खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

तेज रफ्तार बाइक के कारण हुआ हादसाः युवक की मौत, एक घायल
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) शहर कोतवाली क्षेत्र में आईपीएल फैक्ट्री के गेट के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकराने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, थाना छपार क्षेत्र के ग्राम खामपुर निवासी मोईन पुत्र मतलूब और जाकिर पुत्र मतलूब एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक आईपीएल फैक्ट्री के सामने पहुंची, अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस बुलावाकर दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मोईन को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल जाकिर की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव खामपुर में मातम छा गया और परिजनों में कोहराम मच गया। उपनिरीक्षक सहीराम नागर ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है और मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

 

पहले बाजारों में जन्माष्टमी पर्व को लेकर बढी रौनकMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व नजदीक आते ही बाजारों में त्योहार की जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को सजाने और मनमोहक रूप देने के लिए मुख्य बाजारों में दुकानों पर रंग-बिरंगी पोशाकें, मुकुट, मोरपंख, बांसुरी, हार, कंगन और झूले सज गए हैं। श्रद्धालु अपने आराध्य के स्वागत की तैयारियों में बढ़-चढ़कर खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों ने जन्माष्टमी के विशेष अवसर पर लड्डू गोपाल के लिए आकर्षक और नए डिजाइनों की पोशाकें मंगवाई हैं। बाजारों में पीले, लाल, हरे, गुलाबी और नीले रंगों की छोटी-बड़ी पोशाकें उपलब्ध हैं। इसके अलावा कान्हा के लिए नक्काशीदार मुकुट, मोरपंख, बांसुरी, माला, कुंडल और पायल जैसे आभूषणों की भारी मांग है। जन्माष्टमी पर घरों में लड्डू गोपाल की विशेष पूजा-अर्चना और झांकियां सजाई जाती हैं। इसी को लेकर बाजारों में शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। बच्चों में इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। अभिभावक अपने छोटे बच्चों को बाल-गोपाल का रूप देने के लिए मुकुट, बंसी और पोशाकें खरीद रहे हैं। दूसरी ओर, क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में भी जन्माष्टमी की तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर कमेटियों द्वारा साफ-सफाई, भव्य विद्युत सजावट और आकर्षक झांकियां तैयार की जा रही हैं। दुकानदारों का मानना है कि पर्व के दिन जैसे-जैसे पास आएंगे, बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल और बिक्री में और अधिक बढ़ोतरी होगी।

 

 

गैंगरेप के 2 आरोपी पुलिस मुठभेड़ में दबोचेMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह नगर कोतवाली पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच तीखी मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई के दौरान चर्चित रामलीला टिल्ला गैंगरेप कांड का वांछित आरोपी फिरोज पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी उस्मान को पुलिस ने इलाके में कांबिंग अभियान चलाकर दबोच लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हाईवे पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों का आमने-सामने से सामना हो गया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में फिरोज गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उस्मान भागने की कोशिश करते समय पकड़ा गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल भिजवाया गया है। गौरतलब है कि बहुचर्चित रामलीला टिल्ला गैंगरेप मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़ गई है। दिनदहाड़े हाईवे पर हुई मुठभेड़ की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

 

 

8 बच्चों के पिता का शव मिला शवMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के रास्ते पर एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा, जिसके बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की शिनाख्त शेरपुर निवासी इरशाद (उम्र लगभग 40-45 वर्ष), पुत्र यूसुफ मलिक के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, मृतक इरशाद आठ बच्चों का पिता था। इरशाद के चेहरे और शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे इलाके में हत्या की आशंका को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव रास्ते तक कैसे पहुंचा, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गहन जांच के बाद ही साफ हो सकेगी। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

 

