खबरें अब तक...

समाचार

नकल कराने में जुटे केंद्र व्यवस्थापक व 14 फर्जी शिक्षकों समेत 17 गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार की नकलविहीन परीक्षा कराने के दावों के बीच एसटीएफ ने शिक्षा विभाग व प्रशासन के अधिकारियों की मिलीभगत से जनता इंटर कॉलेज बाढ़ के परीक्षा केंद्र पर शुक्रवार को छापा मारकर सामूहिक नकल पकड़ी।एसटीएफ की टीम ने फिजिक्स की परीक्षा में सामूहिक नकल कराने का भंडाफोड़ कर केंद्र व्यवस्थापक व 14 फर्जी शिक्षकों समेत 17 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में दो बाहरी लोग भी हैं, जिन्हें नकल माफिया से जुड़ा माना जा रहा है। जिस समय एसटीएफ की टीम ने छापा मारा, वहां पर शिक्षक प्रश्नपत्र को सॉल्व कर उसकी प्रतियां छात्रों में वितरित कर रहे थे। प्रशासन की संस्तुति पर यूपी बोर्ड ने इंटर भौतिक विज्ञान के इस केंद्र की परीक्षा को निरस्त कर दिया है। एसटीएफ की टीम ने पूरी रात पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की तो बड़े पैमाने पर सामूहिक नकल का खुलासा हुआ। इसमें जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की भूमिका भी मिली जिन्होंने परीक्षा केंद्रों को मनमाने तरीके से लगाया। सामूहिक नकल केंद्र व्यवस्थापक व प्राइवेट अध्यापक छपार क्षेत्र के एक गांव के स्कूल के छात्रों को ठेके पर पास कराने की गारंटी देकर परीक्षा में सम्मिलित कराए गए छात्रों को कराई जा रही थी। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि योगी सरकार के तमाम दावों के विपरीत पिछले वर्ष भी इसी प्रकार कॉलेज के द्वारा नकल कराई गई थी। शनिवार की सुबह पांच बजे एसटीएफ की टीम पकड़े गए सभी आरोपियों को चरथावल थाने लेकर गई टीम ने सभी पकड़े गए आरोपियों के बयान दर्ज किए हैं और रिकॉर्ड के लिए अलग अलग फोटो कराए गए हैं एसटीएफ की टीम की थाने में आने वाले अजनबी युवकों पर पैनी नजर है। पकड़े गए आरोपियों से किसी को भो मिलने नही दिया जस रहा है। उधर कॉलेज में भी पूरी तरह से सुनसान है केवल एसटीएफ टीम के सदस्य व जिला विद्यालय निरीक्षक कॉलेज में डेरा जमाए है कॉलेज में पहुंचे नायब तहसीलदार रामअवतार ने भी विद्यालय निरीक्षक से जानकारी ली। नए केंद्र व्यवस्थापक ने कराई शनिवार की परीक्षा बिरालसी। चरथावल क्षेत्र के केंद्र व्यवसपक के पकड़े जाने के बाद शनिवार को प्रथम पारी में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा जिला विद्यालय निरीक्षक व तेजल्हेड़ा कॉलेज के प्रधानाचार्य आशीष की देख रेख में कराई गई वही नए केंद्र व्यवस्थापक के रूप में जयहिन्द इंटर कॉलेज चरथावल के अध्यापक हरनाम सिंह लोधी को लगाया गया उनके अलावा ब्रजेश को अतिरिक्त अध्यापक के रूप में लगाया गया हैं जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार को दूसरी पारी में कोई पेपर नही था प्रथम पारी मे 12 कमरों में परीक्षा कराई गई है दूसरी पारी में पेपर न होने के कारण अगला पेपर 25 फरवरी को होगा।