News
खबरें अब तक...

Muzaffarnagar समाचार

माफिया डॉन सुशील मूंछ के इनामी बेटे टोनी का मुजफ्फरनगर कोर्ट में सरेंडर
मुजफ्फरनगर। पश्चिम के माफिया डॉन सुशील मूंछ के बेटे टोनी उर्फ मंजीत ने शनिवार को मुजफ्फरनगर में सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। टोनी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। 2 माह पूर्व खतौली में घण्टाघर चौक पर हुई दूधिया असबाब की हत्या में टोनी वांछित चल रहा था। बता दें कि असबाब मुजफ्फनगर दंगे में गवाह था, जिसके चलते उसकी हत्या से क्षेत्र में तनाव भी बढ़ गया था और पुलिस-प्रशासन हाथ पांव फूल गए थे। इसके बाद ही टोनी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। सुशील मूंछ पहले से ही जेल में है। इससे पहले भी टोनी 24 जनवरी 2018 को मेरठ के सोहरका में हुए दोहरे हत्याकांड में आरोपी था। बताया जाता है कि मेरठ के दोहरे हत्याकांड की योजना सुशील मूंछ के घर पर ही तैयार हुई थी। दोहरे हत्याकांड में सुशील मूंछ और टोनी दोनों ही नामजद थे। बाद में टोनी ने उत्तराखंड में रुड़की की कोर्ट में किसी अन्य केस में सरेंडर कर दिया था। इसके कुछ दिन बाद उसे जमानत मिल गई थी।

स्वास्थ्य शिविर में 150 मरीजों की हुई जांच
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर मेडिकल कालेज एंड हॉस्पिटल और मानवाधिकार के तत्वावधान में शनिवार को मंसूरपुर क्षेत्र के गांव जड़ौदा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डॉ० ममता सिंघल ने क्षय रोग (टीबी), सर्जरी, कैंसर तथा हेपेटाइटिस बी व सी के बारे में लोगों को जानकारी दी। शिविर में करीब 150 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के जनरल मैनेजर डॉ० अरशद इकबाल ने प्रधानमंत्री की योजनाओं के बारे में सभी ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल आयुष्मान योजना से संबद्ध हैं। इस योजना के अंतर्गत जो लोग रजिस्टर्ड हैं, वह इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इस मौके पर मलेरिया के लक्षण और उससे बचाव के बारे में भी विस्तार से बताया गया। घर और आस-पास सफाई रखने की भी सलाह दी गयी ताकि मच्छर न पनपने पाएँ क्योंकि मलेरिया व कई अन्य बीमारियाँ मच्छर के काटने से होती हैं। घरों-दफ्तरों में यदि साफ-सफाई का पूरा ख्याल न रखा गया तो ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है। मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के डॉक्टरों की टीम में डॉ० राजेन्द्र कुमार, डॉ. निशा, डॉ. माज, डॉ. भूपेंद्र , डॉ.जीवेश, डॉ. सपांशी, डॉ. कोशिन्द्र शामिल रहे। इस मौके पर मरीजों की जांच कर मुफ्त में दवाएं भी प्रदान की गईं। स्वास्थ्य शिविर में डॉ० हर्षवर्धन त्यागी जिला चेयरमैन मानवाधिकार विभाग, हैदर नसीम जैदी, राबिया त्यागी, यूसुफ त्यागी सहारनपुर मंडल आदि ने कैम्प को पूरा सहयोग किया।

भंडारे का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। शनिश्चरी अमावस पर अनेक स्थानो पर धार्मिक आयोजन व भंडारो का आयोजन हुआ। इसी संदर्भ मे आज नगर के प्रसिद्ध समाजसेवी भीमसैन कंसल की और से शनिश्चरी अमावस के अवसर पर जानसठ रोड पर भंडारे का आयोज किया गया। जिसमे बडी संख्या मे श्रृद्धालुओ ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ उठाया। इस दौरान योगेश गोयल, चचा जे.पी.,नरेन्द्र गोयल,अमित गुप्ता, प्रदीप वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

