कई महीनों से लखनऊ में लुकाछिपी खेल रहा तेंदुआ: ग्रामीणों में दहशत
लखनऊ के इकाना स्टेडियम के पास गोमती नदी के किनारे तेंदुए के दिखने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। इससे पहले सुल्तानपुर रोड सीजी सिटी और मस्तेमऊ गांव के जंगल में पहली बार तेंदुआ 22 जुलाई 2021 को दिखा था। वन विभाग की टीम आज मौके पर पहुंचेगी। तेंदुए को देख लोगों में दहशत का माहौल है।
राजधानी में एक बार फिर तेंदुए की दस्तक से लोगों की बेचौनी बढ़ गई है। कई महीनों से लखनऊ में लुकाछिपी खेल रहा ये तेंदुआ काफी दिनों से गायब था, लेकिन बुधवार रात इकाना स्टेडियम के पास गोमती नदी के किनारे एक बार यह फिर दिखा तो वहां रहने वाले लोगों की बेचौनी फिर से बढ़ गई। गोमती किनारे दिखे तेंदुए की तस्वीर किसी ने अपने मोबाइल में कैद की और अब वह सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
गोमती किनारे दिखे तेंदुए की तस्वीर वायरल होने के बाद आज यहां वन विभाग की टीम पहुंच कर उसके पंजे के निशान को देखकर आगे की कार्यवाही करेंगे। तेंदुए की फोटो मस्तेमऊ गांव के पास की बताई जा रही है। मस्तेमऊ गांव के लोगों ने तेंदुआ देखने की बात कही है। वह अपने मवेशी तलाशने निकले थे।
हालांकि तेंदुआ दिन में नहीं दिखा। मस्तेमऊ गांव के पास तक जंगल होने के कारण ग्रामीणों में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। पिछले एक महीने से ये तेंदुआ लखनऊ शहर और उसके आस-पास के इलाकों में घूम रहा है लेकिन वन विभाग की टीम उसे अभी तक पकड़ नहीं सकी है।