कई जिलों के छात्र ठेके पर पास होने की गारंटी लेकर दे रहे परीक्षामुजफ्फरनगर। गांव बाढ़ के इंटर कॉलेज में बनाए गए इस परीक्षा केंद्र पर पूरी बोर्ड परीक्षा नकल माफिया के इशारे पर कराई जा रही थी। छात्रों की सूची देखी गई तो इसमें मुजफ्फरनगर के ही नही बल्कि आसपास के कई जिलों के छात्र यहां आकर परीक्षा दे रहे हैं। उन्हें पास कराने की गारंटी देकर मोटी रकम नकल माफिया ने वसूली और उसके इशारे पर ही फजी शिक्षकों के कार्ड डीआईओएस कार्यालय द्वारा कक्ष निरीक्षक के रूप में सत्यापित किए गए। हालांकि ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई नही की गई। एसटीएफ द्वारा की गई छापेमारी एवम पकड़े गए आरोपियों को लेकर ग्रामीणों में अनेक प्रकार की चर्चा है ग्रामीण का कहना है कि कॉलेज प्रधानाचार्य कॉलेज प्रबंध तंत्र के सहयोग से प्रतिवर्ष कॉलेज में नकल कराई जाती है लेकिन उनके सामने कोई बोलने की हिम्मत नही रखता है। इससे नकल करके पास होने वाले बच्चो के साथ साथ मेहनत करने परीक्षा देने वाले बच्चो के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।मुख्यमंत्री की चेतावनी से हड़कंपमुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सार्वजनिक रूप से चेतावनी थी कि यदि बोर्ड परीक्षा में नकल हुई तो डीएम और डीआईओएस इसके लिए जिम्मेदार होंगे। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को अपने अपनी तहसील में नकल रोकने की कमान दी हुई थी। अब सामूहिक नकल पकड़े जाने और केंद्र व्यवस्थापक समेत 17 की गिरफ्तारी होने के बाद पूरे प्रशासनिक अमले और डीआईओएस कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है। सामूहिक नकल के तार शिक्षा विभाग के साथ प्रशासनिक अधिकारियों से भी जुडे हुए हैं। इस केंद्र पर दो स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। उनकी जिम्मेदारी भी नकल रोकने की थी। डीएम अजय शंकर पांडेय का कहना है कि इसमें किसी को नही बख्शा जाएगा। नकल माफिया से सामान बरामदबिरालसी। जनता इंटर कॉलेज बाढ़ से नोएडा की एसटीएफ टीम ने छापेमारी करते हुए नकल माफियाओं से एक लग्जरी गाड़ी ,पिस्टल,मोबाइल, सॉल्व पेपर,गाइड व बरामद की है, वहीं अध्यापकों से मिले मोबाइलों से अन्य सुराग लगाया जा रहा है आगे भी कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है। मोबाइल फोन की कॉल डिटेल भी गहरे राज से पर्दा हटाएगी।