शनिश्चरी अमावस्या पर छप्पन भोग लगाया
मुजफ्फरनगर। चरथावल मोड स्थित सिद्धपीठ श्री शनिधाम मंदिर प्रागंण में शनिश्चरी अमावस्या के अवसर पर आज प्रातः सात बजे से नौ बजे तक सुंदरकाण्ड के पाठ का आयोजन किया गया तत्पश्चात 27 यजमानों द्वारा भगवान शनिदेव का अभिषेक कर उनका श्रृंगार किया गया। सभी यजमानों ने घी, बूरा, नील, तेल आदि से भगवान शनिदेव को स्नान कराया तत्पश्चा भगवान शनिदेव को 56 प्रकार के भोग लगाये गये और बाद में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। समस्त पूजा कार्य पं. संतोष मिश्रा व पं. केशवानंद ने सम्पन्न कराये। इस अवसर पर मंदिर समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शरद कपूर, अध्यक्ष ललित मोहन, मुकेश चौहान, संरक्षक अशोक ढींगरा, डा. संजय अग्रवाल, दिनेश भारद्वाज, मुख्य सेवक अमित कुमार, सतीश, आशीष, सूर्य, सुनील आदि उपस्थित रहे। शरद कपूर ने जहां आरती सम्पन्न करायी वहीं पर भंडारे के उपरांत उन्होंने मंदिर प्रागंण में उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

ब्राहमण समाज ने की परशुराम जन्मोत्सव पर अवकाश की मांग
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय ब्राहमण महासंघ भारत जनपद इकाई ने मुख्यमंत्री के नाम सौपे गए ज्ञापन मे भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर उत्तर प्रदेश मे सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग की। संगठन के जिलाध्यक्ष डा.शैलेन्द्र गौतम के नेतृत्व मे कचहरी स्थित डीएम कार्यालय पहुंच कर मुख्यमंत्री के नाम सौपे गए ज्ञापन मे बताया कि भगवान परशुराम विष्णु जी के छठे अवतार थे। पूरे हिन्दुस्तान के ब्राहमण उन्हे भगवान के रूप मे मानते है। अक्षय तृतीया को भगवान परशुराम जी का जन्म हुआ था। इस वर्ष 7 मई 2019 दिन मंगलवार को अक्षय तृतीया है।
राष्ट्रीय ब्राहमण महासंघ भारत उत्तर प्रदेश के पूरे ब्राहमण समाज की भावना है कि अक्षय तृतीया को उत्तर प्रदेश मे सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग की। इस दौरान ब्राहमण समाज की और से पंडित सुबोध शर्मा, पंडित ध्यान चन्द कुश, सन्तू पंडित, प्रमोद शर्मा, पंडित राजीव पाराशर, पंडित राकेश शर्मा, पंडित अमित शास्त्री, सुशील शर्मा बैंक वाले, पंडित अमित, पंडित कृष्णा नन्द वशिष्ठ, पंडित अनुराग शर्मा आदि ब्राहमण समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