पुलिस मुठभेड में दो सगे भाई गिरफ्तारMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) बुढ़ाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने देर रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए तहसील के पीछे हुई करोड़ों रुपये की चोरी का सनसनीखेज खुलासा कर दिया। मंदवाड़ा मार्ग पर हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश और एक दरोगा गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद करने का दावा किया है। जानकारी के अनुसार, तीन दिन पूर्व बुढ़ाना तहसील के पीछे रहने वाले रिटायर्ड दरोगा देशपाल के मकान को निशाना बनाते हुए बेखौफ चोरों ने करोड़ों के माल पर हाथ साफ कर दिया था। इस हाई-प्रोफाइल चोरी के बाद से ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की सुरागकशी में जुटी हुई थीं। सोमवार देर रात बुढ़ाना थाना प्रभारी सुभाष अत्री, कस्बा इंचार्ज ललित कसाना और एसओजी टीम को मंदवाड़ा रोड पर संदिग्धों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली। पुलिस टीम ने जब घेराबंदी की तो घिरे बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर सीधी फायरिंग झोंक दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से ढेर हो गया, जबकि क्रास फायरिंग में दरोगा सूर्य प्रताप भी गोली लगने से घायल हो गए। मौके से पुलिस ने रईस के दोनों बेटोंकृशहजाद और शाहनवाज को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने चोरी का 100प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। पकड़े गए शातिर भाइयों से गहन पूछताछ जारी है।

 

कान्हा गौशाला का निरीक्षण कर दिये दिशा निर्देश
मीरापुर । मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता के निर्देशन में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने कान्हा गौशाला मीरापुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में सभी गोवंश पूर्णतः स्वस्थ पाए गए। गौआश्रय स्थल पर जांच के दौरान पर्याप्त मात्रा में भूसा, स्वच्छ पेयजल और हरे चारे की उपलब्धता मिली। इस अवसर पर केयरटेकर मौके पर उपस्थित पाए गए। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने कर्मचारियों को गोवंशों को नियमित रूप से हरा चारा, खल-चोकर देने तथा परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के आवश्यक निर्देश दिए।

 

आॅपरेशन चक्रव्यूहक के तहत वांरटी दबोचाMuzaffarnagar News
तितावी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत तितावी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने न्यायालय से संबंधित वारंट में वांछित चल रहे अभियुक्त नौशाद पुत्र तौफीक, निवासी बघरा को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी जयवीर चैधरी के नेतृत्व और बघरा चैकी प्रभारी अमित चैधरी की अगुवाई में की गई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र के वारंटियों और वांछित अपराधियों में हड़कंप मच गया है। तितावी पुलिस न्यायालय द्वारा जारी कुर्की और एनबीडब्ल्यू (गैर-जमानती वारंट) से जुड़े मामलों में वांछितों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस प्रशासन ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि वारंट छोटा हो या बड़ा, कानून की नजर से कोई भी अभियुक्त बच नहीं पाएगा। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

 

 

