के बीच शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। तेज बारिश की फुहारों के बीच कांवड़ियों ने हर-हर महादेव और बोल बम के गगनभेदी जयकारों के साथ अपनी यात्रा जारी रखी। मौसम के खुशनुमा होने से श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे और वे नए जोश के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए।

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 22516 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2 × 3 =