Ballia News: पेपर लीक मामले में गिरफ्तार तीनों पत्रकारों को मिली जमानत, 30 अप्रैल को फिर भी होगा जेल भरो आंदोलन
Ballia News: यूपी बोर्ड अंग्रेजी पेपर लीक मामले में जेल में बंद तीन पत्रकारों को आखिरकार जमानत मिल गई है। इन पत्रकारों पर पुलिस की ओर से जो संगीन धाराएं लगाई थी वह भी हटा दी गई है। आजमगढ़ जेल में बंद पत्रकारों की रिहाई मंगलवार को है।
बीते 30 मार्च को होने वाली इंटरमीडियट अंग्रेजी की परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक हो गया था। इस मामले में तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक बृजेश मिश्र समेत 48 लोगों की गिरफ्तारी हुई थीं। इनमें दो दैनिक अखबारों के तीन पत्रकार भी शामिल हैं।
https://twitter.com/mzn_news/status/1518860577459822592?s=20&t=iR0vkeFHr4ZE4fStUOrtxg
हालांकि, लोअर कोर्ट से पत्रकार दिग्विजय सिंह और मनोज गुप्ता की जमानत हो गई थी। अब जिला जज के यहां से सोमवार को पत्रकार अजित ओझा को भी जमानत मिल गई। रिहाई परवाना जाने के बाद आजमगढ़ जेल से मंगलवार को तीनों पत्रकार रिहा होंगे।
पत्रकारों के वकील मिथलेश सिंह चमन ने कहा कि पुलिस जांच में पत्रकारों पर लगी धारा 420 हटा दी गई है। उन्होंने कहा कि विश्वस्त सूत्रों से मिली किसी खबर को चलाने के लिए पत्रकार दोषी कैसे हो सकते हैं? उन्होंने कहा कि अपराध संख्या 156/22 में अजित ओझा को कोर्ट से जमानत मिली है। जबकि एक अन्य आरोपी जिला विद्यालय निरीक्षक ब्रजेश मिश्रा की अगली पेशी 27 अप्रैल को होगी।
उधर, संयुक्त पत्रकार संघर्ष मोर्चा के मधुसूदन सिंह ने कहा कि पत्रकारों की रिहाई के बाद भी तीस अप्रैल को होने वाला जेल भरो आंदोलन होगा। वहीं, सुभासपा के सुप्रीमो ओमप्रकाश राजभर भी पत्रकारों के समर्थन में 26 अप्रैल को बलिया पहुंच रहे हैं।