तृतीय सोपान जांच शिविर हुआ सम्पन्न
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में वैदिक पुत्री इंटर कॉलेज, नई मंडी, मुजफ्फरनगर में आयोजित पांच दिवसीय श्तृतीय सोपानश् प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का भव्य समारोह एवं कैंप फायर के साथ विधिवत समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक (अपराध) इंदु सिद्धार्थ उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रादेशिक सहायक संगठन आयुक्त अमित कुमार ने की। मुख्य अतिथि इंदु सिद्धार्थ ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउटिंग-गाइडिंग से बालिकाओं में आत्मनिर्भरता, अनुशासन और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है, जो उन्हें हर विषम परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार करती है। अध्यक्षता कर रहे प्रादेशिक सहायक संगठन आयुक्त अमित कुमार ने गाइड्स को अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए आगामी राज्य पुरस्कार जांच शिविर की तैयारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला संस्था से जिला आयुक्त स्काउट ए०आर संतोष वर्मा,जिला स्काउट कमिश्नर विजय शर्मा, जिला गाइड डॉ०कमिश्नर राजेश कुमारी, जिला सचिव अनिल कुमार कौशिक, जिला कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा,विशिष्ट अतिथि डॉ चन्द्रमोहन शर्मा,श्रीमति किरण देवी जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) भारत भूषण अरोड़ा, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) प्रभा दहिया ,उपस्थित रहे। इसके साथ ही शिविर को सफल बनाने में ट्रेनर व सहयोगियों के रूप में कु. ज्योति, कु. साक्षी, कु शिवानी,अनुज कुमार एवं आयुष चैधरी, पिंकू कुमार,बबीता रानी ,अनीता गुप्ता,सविता रानी का विशेष योगदान रहा।
पांच दिवसीय शिविर के दौरान प्रतिभागियों को पायनियरिंग (गांठें, बंधन और लैशिंग), प्राथमिक चिकित्सा, स्ट्रेचर निर्माण, दिशा ज्ञान (कंपास व मैपिंग), सिग्नलिंग, हाइकिंग, बिना बर्तनों के भोजन पकाना (बैकवुडमैन कुकिंग), तंबू निर्माण (टेंट पिचिंग) और आपदा प्रबंधन का गहन व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर दक्षता की जांच की गई। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन सर्वधर्म प्रार्थना और कैंप फायर के माध्यम से बालिकाओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के अंत में शिविर संचालक द्वारा पांच दिवसीय शिविर की विस्तृत आख्या प्रस्तुत की गई तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टोलियों एवं प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ शिविर का विधिवत समापन हुआ कार्यक्रम का संचालन भारत भूषण अरोरा द्वारा किया गया ।

 

 ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता हुई आयोजित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) भारत विकास परिषद केंद्रीय कार्यालय (दिल्ली) के सौजन्य से भारत विकास परिषद विराट शाखा, मुजफ्फरनगर द्वारा आयोजित अखिल भारतीय ष्भारत को जानो लिखित प्रतियोगिता 2026 सोमवार (31 अगस्त 2026) को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। विराट शाखा द्वारा इस प्रतियोगिता का आयोजन जिले के 9 प्रमुख विद्यालयों में कराया गया, जिसमें जूनियर और सीनियर वर्ग के कुल 1,690 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इन 9 विद्यालयों में आयोजित हुई प्रतियोगिता-दीपक सरस्वती विद्या मंदिर, जसोई, गांधी इंटर कॉलेज, चरथावल, गांधी बालिका इंटर कॉलेज, चरथावल, सरस्वती विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल, चरथावल, गोल्डन पब्लिक स्कूल, पचेड़ा रोड, आरएसडी इंटर कॉलेज, सन्मति जैन अकादमी, रुड़की रोड, रेड रोज पब्लिक स्कूल, रोहाना, शारदेन स्कूल, मेरठ रोड । भारत विकास परिषद मुजफ्फरनगर विराट के अध्यक्ष शरद कुमार जैन, सचिव रजनीश गुप्ता और महिला सहभागिता संयोजिका ब्। नीलम जैन ने कहा कि इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, महापुरुषों के त्याग और राष्ट्रीय मूल्यों से अवगत कराना है, ताकि उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना प्रगाढ़ हो सके।  कार्यक्रम के अंत में विराट शाखा के पदाधिकारियों ने सभी विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकगण का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों के पूर्ण सहयोग से ही इतने बड़े पैमाने पर आयोजन सफल हो सका है। परिषद ने सभी प्रतिभागी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी ऐसे राष्ट्रहित के कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प जताया।

 