 

रेलवे का नया भवन बनेगा 8 करोड़ की लागत सेः बालियान1 21 | 2 16 |
मुजफ्फरनगर। रेलवे स्टेशन के नये बनने वाले भवन का पूजा अर्चना के साथ शिलान्यास करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डा. संजीव बालियान ने कहा कि यह भवन किशनगढ राजस्थान के महल का प्रारूप होगा। उन्होंने कहा कि 10 मार्च तक रेलवे का दोहरीकरण के निरीक्षण का कार्य पूर्ण हो जायेगा तथा आम जनता के लिए दोहरीरेलवे लाइन शुरू हो जायेगी। रेलवे स्टेशन परीसर में रेलवे विभाग द्वारा आयेजित कार्यक्रम में उत्तर रेलवे के अपर मंडल प्रबंधक राजीव धनगर ने कहा कि आठ करोड रूपये की लागत से यह भवन एक वर्ष के भीतर पूरा कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि मेरठ से मुजफ्फरनगर तक रेलवे लाइन दोहरीकरण का कार्य लगभग सम्पूर्ण हो चुका है दस मार्च को रेलवे विभाग के उच्चाधिकारी इसका निरीक्षण करेंगे और इसके बाद में डबल लाइन शुरू हो जायेगी। अगली योजना में मुजफ्फरनगर से टपरी तक दोहरीकरण का कार्य कराया जायेगा। सांसद संजीव बालियान ने कहा कि 2014 में मंत्री बनने के बाद उन्होंने तत्कालीन रेलवे मंत्री डा. सदानंद गौडा से मुलाकात कर इस दोहरीकरण के लिए कहा था। प्रक्रिया के बाद दोहरीकरण का बजट पास कराया गया और यह कार्य लगातार चलते हुए 10 मार्च को समाप्त हो जायेगा और इसके तुरंत बाद दोहरी रेलवे लाइन शुरू हो जायेगी। सांसद संजीव बालियान ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की एक जनसभा जो किशनगढ राजस्थान में हुई थी वहां जाने का सौभाग्य मिला था और वहां के रेलवे स्टेशन के देखकर उनके मन में आया था कि मुजफ्फरनगर का जो रेलवे स्टेशन वर्ष 1924 में बना था उसका कायाकल्प कराया जाये इसके लिए उन्होंने रेलवे अधिकारियों से मिलकर प्रयास किया नतीजा आपके सामने है कि आठ करोड की लागत से एक वर्ष के भीतर रेलवे का नया भवन बनकर तैयार हो जायेगा। डा. संजीव बालियान ने अपर मंडल प्रबंधक राजीव धनगर से मांग करते हुए कहा कि नौचंदी में अतिरिक्त कोच लगाया जाये तथा संगम एक्सप्रेस को मुजफ्फरनगर से चलवाया जाये इसके अलावा नई मंडी क्षेत्र में एक टिकट खिड़की बनवायी जाये साथ ही रेलवे शहर और नई मंडी के बीच एक फुट ओवरब्रिज भी बनवाये। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डा. सुधीर सैनी, विधायक उमेश मलिक, विधायक विक्रम सैनी एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक कपिल देव अग्रवाल आदि ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन रेलवे विभाग दिल्ली के इंजीनियर रश्मि सिंह एवं भाजपा जिला महामंत्री हरीश अहलावत ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के उपरांत पूजा अर्चना के साथ शिलापट का लोकार्पण किया गया तत्पश्चात शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धाजंलि देते हुए राष्ट्रीयगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान भाजपा नेता रामपाल टेलर, प्रमोद मित्तल, श्रीमोहन तायल, अशोक कंसल, मनु मलिक, कुशपुरी, कुंजबिहारी अग्रवाल, शिवराज त्यागी, सभासद विपुल भटनागर, नवनीत कुच्छल, कैप्टन प्रवीन, विशाल गर्ग, विपिन चौहान, उद्योगपति सुभाष चौधरी, बबीता गुप्ता, शारदा सिंघल, महेशो चौधरी, कमलकांत कश्यप एडवोकेट, घनश्याम भगत, डीजीसी सिविल गौरव अग्रवाल, डीजीसी क्रिमनल राजीव शर्मा एडवोकेट, राजेंद्र काटी, सुनील दर्शन, रोहताश पाल, सुनील शर्मा, गीता जैन, नरेंद्र चौधरी, सभासद पिंकी बाल्मीकि, विपिन बालियान, अनिल तोमर, पंकज माहेश्वरी, मीडिया प्रभारी अचिन्त मित्तल, संजय गर्ग, लक्ष्मण िंसंह, सुनीता शर्मा, अचिन्त कंसल, रामकुमार सैनी, एकता गुप्ता, श्रीमती गीता जैन, बिजेंद्र बैनीवाल, धर्मेन्द्र तायल, प्रमोद पाल, अमित चौधरी, रमेश खुराना, कन्हैया लाल किंगर, दीपा कौशिक, सत्येंद्र त्यागी, श्याम सिंह सैनी, प्रवीन खेडा, नरेंद्र चौधरी सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