जमियत उलेमा ने की रमजान माह में बिजली, पानी के उचित इंतजाम की मांग
मुजफ्फरनगर। जमियत उलेमा ने रमजान के महीने मे इंतजाम चुस्त-दरूस्त कराने की मांग करते हुए जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन सौपा। जमियत उलेमा के जिलाध्यक्ष मौलाना मु.कासिम के नेतृत्व मे कचहरी स्थित डीएम कार्यालय पर पहुंचे पदाधिकारियो ने एक ज्ञापन सौपा। जिसमे अवगत कराया कि आगामी 6 मई 2019 से रमजानुल मुबारक का महीना शुरू होने जा रहा है। इस महीने मे मुसलमान भाई दिनभर रोजा रखते हैं, शाम को इफ्तार के बाद से लगभग 11 बजे तक तरावीह की नमाज अदा करते है और सुबह 3 बजे से सहरी का वक्त शुरू हो जाता है। ये महीना निहायत ही बा-बरकत और पाकीजा महीना कहलाता है इसलिए भारत मे रहने वाले सभी धर्मा के लोग इस महीने का सम्मान करते हैं और मुसलमानो का भी ख्याल रखते हैं। जिला प्रशासन ने हमेशा जमियत उलेमा जिला मुजफ्फरनगर की मांग पर इस महीने मे सुरक्षा व्यवस्था व दीगर इंतजामात चुस्त-दरूस्त करने की कोशिश की है। मांग की गई कि खाने-पी की सभी चीजें जैसे फल, सब्जी, दूध, चीनी आदिके दामो पर कन्ट्रोल किया जाए और मिलावट खोरो के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाये। सभी नगर पालिकाओं, नगर पंचायतो एवं ग्राम पंचायतो मे सफाई का इंतजाम, पानी और बिजली की सुचारू रूप से सप्लाई आदि विभिन्न व्यवस्थाओ को दुरूस्त करने की मांग की। ज्ञापन सौपने वालो मे जिलाध्यक्ष मौलाना मु.कासिम, मौलाना मु.मुकर्रम, मौलाना नजर मौहम्मद, हाजी शाहिद त्यागी, मौलाना रिजवान जानसठ, मौलाना ताहिर, हाजी अजीजुर्रहमान, कारी असरार,कलीम त्यागी आदि अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रमजान माह के मद्देनजर ली शांति समिति की बैठक सम्पन्न
शांति समिति की बैठक सम्पन्न
मुजफ्फरनगर। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के निर्देशन पर थाना प्रभारी नई मंडी संतोष कुमार सिंह व गांधी कॉलोनी चौकी इंचार्ज धीरज कुमार व टी पी पी नगर चौकी इंचार्ज सुखबीर सिंह बीबीपुर चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह को साथ लेकर अलग-अलग चौकियों पर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने रमजान के मद्देनजर शांति समिति के तहत गणमान्य लोगों की मीटिंग ली मीटिंग में बोलते हुए थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि त्योहारों को बहुत ही शांतिपूर्ण तरीके से मिल बैठकर प्यार मोहब्बत के साथ मनाना चाहिए तथा एक दूसरे को सहयोग करना चाहिए त्योहार हमारे देश की पहचान है संस्कृति है तथा एक दूसरे से ही हमें अतुल्य सहयोग मिलता है इस अवसर पर अलग अलग चौकी क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रयत्न संस्था ने किया टापर करिश्मा को सम्मानित
मुजफ्फरनगर। सीबीएसई बोर्ड इंटर परीक्षा में देश भर में पहला स्थान पाकर जिले का नाम रोशन करने वाली करिश्मा अरोरा का आज एसडी पब्लिक स्कूल में प्रयत्न संस्था द्वारा मुज़फ्फरनगर का गौरवट्ट सम्मान दिया । इस मौके पर तमाम प्रमुख लोगों ने उसके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि करिश्मा ने अपनी सफलता से जिले का गौरव बढाया है। एसडी पब्लिक स्कूल की छात्रा करिश्मा ने कल घोषित सीबीएसई बोर्ड के इंटर के नतीजों में ५०० में से ४९९ अंक प्राप्त कर देश भर में पहला स्थान प्राप्त किया था। एसडी पब्लिक स्कूल में प्रयत्न के अध्यक्ष समर्थ प्रकाश तथा संस्था के पदाधिकारियों ने प्रधानाचार्य चंचल सक्सेना की उपस्थिति में करिश्मा को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया तो पूरा कक्ष तालियों से गूंज उठा। समर्थ प्रकाश ने कहा कि करिश्मा ने जिले को यह मुकाम दिलाकर भविष्य में अन्य बच्चों के लिए एक बडी प्रेरणा काम किया है। प्रमुख गायनोकॉलोजिस्ट डॉ. नूतन जैन ने भी उसकी सफलता की सराहना की। प्रधानाचार्य चंचल सक्सेना ने कहा कि करिश्मा की बहुमुखी प्रतिभा ने उसे इस मुकाम तक पहुंचाया। नगर पालिका चेयर पर्सन श्रीमती अंजू अगवाल ने प्रयत्न द्वारा बनवाया एक कथक नृत्य का चित्र करिश्मा को दिया । करिश्मा बहुत अच्छी कथक डांसर भी है । इस मौके पर करिश्मा के पिता मनोज अरोरा, माता मोनिका अरोरा ,बीना शर्मा,रीना अग्रवाल, डॉ विवेक कुमार ,प्रीति भारद्वाज, साधना मेहता, नंदकिशोर शर्मा, अमित गर्ग, असद फारूकी, एवं स्कूल के टीचर्स तथा सैकड़ो बच्चे और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन समर्थ प्रकाश अध्यक्ष ने किया।

