कच्ची शराब पीने से दो युवकों की मौत,मचा कोहराम
मुजफ्फरनगर। मीरापुर के मोहल्ला खटीकान में कच्ची शराब पीने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उसके एक साथी को बेहोशी की हालत में मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों युवकों ने क्षेत्र में बिकने वाली कच्ची शराब पी थी, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं इस मामले में एसएसपी ने क्राइम ब्रांच को जांच सौंप दी है। इस घटना के बाद महिलाओं ने पुलिस के समक्ष जमकर हंगामा करते हुए अवैध शराब बिक्री को लेकर खाकी पर सवाल उठाए। मृतक युवक के भाई ने देर रात दो शराब माफिया के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मीरापुर कसबा के मोहल्ला खटीकान निवासी आदेश (35) पुत्र चंद्रू की कच्ची शराब पीने से को मौत हो गई थी। इसके बाद दिल्ली में उपचार के दौरान कृष्ण पुत्र चमन निवासी खटीकान की भी मौत हो गई। वहीं एक साथी का इलाज चल रहा है।
तीनों ने शनिवार शाम क्षेत्र में बिकने वाली कच्ची शराब खरीदकर पी थी। शराब पीने के करीब आधा घंटे बाद ही तीनों की हालत बिगड़ने लगी, जिस पर वे गिरते-पड़ते घर पहुंचे और बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन तीनों को पीएचसी ले गए, जहां आदेश को मृत घोषित करते हुए कृष्ण को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, तीसरे युवक को यहीं भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्रीय महिलाओं ने जिला आबकारी विभाग व थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र में काफी समय से अवैध कच्ची शराब खुलेआम बिक रही है, लेकिन कई शिकायतों के बावजूद आबकारी विभाग व थाना पुलिस द्वारा अवैध शराब माफिया के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई। शनिवार रात कच्ची शराब पीने से एक युवक की मौत व दो की गंभीर हालत के चलते मोहल्ला वासियों में पुलिस व आबकारी विभाग के प्रति गुस्सा व्याप्त है। देर रात आदेश के बड़े भाई राकेश ने दो शराब माफिया टिल्लू और उसके रिश्तेदार गुल्लू के खिलाफ नामजद तहरीर दी है, जिस पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही थी। युवक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
मीरापुर इंस्पेक्टर पंकज त्यागी ने बताया कि युवकों ने कच्ची शराब पी थी, जिसमें आदेश और कृष्ण की मौत हो गई है। वहीं, एक अन्य की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। आदेश के भाई राकेश ने तहरीर दी है, जिस पर रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। अवैध शराब माफिया के खिलाफ दबिश दी गई, लेकिन फिलहाल कोई हत्थे नहीं चढ़ा।शासन व जिला प्रशासन के निर्देशो के चलते पुलिस व आबकारी विभाग के अधिकारी टीम वर्क मे शराब मापिफयाओ के विरूद्ध अभियान चलाए हुए हैं। पुलिस सूत्रो का कहना है कि शराब के अवैध कारोबार करने वालो के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल मे लाई जाएगी। ऐसे तत्वो को किसी भी कीमत पर बख्शा नही जाएगा।