जैन आंखों के अस्पताल में होगा 2 मार्च को नेत्र रोगों का परीक्षण3 12 |
मुजफ्फरनगर। श्री दिगम्बर जैन धर्मार्थ औषधालय के सानिध्य में चल रहे जैन आंखों का अस्पताल नई मंडी वकील रोड पर आगामी 2 मार्च को संस्था के रजत जयंती महोत्सव पर मुनी सौरभ सागर जी के सानिध्य में आंखों के निःशुल्क परीक्षण कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। चिकित्सालय के प्रभारी जिनेन्द्र कुमार जैन एडवोकेट ने बताया कि दो मार्च 2019 को संस्था के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे है इस अवसर पर संस्था अपने रजत जयंती समारोह का आयोजन कर रही है। इसी के चलते मुनी सौरभ सागर जी महाराज के सानिध्य में निःशुल्क नेत्र रोगियों का परीक्षण कराया जायेगा तथा जिनको आवश्यकता होगी उनको लैंस लगवाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि मैक्स सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल के विभिन्न रोग विशेषज्ञों द्वारा कैम्प में आंखों के अलावा अन्य रोगों हृदय रोग, न्यूरो, जोड रोग आदि का निःशुल्क परामर्श भी दिया जायेगा। डा. सचिन सिंघल एमएस नेत्र रोगियों की जांच करेंगे। प्रेसवार्ता के दौरान अजय कुमार जैन एडवोकेट, पवन कुमार जैन बजाज, सतपाल जैन तम्बाकु वाले, धनप्रकाश जैन सर्राफ आदि मौजूद रहे।

जनपद के 50133 लघु सीमान्त किसानों के खातों में 10 करोड 2लाख 66 हजार की धनराशि बैंक खातों में स्थानान्तारितः अपर जिलाधिकारी4 14 |
मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के मा0 प्रधानमंत्री जी द्वारा किये गोरखपुर में किये गये शुभारम्भ कहा कि भारत सरकार द्वारा 01 फरवरी को पेश किए बजट में किसान सम्मान निधि की स्थापना की गयी है जिसमें लघु एवं सीमान्त कृषकों के परिवारों को प्रति वर्ष 6 हजार रूपयें डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर के माध्यम से प्रदान किया जाएगा। उन्हेने बताया कि यह धनराशि 2 हजार रूपयें की तीन समान किश्तों में प्रदान की जायेगी। उन्होने बताया कि इस योजना को 01.12.2018 से लागू किया गया है एवं 01.12.2018 से 31.03.2019 की समयावधि के लिए 2 हजार रूपये की किश्त को लघु सीमान्त कृषक परिवारों के बैंक खातों में स्थानान्तारित किया जा रहा है। उन्होने बताया कि जनपद के लघु एवं सीमान्त 50133 किसानों के खाते में प्रथम किस्त रूपये 2 हजार जिसकी कुल धनराशि 10 करोड 2 लाख 66 हजार है किसानों के खातों में हस्तान्तरित की गई है। उन्होने बताया कि यह कार्यक्रम सभी विकास खण्डों, तहसीलों में व जिलास्तर पर जिला पंचायत सभागार में किया गया है विधायक कपिल देव अग्रवाल, मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती आंचल तोमर व अन्य अधिकारीगण आज जिला पंचायत सभागार में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के शुभारम्भ पर मा0 प्रधानमंत्री जी के लाईव कार्यक्रम में उपस्थित रहकर उनका उदबोधन किसानों व जनसामान्य के साथ सुन रहे थे। इस अवसर पर विधायक कपिल देव अग्रवाल व मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती आचंल द्वारा पात्र किसानों को प्रमाण पत्रों का भी वितरण किया गया। सभागार में उपस्थित किसानों जिनमें उस्मान निवासी ग्राम शाहबुददीनपुर, विनोद कुमार, संजीव कुमार व शिवकुमार निवासी दत्यिना व कपिल कुमार निवासी पिन्ना के पास शुभारम्भ के अवसर पर खातें में पहुंची धनराशि का मैसेज भ्ी आ गया। विधायक ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी द्वारा किसानों की आय दोगुना करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होने कहा कि उनका सपना है कि किसान आर्थिक रूप से सुदृढ बने। उन्होने कहा कि अन्तिम पायदान के व्यक्ति को सोचकर योजनाए ंबनाइ्र जा रही हे। और उसका लाभ मिल रहा है। उन्होने कृषि विभाग व अन्य अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतने कम समय में यह कार्य पूर्ण किया गया है। और किसानों के खातें में पैसा ट्रांस्फर हुआ है। इस अवसर उप जिलाधिकारी सदर कुमार भूपेन्द्र, तहसीलदार सदर अमित कुमार, उप निदेशक कृषि नरेन्द्र कुमार, सहित कृषि विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