दो घरों में चोरी से मचा हडकम्प
मुजफ्फरनगर। जनपद में बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेडी में बीती रात्रि बदमाशों ने दो घरों को अपना निशाना बनाया। बदमाश वहां से नकदी गहनों सहित लाखों की सम्पतित चोरी कर ले गये। आज सवेरे घटना के पता चलने पर आस पडौस के लोगों में आक्रोश पैदा हो गया और पुलिस में हडकम्प मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया लेकिन पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लग सका। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात लोगों के विरूद्ध तहरीर लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात्रि भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेडी में नेहरू चौक निवासी कुलवीर सिंह के घर में घुसे बदमाश नकदी, गहने व अन्य कीमती सामान समेट कर ले गये। वारदात के समय परिवार में मौजूद लोग सोते रहे। बदमाशों ने बसेडा मार्ग स्थित विपिन के घर पर भी धावा बोल दिया। यहां भी बदमाश घर में रखी नकदी, गहने व अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गये। आज सवेरे दोनों परिवारों के लोगों को घटना की जानकारी हुई। चोरी की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड जुट गयी। दो घरों में चोरी की सूचना पुलिस को मिलते ही पुलिस में हडकम्प मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया लेकिन पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लग सका। पुलिस ने इस संबध्ां में अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध तहरीर लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है।

दो बदमाश पुलिस मुठभेड में गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। विगत दिनों मौहल्ला आर्यपुरी में बुक सेलर को गोली मारकर लूटकर करने वाले दो बदमाशों को देर रात्रि शहर कोतवाली पुलिस ने मुठभैड के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गये। बदमाशों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था। एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने आज पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि विगत दिनों दक्षिणी कृष्णापुरी में बदमाशों ने दुकान बंद घर वापस लौट रहे बुक सेलर को गोली मारकर नकदी, सोने की चैन व अंगूठी आदि लूट ली थी। इस संबध्ां में शहर कोतवाली पर अज्ञात लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। लुटेरों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने समीप ही लगे सीसीटीवी कैमरे के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। देर रात्रि शहर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि बुक सेलर से लूट करने वाले बदमाश वारदात को अंजाम देने के लिए रूडकी रोड की ओर जा रहे है इस सूचना के आधार पर शहर कोतवाल अनिल कपरवान ने अपनी टीम के साथ बदमाशों की घेराबंदी की। बामनहेडी कट के पास पुलिस व बदमाशों का आमना सामना हुआ जिस पर बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी फायरिंग की। पुलिस द्वारा की गयी फायरिंग में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गये। उनके पास से तमंचे, कारतूस व एक बाइक बरामद हुई हैं पुलिस ने बदमाशों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में पहुंचाया। एसपी सिटीने बताया कि पकडे गये बदमाश दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी आशु पुत्र नरेश और तालिब पुत्र. महबूब निवासी चकराला थाना भोपा है उनके विरूद्ध पूर्व में भी कई अपराधिक मुकदमे दर्ज है।

कोर्ट में किया मंजीत उर्फ टोनी ने आत्मसमर्पण
मुजफ्फरनगर। पुलिस का दबाव पडने पर आज माफिया सरगना सुशील मूंछ के पुत्र मंजीत उर्फ टोनी ने अदालत में समर्पण कर दिया। इससे पूर्व सुशील मूंछ भी अदालत में समर्प्रण कर जेल जा चुका है। पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि खतौली में हुई दूध व्यापारी की हत्या के मामले में पकडे गये लोगों ने खुलासा किया गया था कि इस हत्या में मथेडी निवासी मंजित उर्फ टोनी पुत्र सुशील मूंछ भी शामिल था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर इनाम धोषित किया था वह लगातार फरार चल रहा था जिस पर पुलिस ने उसकी कुर्की करने के लिए अदालत से अनुमति मांगी थी। अदालत ने मंजित टोनी की कुर्की के लिए 82सीआरपीसी के नोटिस जारी कर दिये थे। अदालत द्वारा कुर्की नोटिस जारी करने के बाद आज मंजित टोनी अपने वकील के माध्यम से अदालत में समर्पण कर जेल चला गया।

