तीन तलाक का मुकदमा दर्ज: पति पूर्व मंत्री चौधरी बशीर और ससुराली उत्पीड़न कर रहे थे..
आगरा के मंटोला थाना में पूर्व मंत्री चौधरी बशीर के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। उनकी पत्नी ने तीन तलाक बोलकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। साथ ही और भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराली जन मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीड़न कर रहे थे। पुलिस ने मुकदमा दज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री रहे चौधरी बशीर के खिलाफ उनकी पत्नी ने मुकदमा दर्ज कराया है। मंटोला थाने में दर्ज हुए मुकदमे में चौधरी बशीर के खिलाफ मुस्लिम महिला विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम 2019 की धारा 3 धारा 4 और आईपीसी की धारा 504 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है ।
मुकदमा दर्ज कराने वाली नगमा पूर्व मंत्री चौधरी बशीर की दूसरी पत्नी हैं। नगमा के मुताबिक उनकी शादी 11 नवंबर 2012 को पूर्व मंत्री चौधरी बशीर के साथ हुई थी।नगमा और चौधरी बशीर के दो बेटे हैं। नगमा का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ननदों ने उनका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करना शुरू कर दिया था। परेशान होकर नगमा ने कानूनी कार्रवाई की। मामले का मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है।
नगमा का कहना है कि 23 जुलाई 2021 को उन्हें पता चला कि चौधरी बशीर शाइस्ता नाम की लड़की से छठवीं शादी करने जा रहे हैं। इस बात की जानकारी होने पर नगमा चौधरी बशीर के पास पहुंची। नगमा का आरोप है कि चौधरी बशीर ने उनके साथ मारपीट की और तीन तलाक बोलकर घर से बाहर निकाल दिया। नगमा की शिकायत पर मंटोला पुलिस ने चौधरी बशीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