जल भराव की समस्या से नागरिक परेशान5 13 |
मुजफ्फरनगर। जलभराव की समस्या से परेशान दुकानदारो ने पालिका प्रशासन से समस्या के निस्तारण की मांग की। अंसारी रोड पर सीवर कार्य पूरा होने के पश्चात अब सडक निर्माण के कारण नाली का पानी अवरूद्ध हो जाने की वजह से सडक पर कुछ जगह पानी भर जाने से जल भराव की समस्या बनी हुई है। स्थानीय व्यापारियो का कहना है कि अंसारी रोड पर जल भराव के कारण उनकी दुकानदारी पर भी विपरीत प्रभाव पड रहा है। अंसारी रोड व्यापार मण्डल से जुडे व्यापारियो ने जिला प्रशासन से इस और गंभीरता से ध्यान देने की मांग की।

गंदगी व कूडे के ढेर पर मौहल्लेवासियों ने किया प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। गंदगी व कूडे के ढेर से आजिज मौहल्लावासियो ने पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उचित साफ सफाई व्यवस्था की मांग की। नगर के मौहल्ला रामलीला टिल्ला स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप कूडा डलावघर से आजिज मौहल्लावासियो ने पालिका प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर पुतला फूंका तथा उक्त स्थान पर पडने वाले कूडे को किसी अन्य स्थान पर डलवाने की मांग की। इस दौरान अनेक मौहल्लावासी मौजूद रहे।

परमात्मा के यादगार कार्य ही महाकुम्भ7 11 |
मुजफ्फरनगर। प्रजापिता ब्रहमाकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय गांधीनगर के मीडिया प्रभारी बी.के.केतन कर्णवाल ने जारी प्रेस विज्ञप्ति मे अवगत कराया कि आज भोपा रोड स्थित शगुन पैलेस उत्सव मण्डप पर प्रजापिता ईश्वरीय विश्वविद्यालय गांधीनगर की और से महाशिव रात्रि पर्व के अवसर पर कार्यकम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली से पधारी राजयोगिनी ब्रहमाकुमारी विजय दीदी ने बताया कि महाशिवरात्रि और महाकुम्भ एक दूसरे से सम्बन्धित है। इस संसार मे परमात्मा ने जो महान कार्य किए हैं उसकी यादगार ही महाकुम्भ और शिवरात्रि हैं। आत्मा का परमात्मा से लम्बे समय तक बिछुडने के बाद फिर से पूरे सृष्टि चक्र मे एकबार मिलन होता है तब यह महाकुम्भ कहलाता है। इसलिए इस महामिलन का का नाम महाकुम्भ हो जाता है। जहॉ ज्ञान स्नान से आत्मा का मैल साफ हो जाता है। क्योंकि चारो युगो मे यह घटनाक्रम सिर्फ कलियुग के अंत और सतयुग के आदि मे होता है। कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र मलिक ने किया। कार्यक्रम मे बी.के.पूनम दीदी,विशाखा,सोनम,राधा,राकेश,रेणू, बाला, बब्ली,बी.के.रमेश, महेश, प्रवीण,बी.के.केतन कर्णवाल, विनोद,दीपक, नितीन सोमपाल आदि मौजूद रहे।

