Muzaffarnagar News: केन्द्रीय कर्मचारियों ने मुजफ्फरनगर में मांगा सीजीएचएस सेंटर
मुजफ्फरनगर। Muzaffarnagar News:केन्द्रीय कर्मचारियों ने अपनी पेंशन, स्वास्थ्य और अन्य समस्याओं के निस्तारण तथा सरकार द्वारा घोषित सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए मुजफ्फरनगर में केन्द्र सरकार स्वास्थ्य योजना ;सीजीएचएसद्ध के अन्तर्गत वेलनेस सेंटर स्थापित किये जाने की मांग की है।
इसके लिए केन्द्रीय कर्मियों के संगठनों के प्रतिनिधिमण्डल ने केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान से मुलाकात करते हुए ज्ञापन सौंपा। केन्द्रीय कर्मियों का कहना है कि आसपास के जिलों में वेलनेस सेंटर स्थापित होने से लाभ मिल रहा है, जबकि मुजफ्फरनगर में यह सेंटर नहीं होने के कारण गंभीर समस्या बनी हुई है।श्रविवार को आयकर विभाग और पेंशनर संघ के कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमण्डल केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान के एटूजेड कालौनी स्थित आवास पर जाकर उनसे मिला।
प्रतिनिधिमण्डल में आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ, आयकर कर्मचारी महासंघ और पेंशनर संघ के पदाधिकारी शामिल रहे। इस दौरान प्रतिनिधिमण्डल द्वारा केन्द्रीय मंत्री को एक ज्ञापन अपनी मांगों को लेकर सौंपा गया। इसमें उन्होंने मुजफ्फरनगर में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर खुलवाये जाने की मांग की गयी है।
संघ के पदाधिकारियों ने केन्द्रीय राज्यमंत्री को बताया कि पडौसी जनपदों मेरठ और सहारनपुर में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर वर्षों पहले स्थापित हो चुका है। बागपत जिले में भी यह व्यवस्था चल रही है। आज के कठिन समय में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर केन्द्रीय कर्मियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कर्मचारियों के हितों ओर समस्याओं के समाधान के लिए सीजीएचएस वेलनेस सेंटर मुजफ्फरनगर में भी आवश्यक है। जिले में हजारों की संख्या में केन्द्रीय कर्मचारी और पेंशनर अपने परिवार के साथ निवास कर रहे हैं।
केन्द्र सरकार के लगभग सभी कार्यालय, जिनमें आयकर विभाग, केन्द्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क कार्यालय, पोस्ट ऑफिस के साथ ही केन्द्रीय विद्यालय भी स्थित हैं। ऐसे में इन कर्मचारियों और इनके परिवारों को केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ समय से नहीं मिल पा रहा है और पेंशन आदि समस्याओं के निस्तारण को लेकर भी कर्मचारियों को गंभीर रूप से परेशान होना पड़ता है।
इससे मानसिक स्तर पर भी दिक्कत होती हैं। प्रतिनिधिमण्डल ने केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान से जनपद में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर शीघ्र खुलवाने की मांग की। मंत्री ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले में केन्द्र सरकार में बात करते हुए जल्द ही इसका लाभ दिलाने का प्रयास करेंगे।
ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ की ओर से आयकर अधिकारी गणेश चन्द्र गुप्ता, आयकर कर्मचारी महासंघ से अध्यक्ष अशोक द्विवेदी और सचिव अमिताभ श्रीवास्तव, पेंशनर संघ से सुदामा प्रसाद एवं केपी अनुरागी शामिल रहे।

