Agra News: 1 करोड़ 36 लाख 93 हजार 294 रुपये लेकर फरार हो गया, विवेक के खिलाफ थाना रकाबगंज में मुकदमा दर्ज
Agra News: निजी कंपनी का कर्मचारी विवेक 1 करोड़ 36 लाख 93 हजार 294 रुपये लेकर फरार हो गया है। कर्मचारी को रुपया बैंक में जमा कराना था। लेकिन कर्मचारी को मौका मिला और वह रुपए लेकर गायब हो गया। आरोपी विवेक ब्रिक्स इंडिया कम्पनी में कर्मचारी था।
कम्पनी के ब्रांच मैनेजर शिशुपाल यादव ने कर्मचारी विवेक के खिलाफ थाना रकाबगंज में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने विवेक के खिलाफ आई पी सी की धारा 406 अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया है।
थाने में दी गई तहरीर में ब्रांच मैनेजर ने बताया कि दोपहर के वक्त कंपनी के कर्मचारी ,पुष्पेंद्र ,बॉबी ,केशव और रामनिवास ड्राइवर राजवीर के साथ कैश लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा मेन ब्रांच पहुंचे थे।
उन्होंने लोहे के बक्से में रखा करीब 1 करोड़ 36 लाख 93 हजार 294 रुपये कैश कर्मचारी विवेक के सुपुर्द कर दिया। विवेक के ऊपर बैंक में कैश जमा करने की जिम्मेदारी रहती थी। जब शाम तक विवेक ने कंपनी को फोन नहीं किया। तो कंपनी वालों को शक हुआ। जब विवेक के फोन पर कंपनी अधिकारियों ने फोन किया। तो फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी बैंक ऑफ बड़ौदा मेन ब्रांच पहुंचे तो पता चला कि विवेक ने बैंक में कैश जमा ही नहीं करवाया है।
सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि विवेक सारा कैश बैग में रखकर बैंक से निकल गया है। इसके बाद ब्रांच मैनेजर ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में छानबीन के बाद आरोपी विवेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया है।