पालिकाध्यक्ष ने किया निरीक्षण 8 8 |
मुजफ्फरनगर। पालिकाध्यक्ष ने पथ प्रकाश व्यवस्था व अन्य विकास कार्यो का स्थलीय निरीक्षण का आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अंजु अग्रवाल ने नई मन्डी राजवाहा रोड स्थित बाबूराम गेट के समीप विद्युत लाईटो को बदलाने तथा मुनीम कालोनी के समीप नाली व खडंजा निर्माण आदि विकास कार्यो का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ ईओ पालिका,नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा.आर.एस.राठी, सभासद प्रियाशु जैन तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

शामली में बेखौफ बदमाशों का आतंक, घर में घुसकर की लाखों की लूट
शामली। शामली में सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामशाला में पांच नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों ने मां बेटे को बंधक बनाकर लाखों की डकैती डालकर सनसनी फैला दी। बदमाश घर में रखी लाखों की नकदी, गहने, कारतूस, मोबाइल और बाइक लूटकर ले गए। घटना के बाद व्यापारी नेता भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। मोहल्ला रामशाला में सराफ अनिल वर्मा उर्फ पप्पू अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी दो दुकान नया बाजार के सामने बड़ा बाजार में हैं। शनिवार को अनिल, पता फूल सिंह वर्मा और बेटा अभिषेक दुकान पर थे, जबकि पत्नी शोभा घर पर थीं। अभिषेक दुकान से घर पर खाना खाने गए थे। उनके पीछे ही घर में घुसे पांच बदमाशों ने सराफ का नाम लेकर आवाज लगाई। कहा कि उनसे कुछ हिसाब करना है। ऊपरी मंजिल से अभिषेक ने कहा कि पापा दुकान पर हैं, वहीं चले जाओ। इसी बीच बदमाश जीने से चढ़कर ऊपर पहुंच गए और अभिषेक की कनपटी पर पिस्टल लगाकर जान से मारने की धमकी देकर चुप कर दिया। बदमाशों ने अभिषेक और उसकी मां शोभा वर्मा को गन प्वाइंट पर लेकर उनके हाथ रस्सियों से बांध दिए और उनके मुंह में कपड़ा ठूस दिया। बदमाशों ने शोभा को रसोई में और अभिषेक को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने घर के सभी कमरों की अलमारी, बैड, सेफ को खंगाल डाला। बदमाश घर में रखी लाखों की नकदी, गहने, लाइसेंसी बंदूक के कारतूस, मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूट लिया। जाते हुए बदमाश घर में नीचे गैलरी में खड़ी चाबी लगी बाइक को लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह बंधनमुक्त होकर मां-बेटे ने शोर मचाया, जिस पर मोहल्ले के लोगों के साथ व्यापारी भी घर पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की। एसपी अजय कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एसपी ने बदमाशों की तलाश में कई टीमों को लगाया है। बताया कि लूटा गया मोबाइल शहर के बाहर बधेव रोड पर पब्लिक स्कूल के निकट पड़ा हुआ मिला है। मोहल्ले में घटना को लेकर मोहल्ले में दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़ित व्यवसायी ने पुलिस को अभी घटना की तहरीर नहीं दी है। लाखों रुपये का नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।

