सदर ब्लॉक में अमित चौधरी की पत्नी वर्षा चौधरी ने किया नामांकन, निर्विरोध प्रमुख बनना तय
मुजफ्फरनगर। जिले में आज ९ ब्लॉकों पर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया कडी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। भारतीय जनता पार्टी ने बुढाना में प्रत्याशी बदला है और कल पार्टी में शामिल हुए अजित सिंह बब्लू को लडाने का फैसला किया है। वहीं खतौली में पार्टी के दो नेताओं में कश्मकश के चलते यहां उम्मीदवार घोषित ना करने का फैसला किया है।
जिले में सभी क्षेत्रों में ब्लॉक प्रमुखी के नामांकन को लेकर कड़े सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। हर ब्लाक पर प्रशानिक अधिकारियों व पुलिस के अधिकारी व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं। हर ब्लाक के गेट पर मेटल डिटेक्टर मशीन लगाई गई है, जहां से सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर चेकिंग करने के बाद ही किसी को भी अंदर आने दिया जाएगा। वहीं चप्पे-चप्पे पर हर ब्लॉक पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। आज ३ बजे तक नामांकन की प्रकिया हुई।
नामांकन को लेकर उम्मीदवारों के जोश और उनके समर्थकों की भीड एकत्र होने की आंशका के बीच किसी भी स्थिति से निपटने को अलर्ट रहा। दूसरी ओर डीएम, एएसपी ने भी विभिन्न ब्लॉकों का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिनस्थों को आवश्श्यक दिशा निर्देश दिये। एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, एडीएम प्रशासन अमित कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार सिंह, सीओ सिटी कुलदीप कुमार, एसडीएम सदर दीपक कुमार आदि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आये।
सदर ब्लॉक में आज अमित चौधरी की धर्मपत्नी वर्षा चौधरी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र दाखिल कराने में केंद्रीय मंत्री व सांसद डॉ संजीव बालियान के भाई विवेक बालियान, बीजेपी जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला सहित बीजेपी के कई नेता मौजूद रहे। अमित चौधरी ने कहा कि पिछली योजनाओं में जो विकास कार्य रह गए थे
उन्हें इस योजना में पूरा करूंगा और जनता व अधिकारियों और पत्रकारों के प्यार और सहयोग से पूरे ५ साल जनता की सेवा करता रहूंगा पहले भी की है और अब भी करूंगा मैं बहुत छोटे से परिवार से आता हूं, मेरा परिवार पहलवान परिवार के नाम से जाना जाता है और मैंने इसी सदर ब्लॉक में छोटे से पद पर कर्मचारी के रूप में कार्य किया है और आज में इसी ब्लॉक से दोबारा प्रमुखी के लिए नामांकन कर रहा हूं।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के चलते पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज जनपद के सभी नौ ब्लॉक पर ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी के रूप में विभिन्न दलों से समर्थित प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किये।
भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक, मंत्री संजीव बालियान के भाई विवेक बालियान, भाजपा नेता विकास अग्रवाल आदि की मौजूदगी में शाहपुर क्षेत्र से अरविंद त्यागी ने ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। चरथावल विकास खंड से भाजपा प्रत्याशी अक्षय पुण्डीर ने नामांकन स्थल पर पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया।
इसके अलावा जनपद के ब्लॉक चरथावल क्षेत्र से अनारक्षित सीट पर अक्षय कुमार पुण्डीर पुत्र सुरेन्द्र कुमार, जानसठ ब्लॉक मे अनारक्षित सीट से नरेन्द्र सिह पुत्र श्याम, पुरकाजी ब्लॉक से अनुसूचित जाति महिला से श्रीमति मालती रानी पत्नी धनप्रकाश, बघरा अन्य पिछडा वर्ग महिला सीट से श्रीमति रीतू चौधरी, बुढाना ब्लॉक से सूर्यकान्त त्यागी पुत्र अशोक कुमार, मोरना ब्लॉक से अनाररिक्षत सीट से अनिल राठी पुत्र ब्रजपाल राठी ने अपने समर्थकों के साथ ब्लॉक पर पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किये।
समाजवादी पार्टी की ओर से बुढ़ाना ब्लॉक से श्रीमती पाल्लो देवी, बघरा ब्लॉक से श्रीमती अनुराधा एवं जानसठ ब्लॉक से निर्वतमान ब्लॉक प्रमुख योगेश कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किये। राष्ट्रीय लोकदल की ओर से बघरा ब्लॉक से इन्द्रजीत चौधरी, बुढ़ाना ब्लॉक से विनोद मलिक व जानसठ ब्लॉक से स. मेजर सिंह, शाहपुर से पूर्व प्रमुख अनुज सिंह ने नामांकन दाखिल किया।

