भरभराकर छात्रा के ऊपर गिर पड़ी स्कूल की दीवार, मौत
औरंगाबाद ब्लॉक क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल की भ्रष्टाचार से बनी दीवार ने आज एक 13 साल की मासूम छात्रा की जान उस समय ले ली, जब छात्रा स्कूल के सरकारी नल से पानी पी रही थी। तभी 6 माह पूर्व बनी दीवार अचानक भरभराकर छात्रा के ऊपर गिर पड़ी। छात्रा की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। हालांकि पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
औरंगाबाद ब्लॉक क्षेत्र के मुढ़ी बकापुर में रहने वाली कक्षा 8 में पढ़ने वाली 13 साल की छात्रा भावना पुत्री ज्ञानचंद आज सुबह प्यास लगने पर स्कूल के अंदर लगे सरकारी नल पर पानी पीने गई थी। पानी पीने के दौरान अचानक स्कूल की दीवार भरभरा कर छात्रा के ऊपर गिर गई। दीवार के मलबे में छात्रा दब गई।
छात्रा के शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग स्कूल पहुंचे और दीवार के मलबे से छात्रा को निकाल लखावटी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई ।
छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल की दीवार लगभग 6 माह पूर्व बनकर तैयार हुई थी, मगर दीवार के गिरने से दीवार में लगे भ्रष्टाचार के घुन की पोल खुल गयी।