बाजार से गायब होने लगा सेंधा नमक, छुआरे हुए महंगे, व्यापारियों ने किया पाकिस्तानी सामान का बहिष्कार
मुजफ्फरनगर। पुलवामा में आतंकी हमले के बाद सरकार के पाकिस्तान से आने वाली चीजों पर टैक्स बढ़ाने का असर बाजार पर नजर आने लगा है। पाकिस्तान से आने वाले सेंधा नमक, छुआरा आदि कई वस्तुओं की आपूर्ति बॉर्डर पर अटक गई है। ऐसे में बाजार में इनका स्टॉक खत्म होने लगा है। व्यापारियों ने भी पाकिस्तान से आयतित माल मंगवाना बंद कर दिया और साफ कह दिया है कि यदि जरूरी लगा तो वे देश हित में पाकिस्तानी वस्तुओं का बहिष्कार करेंगे, उसके दूसरे विकल्प भी देश में मौजूद है। पुलवामा की घटना के बाद सरकार ने पाकिस्तान से आने वाली चीजों पर 200 प्रतिशत टैक्स लगा दिया है। इससे इनकी कीमतें दुगने से भी ज्यादा हो गई हैं और सप्लाई बॉर्डर पर ही अटक गई है। बाजार में छुआरे की मांग घट गई और व्यापारियों ने छुआरा मंगवाना बंद कर दिया है। आम दिनों में सहारनपुर में छुआरे की खपत चार से पांच टन है, लेकिन ईद पर रमजान माह में छुआरे की खपत इसकी 10 गुना हो जाती है। यही स्थिति सेंधा नमक की भी है। शामली की मंडी जवाहरगंज के थोक ड्राई फूड व्यापारी विजय बहादुर ने बताया कि पाकिस्तान से अमृतसर की बड़ी मंडियों में सबसे ज्यादा सेंधा नमक, छुआरा, गूगल, गोंद आदि जड़ी बूटियां आती हैं, वहां के बड़े व्यापारी इन्हें देश भर में भेजते हैं। शामली में मोदीनगर के बड़े व्यापारी इसकी सप्लाई भेजते हैं। विजय बहादुर बताते हैं कि उनके यहां सेंधा नमक के 30 बोरे महीने में निकलते थे, लेकिन कई दिन से माल ना होने की वजह से स्टॉक खत्म हो गया है। इसी तरह छुआरों का भी स्टॉक भी खत्म होने की स्थिति में है। उनका कहना है कि देश हित में वे पाकिस्तान के आने वाली चीजों का बहिष्कार भी करने को तैयार हैं। पाकिस्तान को आर्थिक रुप चोट देना जरूरी है। जो चीजें नहीं आएंगी, उनके कई विकल्प देश में मौजूद हैं। मोरगंज बाजार सहारनपुर के छुआरा कारोबारी मयंक गोयल का कहना है कि बाजार में छुआरे की मांग घट गई है। ऐसे में व्यापारी रिस्क नहीं लेना चाहते है। रमजान माह में छुआरे की खपत अधिक होती है। अगर यही हालात रहे तो रमजान माह में छुआरे के दाम भी आसमान छू सकते हैं।
बोले व्यापारी, पाक को सबक सिखाना जरूरी-शामली के थोक व्यापारी मनोज कुमार कहते हैं कि पाकिस्तान देश में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। पुलवामा घटना के बाद उसे कड़ा सबक सिखाना जरूरी है। सभी को मिलकर वहां से होने वाले कारोबार को प्रभावित करना होगा। अब उसे आर्थिक चोट पहुंचानी जरूरी है। घेर चेंबर मोरगंज बाजार सहारनपुर के ड्राइफ्रूट कारोबारी चंदन कालड़ा का कहना है कि पुलवामा हमले का असर बाजार पर नजर आ रहा है। सहारनपुर जिले में रोजाना चार से पांच टन छुआरे की खपत है। अब मंहगा होने की वजह से बाजार में छुआरे की मांग घट गई है। व्यापारियों ने पाकिस्तान से छुआरा मंगवाना बंद कर दिया। घेर चेंबर मोरगंज बाजार सहारनपुर के व्यापारी अनित गर्ग का कहना है कि पाकिस्तान से अब छुआरा मंगवाना घाटे का सौदा है। शुल्क 200 प्रतिशत होने की वजह से छुआरे की मांग घटी है। इसके अलावा पाकिस्तान से भारी मात्रा में सेंधा नमक भारत आता है। सेंधा नमक भी नहीं मंगा रहे हैं, जिससे दाम बढ़ गए हैं।
बढ़ने लगीं कीमतें-शामली में जो छुआरा थोक में 70 रुपये मिल रहा था, उसकी कीमत 125 रुपये जा चुकी है। थोक में पांच से छह रुपये किलो मिलने वाला सेंधा नमक 11 तक पहुंच गया है। इसी तरह पिसे हुए नमक का रेट भी 15 से बढ़कर 25 तक पहुंच गया है। इसी तरह खजूर ,गोंद, गूगल आदि की कीमतें भी बढ़ रही हैं। सहारनपुर में किलोग्राम और पिसा सेंधा नमक दस से 12 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा थी। अब साबुत सेंधा नमक 15 से 16 रुपये किलोग्राम और पिसा हुआ नमक 25 से 30 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है।

