बिजनौर: रबड़ फैक्ट्री में टैंक खोलने के दौरान जोरदार ब्लास्ट, 1 मजदूर की मौत
बिजनौर की एक रबड़ फैक्ट्री (Rubber Factory) में टैंक खोलने के दौरान टैंक में ब्लास्ट (Blast In Tank) हो गया था। जिसमें 3 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे। इसमें से एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई है। जबकि दो का उपचार चल रहा है। हैरत की बात यह है कि घटना होने के बाद फैक्ट्री स्वामी ने ब्लास्ट में झुलसे मजदूरों की अभी तक कोई खबर नहीं ली जिसको लेकर झुलसे मजदूरों के परिवारों में खासा नाराजगी है।
दिनांक 18.06.2021 को थाना कोतवाली शहर क्षेत्रान्तर्गत देव रबड फैक्ट्री में बाॅयलर की भाप से झुलसे 03 व्यक्तियों में से एक की दौराने उपचार मृत्यु होने के सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक बिजनौर की बाईट। #UPPolice @Uppolice @homeupgov @UPGovt
@adgzonebareilly @digmoradabad @dmbijnor pic.twitter.com/TaUY6e7okQ— Bijnor Police (@bijnorpolice) June 20, 2021
बिजनौर नगीना मार्ग स्थित छोईया के पास इंडस्ट्री इलाका है। जहां पर दर्जनों फैक्ट्रियां हैं। इसमें तीन फैक्ट्री बिजनौर के मोहित की है, जिसमें आए दिन बड़ी घटना होती रहती है। शनिवार सुबह फैक्ट्री में कार्य कर रहे 3 मजदूर टैंक खोल रहे थे। इसी दौरान टैंक फट गया, जिसमें तीनों मजदूर बुरी तरह झुलस गए। फैक्ट्री में मौजूद गार्ड ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कर दिया गया था, लेकिन फैक्ट्री मालिक व अन्य लोगों ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। घायलों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
कुछ वर्ष पूर्व मोहित पेट्रो केमिकल में भी एक मेथेन गैस का टैंक फटने से 6 लोगों की मौत हो गई थी। जिसमें मृतक के परिवारों को खानापूर्ति के लिए पैसे देकर मामला रफा-दफा कर दिया गया था। शनिवार को फिर एक ताजी घटना हो गई। फैक्ट्री में आए दिन हो रही घटनाओं पर बिजनौर जिला प्रशासन भी ध्यान नहीं दे रहा। आय दिन फैक्ट्री के अंदर गरीब लोगों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। शायद ही कोई ऐसा साल गुजरता होगा जिसमें इस फैक्ट्री में कुछ मजदूरों की मौत ना होती हो।
ब्लास्ट में झुलसे वीर सिंह ने बताया कि हमें अस्पताल में भर्ती तो करा दिया, लेकिन फैक्ट्री स्वामी ने अभी तक मुड़कर हमारी तरफ नहीं देखा। फिलहाल जिला प्रशासन को चाहिए कि इन फैक्ट्रियों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। अन्यथा फैक्ट्री को बंद कर दिया जाए। पीड़ित परिजनों ने फैक्ट्री स्वामी से उचित मुआवजे की मांग की है।
इस घटना को लेकर एसपी डॉ धर्मवीर सिंह के निर्देश पर पुलिस ने फैक्ट्री में जाकर आज घटना की जानकारी ली और फैक्ट्री मालिक के खिलाफ मुकदमा लिखकर उचित कार्यवाही करने की बात कही है।