कलेक्ट्रेट सभागार में मेधावी छात्राओं का सम्मान समारोह हुआ आयोजितMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जिला पंचायत सभागार, कलेक्ट्रेट मुजफ्फरनगर में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत मेधावी छात्राओं का सम्मान समारोह अत्यंत धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ जिलाधिकारी (डीएम) उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्या श्रीमती सपना कश्यप, पुलिस अधीक्षक श्रीमती इंदु सिद्धार्थ, अल्पसंख्यक विभाग की मैत्री रस्तोगी, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला सूचना अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस विशेष अवसर पर जनपद की विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिसका विवरण इस प्रकार है राज्य बोर्ड परीक्षा के मेधावियों का सम्मानरू उत्तर प्रदेश राज्य बोर्ड परीक्षा की कुल 22 छात्राओं को 1,25,000 रुपये की कुल नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। इसमें कक्षा 10वीं की राज्य बोर्ड परीक्षा में प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को 5,000 रुपये का प्रतीक चेक एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का मेडल प्रदान किया गया।  वहीं, कक्षा 12वीं में प्रथम 11 स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को 5,000 रुपये का प्रतीक चेक तथा कक्षा 12वीं में सर्वाेच्च (प्रथम) स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को 20,000 रुपये का प्रतीक चेक व मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत कक्षा 9 या उससे ऊपर की कक्षाओं में अध्ययनरत 05 जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क लैपटॉप वितरित किए गए। कन्या सुमंगला योजनारू कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत लाभान्वित 02 बालिकाओं को सम्मान पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक (बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ) द्वारा जानकारी दी गई कि वर्ष 2011 में जनपद का बाल लिंगानुपात मात्र 863 था, जो निरंतर प्रयासों और प्रशासनिक सुधारों के बल पर आज वर्ष 2026 में लगभग 940 के करीब पहुंच गया है। यह उपलब्धि जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। इस भव्य आयोजन में महिला सशक्तिकरण के जिला मिशन समन्वयक, सहायक लेखाकार शुभम पाल, संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला, विदिशा परीक्षा अधिकारी श्रीमती हेमलता और सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती पूजा देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री संजय कुमार यादव ने उपस्थित सभी बच्चों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों एवं अतिथियों का हृदय से आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

संगठन मजबूती का दिया मंत्र, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
चरथावल। विकासखंड चरथावल के ग्राम दधेडू खुर्द में मंगलवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन को धरातल पर मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी कामिल के आवास पर आयोजित इस बैठक में पूर्व मंत्री योगराज सिंह का कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं व बुके भेंट कर जोरदार स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा से किसानों, मजदूरों, युवाओं और ग्रामीण समाज की मजबूत आवाज रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी सामंजस्य बनाकर गांव-गांव तक पार्टी की विचारधारा का प्रसार करने की अपील की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी कामिल ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में रालोद के जनाधार को और मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से हाजी इंतजार नेता, हाजी मोहम्मद इनाम कुरैशी, मास्टर मोहम्मद अखलाक, डॉ. वसीम अहमद, मास्टर मुजफ्फर हुसैन, एडवोकेट शाईम हसन, मोहम्मद कामिल सहित बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता, समर्थक और क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

 गीता पाठ परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया
मुजफ्फरनगर। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सचिव अतुल गर्ग ने बताया कि आचार्य सीताराम शर्मा (राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत) तथा वरिष्ठ समाज सेवी देवराज पंवार द्वारा भोपा रोड के निकट तुलसी नगर कालोनी मे आचार्य जी के निवास पर गीतापाठ परिवार के सदस्यों का माल्यार्पण कर,पटका पहनाकर तथा गीता जी की प्रति भेंट करके सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भगवताचार्य पंडित होतीलाल शर्मा भी उपस्थित रहे। वरिष्ठ समाजसेवी देवराज पंवार ने कहा कि नगर के अधिकतर क्षेत्रो में निरन्तर साप्ताहिक, एकादशी और विशेष पर्वों पर निःशुल्क गीतापाठ करके जन कल्याण के प्रयासों के लिए  गीतापाठ परिवार के सदस्यों की मुक्त कंठ से सराहना की तथा गीतापाठ की इस अविरल धारा को निरन्तर जारी रखने का आह्वान किया । उन्होंने कहा कि इस पुनीत कार्य मे गीतापाठ परिवार की टीम को उनका हर सम्भव सहयोग मिलता रहेगा तथा नगर मे जीओ गीता बाल संस्कार कक्षा केंद्रो की शुरुआत करके बच्चो को सुसंस्कारित करने के सार्थक प्रयास के लिए भी धन्यवाद  किया। इस अवसर पर काफी संख्या में आचार्य कुल,श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार सदस्य और स्थानीय सम्मानित गणमान्य जन तथा मातृशक्ति उपस्थित रही।