प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर। सम्राट इंटर कॉलेज को मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अर्चना वर्मा (आई.ए.एस.) व ह्यूमैनिटी वेलफेयर सोसायटी द्वारा किया गया सम्मानित ह्यूमैनिटी वेलफेयर सोसायटी के तत्वाधान में राष्ट्रीय खसरा रूबेला टीकाकरण अभियान २०१८ में अपना सहयोग देने मैं व अभियान को सफल बनाने में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करने के लिए सम्राट इंटर कॉलेज मिमलाना रोड मुजफ्फरनगर को एम.आर. प्रशंसनीय प्रमाण पत्र व उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा में अच्छा परीक्षाफल आने पर प्रमाण पत्र देकर कचहरी परिसर स्थित लोकवाणी सभागार में सम्मानित किया गया। जिसमें मुख्य रूप से मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अर्चना वर्मा (आई.ए.एस.) व कार्यक्रम में अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर डी.के. मिश्रा जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉक्टर शरण सिंह अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक पीके मिश्रा बी.एस.ए. योगेश कुमार शर्मा यूनिसेफ़ मेरठ मंडल के आसिफ हुसैन सिद्दीकी खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र डॉ सविता डबराल द्वारा प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर विद्यालय को सम्मानित किया गया। विद्यालय की तरफ से प्रधानाचार्य डॉ अरशद सम्राट ने यह प्रमाण पत्र प्राप्त किया।

मैंगो पार्टी में बताए फलों के लाभ
मुजफ्फरनगर। सरकुलर रोड स्थित लीडा किड्स गार्डन में मैंगो पार्टी का आयोजन हुआ। इस मौके पर स्कूली बच्चे पार्टी के अनुरूप ही पीले रंग की ड्रेस पहनकर पहुंचे। पार्टी में बच्चों ने आम पर कविताएं सुनाई। इसके साथ ही बच्चों ने आम खाकर पार्टी का लुत्फ लिया। इस मौके पर फ्रूट्स, बिस्किट डेकोरेशन प्रतियोगिता भी रखी गई। स्कूल प्रधानाचार्या विनीता चौधरी ने बताया कि मैंगो पार्टी बच्चों को फल खाने के लिए प्रेरित करने व इसके लाभ बताने के लिए रखी जाती है। बच्चों में फास्ट फूड खाने की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है, जो उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। उन्होंने बच्चों को मौसमी फल और पौष्टिक सब्जियों खाने को भी प्रेरित किया।

बच्चों को किया पुरस्कृत
मुजफ्फरनगर। जिला महिला अस्पताल में स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल हुए स्वास्थ्य विभाग सहारनपुर मंडल के अपर निदेशक डॉ. एके दुआ ने बच्चों एवं स्टॉफ को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। स्वच्छता जागरूकता पखवाड़ा के अंतर्गत जिला महिला अस्पताल के नए भवन में आयोजित हुए कार्यक्रम में सहारनपुर मंडल से स्वास्थ्य अपर निदेशक डॉ. एके दुआ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में अस्पताल के स्टाफ एवं प्राथमिक पाठशाला लद्दावाला के छात्र-छात्राओं सहित आचार्य कुल संस्था के सदस्यों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से स्वच्छता के प्रति चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा दिखाई। अपर निदेशक स्वास्थ्य ने बच्चों को प्रमाण पत्र व कला सामग्री देकर सम्मानित किया। वहीं अस्पताल के स्टॉफ व स्कूल के स्टॉफ को भी सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। इस मौके पर डॉ. एके दुआ ने कहा कि इस प्रकार के अभियानों में बच्चों को शामिल कर उन्हें अच्छे कार्यों की सीख तो मिलती ही है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुज राजवंशी ने किया। कार्यक्रम में सीएमएस डॉ. अमिता गर्ग, समाजसेवी होतीलाल शर्मा आदि मौजूद रहे।

