खतौली पालिका में अटका भुगतान, ठेकेदार ने लगाई गुहार
मुजफ्फरनगर। खतौली नगरपालिका ठेकेदारों का भुगतान नहीं कर रही है। पालिका में कली-चूना आपूर्ति करने वाला ठेकेदार कई साल से चक्कर लगा रहा है। पीड़ित को भुगतान के नाम पर आश्वासन मिल रहा है। अब पीड़ित ठेकेदार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। उसके बाद पालिका अधिकारी हरकत में आए हैं।
लाड़पुर गांव निवासी अजय कुमार अपने पिता ब्रह्मपाल सिंह के नाम से नगरपालिका में चूना की आपूर्ति करता है। साफ-सफाई के बाद पालिका चूने का छिड़काव कराती है, जिससे दुर्गध न उठ पाए। पीड़ित ठेकेदार के अनुसार उसने पालिका में 1200 कुंतल से अधिक चूना आपूर्ति कर रखी है। यह आपूर्ति निवर्तमान चेयरमैन पारस जैन और वर्तमान चेयरपर्सन बिलकिस के समय की गई है।
पिछले कई साल वर्ष से वह भुगतान के लिए चक्कर लगा रहा है। पालिका पर उसका चार लाख रुपये से अधिक का भुगतान निकल रहा है। परेशान होकर ठेकेदार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भुगतान न होने की शिकायत की है। इसके बाद पालिका अधिकारियों की नींद खुली है, लेकिन भुगतान देने में हाथ खड़े कर दिए गए हैं।
पालिका अधिकारियों का कहना है कि लंबित भुगतानों के लिए पालिका में बजट नहीं है, जिस कारण कुछ ठेकेदारों का भुगतान रुका हुआ है। जल्द ही इनका भुगतान कराने की कार्रवाई की जाएगी।
चिकित्सक व लोगों की सहभागिता से निरोग होगा समाज
खतौली क्षेत्र की गालिबपुर पीएचसी पर विश्व जनसंख्या दिवस के पखवाड़े एवं दस्तक अभियान का आरंभ क्षेत्रीय विधायक विक्रम सैनी ने किया। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे की सहभागिता, जागरूकता के बल पर ही बीमारियां रोकी जा सकती हैं। चिकित्सकों से आह्वान किया कि वह अपना दायित्व पूर्ण रूप से निभाकर लोगों को रोगमुक्त बनाएं।
विधायक ने पीएचसी पर संचारी रोग अभियान से जुड़ी पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में चिकित्सा सेवा से जुड़े लोगों, कर्मचारियों ने बेहतर कार्य किया।
उनके बलबूते प्रदेशभर में बिगड़ती स्थिति को जल्द काबू किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर क्षण प्रदेश के हालातों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आशा बहनें और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें। वहीं, लोगों को संस्कृति से जोड़ा जाए। इस दौरान उन्होंने ने महिलाओं को चिकित्सा किट का वितरण किया। डा. अवनीश कुमार ने बताया कि संचारी रोग व जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा मनाकर लोगों को परिवार नियोजन के उपाय बताए जाएंगे।