पश्चिम यूपी में जाट, दलित और मुस्लिम फार्मूले की होगी परीक्षा
मुजफ्फरनगर/मेरठ। सपा और बसपा के गठबंधन में तीसरा साथी रालोद है। लोकसभा चुनाव में तीनों दलों का ही नहीं बल्कि जाट, मुस्लिम और दलित समीकरण का भी इम्तिहान होगा। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन की तस्वीर भी इसी फार्मूले से साफ होगी। चुनाव प्रचार में बसपा अध्यक्ष मायावती के अगले कदम पर दलित वोटरों की निगाह टिकी हुई है। इसकी वजह यह है कि रालोद और बसपा के बीच सीधे तौर पर गठबंधन की कोई बात नहीं हुई है। कैराना उपचुनाव में मायावती प्रचार से दूर रही। देखने वाली बात यह होगी जाट मतदाता सपा और बसपा के प्रत्याशियों को कितने वोट देते हैं।
सियासी दलों ने लोकसभा चुनाव की तैयारी को तेज कर दिया। दिल्ली का रास्ता यूपी से होकर ही निकलता है। प्रदेश में भाजपा से मुकाबला करने के लिए सपा, बसपा और रालोद एक साथ चुनाव लड़ने जा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि तीनों दलों के इस गठबंधन में पश्चिम उत्तर प्रदेश के जाट, मुस्लिम और दलित समीकरण के संकेत मिल रहे हैं। साल 2019 लोकसभा चुनाव में यह फार्मूला कामयाब रहा तो प्रदेश में साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी इसे आजमाए जाने की संभावना जताई जा रही है। रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने प्रेस को जारी बयान में भी यह स्पष्ट किया है कि रालोद भविष्य में भी सपा और बसपा के साथ चलेगा, लेकिन इस गठबंधन में कई सवाल बाकी है। बसपा और रालोद की सीधे तौर पर कोई बातचीत नहीं हुई है। रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच बातचीत हुई। इसमें बसपा ने सिर्फ तीनों सीटों पर अपने प्रत्याशी नहीं उतारने पर सहमति जताई है। देखने वाली बात यह होगी कि बसपा अध्यक्ष लोकसभा चुनाव में क्या रालोद के लिए प्रचार में उतरेगी या फिर वह बिजनौर और मेरठ जैसी जाट समाज के प्रभाव वाली सीटों पर चौधरी अजित सिंह या जयंत चौधरी को भी प्रचार के लिए बुलाएंगी या नहीं। मतदाताओं में भी इस तरह की तमाम चर्चाएं हैं। मुजफ्फरनगर से चौधरी अजित सिंह के मैदान में उतरने के कारण इस बार यह सीट वीआईपी होगी। यहां देखने वाली बात यह होगी कि मुस्लिम और दलित वोटर रालोद को कितना वोट कर पाएंगे। इसी तरह कैराना में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस लोकसभा क्षेत्र के जाट मतदाताओं का क्या रुझान रहता है। बागपत में रालोद की सीधी टक्कर भाजपा से होने का अनुमान लगाया जा रहा है। जाहिर है कि सियासत के गणित में जाट, दलित और मुस्लिम वोटरों के मिजाज का भी इस बार पश्चिम की सीटों पर इम्तिहान होगा।
कौन-कौन सी सीट छोड़ देगी कांग्रेस-सपा, बसपा और रालोद के गठबंधन ने अमेठी और रायबरेली की सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारने का फैसला किया है। देखने वाली बात यह होगी कि क्या कांग्रेस भी गठबंधन के खास उम्मीदवारों के लिए इस तरह का फैसला करती है या नहीं। बहुत संभव है कि कांग्रेस मुजफ्फरनगर सीट को छोड़ दें।

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5917 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

17 − eight =