उत्तर प्रदेश

Agra: दोस्तों संग पार्टी करके लौट रहे नशे में धुत प्रशिक्षु दरोगा ने तीन को रौंदा

Agra: ग्वालियर हाईवे पर सदर के सेवला में सोमवार रात को नशे में प्रशिक्षु दरोगा ने कार दौड़ा दी। तेज रफ्तार कार ने बाइक और मोटर रिक्शा सवार तीन को रौंद दिया। टक्कर के बाद कार नाले में गिर गई। इसमें सवार दरोगा सहित चार लोग फंस गए।

पुलिस ने पहुंचकर उन्हें बाहर निकाला। दरोगा ने पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई कर दी। हादसे में रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रशिक्षु दरोगा गौरव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

घटना रात तकरीबन एक बजे की है। नगला विधिचंद निवासी 19 वर्षीय अरबाज जुगाड़ से बना मोटर रिक्शा चलाता था। वह सेवला से घर आ रहा था। रास्ते में रिक्शा खराब हो गया। इस पर अरबाज के भाई जाबिर और आशू धक्का दे रहे थे। चचेरा भाई अरमान कुछ दूरी पर पीछे आ रहा था।

अरबाज के पिता नसीम ने पुलिस को बताया कि तभी बुंदू कटरा की ओर से तेज गति से एक कार आई। उसमें प्रशिक्षु दरोगा सहित चार लोग सवार थे। कार दरोगा चला रहा था। उन्होंने एक ट्रक को गलत दिशा से ओवरटेक किया। पहले बाइक सवार को टक्कर मारी। बाद में रिक्शे में जा घुसा। टक्कर से अरबाज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जाबिर घायल हो गया।

इतने पर भी कार नहीं रुकी। वह पास के ही नाले में जा गिरी। चीखपुकार सुनकर राहगीर रुक गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। नाले में कार के अंदर फंसे लोगों को पुलिस ने बाहर निकाला। मगर, कार सवार पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। देरी आने पर सवाल करने लगे। आरोप है कि हाथापाई तक कर दी। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि कार गौरव चला रहा था। वह प्रशिक्षु दरोगा है। वह उन्नाव में ट्रेनिंग ले रहा है। मूलरूप से हाथरस का रहने वाला है। इस समय मलपुरा क्षेत्र में ओम पैराडाइज में रह रहा है। दरोगा का मेडिकल कराया गया था। इसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। वह गाड़ी चला रहा था। उसके साथ कालोनी के ही अमरेंद्र सिंह, पियूष और ब्रजेश भी थे। चारों पार्टी करके लौट रहे थे। वह भी घायल हुए हैं। बाइक सवार राजा सेवला का रहने वाला है। उसे भी गंभीर हालत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21671 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

17 − five =