 

उर्विका और वर्तिका का योगासन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन, जीते पदक
मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने 38वीं क्षेत्रीय योगासन प्रतियोगिता में अतुलनीय प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विद्यालय प्रशासन ने दोनों छात्राओं को मैडल व प्रमाण पत्र प्रदानकर सम्मानित किया।  खेल प्रशिक्षक रवि प्रकाश ने बताया कि विद्या भारती के तत्वाधान में 38वीं क्षेत्रीय योगासन प्रतियोगिता 23 से 26 अगस्त तक सरस्वती विद्या मंदिर शामली में आयोजित हुई। जिसमें विद्यालय की दो छात्राओं उर्विका एवं वर्तिका ने अंडर 17 स्पर्धा में प्रतिभाग किया। उर्विका ने अपने शानदार प्रदर्शन के आधार पर ट्रेडिशनल एवं रिदमिक पेयर प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अतिरिक्त दूसरी छात्रा वर्तिका ने बेजोड़ प्रदर्शन द्वारा सभी मन्त्रमुग्ध करते हुए आर्टिस्टिक सिंगल प्रतियोगिता में कांस्य पदक तथा रिदमिक पेयर प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।  विद्यालय आगमन पर प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा एवं वरिष्ठ शिक्षक महेश कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली उक्त दोनों छात्राओं उर्विका एवं वर्तिका को मैडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। प्रबंध समिति के अध्यक्ष सूरत सिंह वर्मा, प्रबंधक बाल बहादुर, सह-प्रबंधक ज्ञानचांद सिंघल ने क्षेत्रीय योगासन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली दोनों छात्राओं सहित उनकी प्रशिक्षिका अपर्णा चिकारा को शुभकामनायें प्रदान करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन महेश कुमार ने किया। इस अवसर पर समस्त शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

जानसठ में निषाद समाज ने बुलंद की आवाजः अनुसूचित जाति में शामिल करने और आरक्षण की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापनMuzaffarnagar News
जानसठ । जानसठ क्षेत्र में निषाद समाज के लोगों ने एकजुट होकर अपने संवैधानिक अधिकारों और मांगों को लेकर हुंकार भरी। समाज के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन सौंपकर निषाद वंश की सभी पर्यायवाची जातियों को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल करने तथा समान आरक्षण देने की पुरजोर मांग की।अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग- केवट, मल्लाह, बिंद, मंझवार, कश्यप, तुरैहा, माझी और रैकवार जैसी सभी पर्यायवाची जातियों को एक समान रूप से अनुसूचित जाति की सूची में शामिल कर आरक्षण व सुविधाएं दी जाएं। जातिगत जनगणना में मंझवार (डी.टी.) दर्ज हो आगामी जातिगत जनगणना में निषाद वंश की सभी जातियों के नाम के आगे मंझवार (डी.टी.) दर्ज करने की मांग की गई, ताकि समाज का सटीक आंकड़ा सामने आ सके। 1857 के शहीदों के गांवों को मिले दर्जारू प्रथम स्वतंत्रता संग्राम (1857) में बलिदान देने वाले निषाद समाज के वीरों के गांवों को आदर्श शहीद गांव घोषित किया जाए और उनके परिजनों को स्वतंत्रता सेनानी परिवार का दर्जा दिया जाए। विमुक्ति दिवस का जिक्ररू प्रतिनिधियों ने बताया कि 1871 के काले कानून (क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट) से 31 अगस्त 1952 को मुक्ति मिलने के कारण समाज हर साल 31 अगस्त को विमुक्ति दिवस मनाता है। प्रतिनिधियों ने प्रशासन से अनुरोध किया कि यह ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को त्वरित कार्रवाई हेतु भेजा जाए। इस अवसर पर निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश कुमार कश्यप, तहसील अध्यक्ष रजनीश कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष धर्मवीर कश्यप, सतीश कश्यप, अजीत कश्यप, सोनू कश्यप सहित भारी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

