Muzaffarnagar:डलावघरों पर सुबह देर तक सड़ता है कूड़ा, रूड़की रोड पर उठती है जबरदस्त बदबू
मुजफ्फरनगर।Muzaffarnagar: शहर में एक बड़ी समस्या डलाव घरों से देर तक कूड़ा न उठने की है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में पूर्ण सफलता न मिल पाने के चलते भी दिक्कत हो रही है और पूर्ण स्वच्छता का उद्देश्य पूरा होता नहीं दिख रहा है। हाल में ही नगर पालिका प्रशासन ने डलावघरों से सुबह 11 बजे तक कूड़ा न उठने पर जुर्माने की घोषणा की थी, लेकिन उससे भी समस्या का समाधान होते नहीं दिखता।
वहीं पशु चिकित्सालय के बाहर बने डलावघर के बाहर कूडे के ढेर से दूर-दूर तक कूडे की बदबू उठती है रूड़की रोड पर इतनी जबरदस्त बदबू उठती है कि पैदल चलने वाले दूर से ही नाक पर कपडा लगाकर निकलते है और बहुत दूर जाकर उसे हटाते है। हालात यह है कि वहां बदबू हर वक्त आती रहती है। गत 11 अगस्त को शहर में आए नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने शहर की सफाई व्यवस्था पर असंतोष जाहिर किया था।
जिसके बाद नगर पालिका तथा जिला प्रशासन में गर्माहट आई थी। डीएम के आदेश पर एडीएम प्रशासन अमित सिंह को पालिका का नोडल अधिकारी नामित करते हुए स्वच्छता के प्रति गंभीर प्रयास की बात कही गई। एडीएम प्रशासन ने तुरंत ही पालिका अध्यक्ष तथा ईओ की मौजूदगी में नगर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति चेताया था।
ईओ ने बताया था कि डलावघरों से कूड़े का उठान निर्धारित समय में नहीं किया जा रहा है। तय किया गया था कि शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को सौ फीसद कर दिया जाएगा। इससे पूर्व नगर के सभी डलावघरों पर प्रातः11 बजे से कूड़ा उठाया जाएगा। निर्धारित समय के बाद यदि डलाव घरों पर कोई कूड़ा डालता है तो जुर्माना किया जाएगा। डलाव घरों से कूड़ा उठाने के लिए चार रूट तैयार किए गए थे।
जिनमें एक जानसठ रोड, राजवाहा रोड, भोपा अड्डा व भोपा पुल के नीचे से तथा दूसरे रूट में सरकुलर रोड होते हुए डीएम आवास, तहसील के सामने तथा निरीक्षण भवन से नगर पालिका कालोनी के सामने के डलाव घर से कूड़े का निस्तारण किया जाएगा। तीसरे रूट में आर्य समाज रोड तथा चौथे रूट में रामलीला टिल्ला से जिला अस्पताल होते हुए रामपुरी गेट व सरवट गेट को शामिल किया गया था।