व्हाट्सएप पर ग्रुप बनाकर निगम को चूना लगाने वाले रैकेट का भंडाफोड़
अनेक नामों से बने ग्रुपों में देते थे चैकिंग दल की लोकेशन की सूचना
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की चौकिंग में एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया गया। यह रैकेट व्हाट्सएप पर अनेक प्रकार के ग्रुप बनाकर चौकिंग दल की लोकेशन को दूसरे को साझा करता था। जिसके चलते निगम को हर माह लाखों का चूना लगता था। जिसका भंडाफोड़ होते हुए अन्य में हड़कंप मच गया। गठित जांच कमेटी की जांच के आधार पर कार्यवाही करते हुए डिपो के सहायक क्षे0 प्रबंधक ने तीन परिचालकों की संविदा समाप्त कर उन्हें डिपो से बाहर का रास्ता दिखा दिया। बताया गया कि कुछ परिचालक द्वारा चेकिंगकर्ताओं की लोकेशन ग्रुप बनाकर व्हाट्सएप के माध्यम से अन्य परिचालकों को दे रहे थे। 24 अप्रैल 2019 को सहायक क्षे0 प्रबंधक बीपी अग्रवाल, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राजकुमार तोमर, लोड फैक्टर विश्लेषक वीरेंद्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से कुछ परिचालकों के मोबाइल चौक किए गए, जिसमें अनेकों ग्रुप बने हुए मिले। इन ग्रुपों की जांच करने के लिए सहायक क्षे0 प्रबंधक मुजफ्फरनगर बीपी अग्रवाल के द्वारा हर्ष कुमार लेखाकार, राजकुमार तोमर वरिष्ठ केंद्र प्रभारी, वीरेंद्र कुमार लोड फैक्टर विश्लेषक व जितेंद्र कुमार कार्यालय सहायक प्रथम की कमेटी उपरोक्त व्हाट्सएप ग्रुप में संलिप्त परिचालकों की जांच के लिए गठित की गई। जांच टीम द्वारा हरपाल सिंह संविदा परिचालक, इश्ककार अली सेकंड संविदा परिचालक, देवेंद्र 5 संविदा परिचालक को दोषी होने के उपरांत जांच रिपोर्ट प्रेषित की गई। मिली रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए सहायक क्षे0 प्रबंधक मुजफ्फरनगर द्वारा आज तीनों परिचालकों निगम को भ्रष्टाचार कर हानि पहुंचाने का दोषी मानते हुए उनकी संविदा समाप्त कर दी गई। इस विषय में एआरएम बीपी अग्रवाल का कहना था कि ग्रुपों के संबंध में आगे भी जांच कार्यवाही जारी रहेगी तथा इसमें संलिप्त पाये जाने वाले अन्य परिचालकों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बेटियों पर भरोसे से ही तरक्की करेगा देशः युविका
मुजफ्फरनगर। ओम शांति ओम और तो बात पक्की आदि बालीवुड फिल्मों में अदाकारी एवं बिगबॉस सीजन-9 में हिस्सेदारी करके नाम कमा चुकीं बागपत जिला निवासी अभिनेत्री युविका चौधरी छोटे शहरों की युवतियों के सपने साकार होने में माता-पिता की भूमिका को अहम मानती हैं। उनका कहना है कि बेटियों पर भरोसा करके ही देश तरक्की करेगा। युवतियों को भी माता-पिता को विश्वास में लेकर तरक्की की राह पर कदम बढ़ाने चाहिए। श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में शुरू हुए फैशन स्प्लैश-2019 में शामिल होने एमटीवी रोडीज एवं बिगबॉस सीजन-9 के कंटेस्टेंट रहे बॉलीवुड अभिनेता प्रिस नरूला एवं अभिनेत्री युविका चौधरी मुजफ्फरनगर पहुंचीं। बातचीत में प्रिस नरूला ने कहा कि बॉलीवुड में करियर बनाने के लिए मुजफ्फरनगर सहित अन्य छोटे शहरों के युवाओं को कठिन परिश्रम की जरूरत है। कुछ करने की लगन हो तो काम भी मिल जाता है। उन्होंने खुद लंबी लाइन में लगकर ऑडिशन दिए हैं, जिसके बाद आज यहां तक पहुंचे हैं। कहा, ऐसे फैशन कार्यक्रमों के जरिए युवाओं का स्टेज पर शो करने का हौसला बढ़ता है। माता-पिता भी बच्चों की पसंद और दिलचस्पी के मुताबिक उन्हें डांस, थिएटर आदि की क्लास ज्वाइन कराएं। युविका चौधरी ने बताया कि वह बागपत जिले के बड़ौत कस्बे से निकलकर मुंबई तक पहुंची हैं। अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब उन्होंने बॉलीवुड के लिए तैयारी शुरू की तो पड़ोसी और रिश्तेदारों ने सबसे पहले उनके माता-पिता से कहा कि-यह क्षेत्र उनकी बेटी के लिए अच्छा नहीं है, इसमें बच्चे बिगड़ते हैं। इसके बाद मैंने माता-पिता को भरोसा दिलाया कि उनका सम्मान कभी कम नहीं होगा। जो लोग उस समय उनके करियर को लेकर कमेंट करते थे, अब वे ही उनसे मिलने और साथ फोटो खिचवाने की होड़ में रहते हैं।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 21142 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

five × three =