 

 

ट्रेंच विधि से गन्ना बुआई शुरू
मीरापुर। जनपद के ग्राम कासमपुर भुम्मा में टिकौला शुगर मिल द्वाराा सीओ 20016 गन्ना प्रजाति की ट्रेंच विधि (सिंगल बड) से मानसून बुआई का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में टिकौला शुगर मिल के महाप्रबंधक (गन्ना)  अजीत सिंह और उप महाप्रबंधक (गन्ना) अविनाश सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर बुआई की शुरुआत की। यह बुआई स्थानीय कृषक श्री शुभम के खेत में संपन्न हुई। इस दौरान क्षेत्र के कई किसान और मिल अधिकारी भी उपस्थित रहे। मिल प्रबंधन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय किसानों को आधुनिक, कम लागत और अधिक मुनाफा देने वाली वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से जोड़ना है। महाप्रबंधक (गन्ना) अजीत सिंह ने किसानों को ट्रेंच विधि के फायदे समझाते हुए कहा कि इस पद्धति से गन्ने के साथ-साथ सरसों, मटर, आलू और गोभी जैसी सहफसली फसलें आसानी से उगाई जा सकती हैं। इससे किसानों को मुख्य फसल के साथ अतिरिक्त आय प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि ट्रेंच विधि से दो पंक्तियों के बीच पर्याप्त स्थान रहने के कारण आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग सुलभ हो जाता है।
इससे मजदूरी पर होने वाला खर्च घटता है, समय की बचत होती है और फसल की पैदावार में भी काफी वृद्धि होती है।
मिल अधिकारियों ने किसानों को सरकार की प्रोत्साहन नीति की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ट्रेंच पद्धति से बुआई करने वाले किसानों को गन्ना आपूर्ति में विशेष प्राथमिकता देती है। ऐसे किसानों को पर्ची कैलेंडर में सामान्य बुआई की तुलना में पहले पर्चियां जारी की जाती हैं। टिकौला मिल प्रबंधन ने क्षेत्र के सभी किसानों से शरद कालीन गन्ना बुआई में अधिक से अधिक रकबे पर ट्रेंच विधि अपनाने की अपील की है।

 

नलकूपों से मोटर और स्टार्टर चोरीMuzaffarnagar News
जानसठ। जानसठ थाना क्षेत्र के हाजीपुर और निठारी गांवों के जंगल में बीती रात बेखौफ बदमाशों ने एक के बाद एक आधा दर्जन (छह) किसानों के नलकूपों को निशाना बनाकर विद्युत मोटर और स्टार्टर चोरी कर लिए। शातिर चोरों ने नलकूपों से चोरी की गई मोटरों को खेतों में ही खोलकर उनसे कीमती तांबे के तार निकाल लिए और लोहे की खाली बॉडी वहीं फेंककर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, घटना हाजीपुर निवासी दीपचंद पुत्र बालेसर प्रधान, रामकुमार पुत्र बाबू और दिनेश पुत्र बुद्ध के अलावा निठारी निवासी नरेश पुत्र छोटे व दो अन्य किसानों के नलकूपों पर हुई। बदमाशों ने नलकूप के कमरों के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह जब किसान खेतों में पहुंचे, तो कमरों के ताले टूटे मिले और मोटरों की खाली बॉडी खेतों में बिखरी पड़ी देखी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। एक ही रात में आधा दर्जन नलकूपों पर हुई इस बड़ी चोरी की घटना से क्षेत्र के किसानों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, इस घटना के बाद से ग्रामीणों में रात के समय खेतों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता बनी हुई है।

 

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 22723 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2 × 1 =