उत्तर प्रदेश

असेंबली चुनाव से पहले भाजपा ने खेल दिया दलित कार्ड: डॉ. भीम राव अंबेडकर का स्मारक बनवाने जा रही सरकार

योगी सरकार लखनऊ में संविधान निर्माता डॉ. भीम राव अंबेडकर का स्मारक बनवाने जा रही है। जिसमें उनकी 25 फुट ऊंची कांसे की प्रतिमा लगवाई जाएगी। कैबिनेट की बैठक में इसे मंजूरी मिल गई है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज अंबेडकर स्मारक का शिलान्यास करेंगे।

यूपी में पहले भी चुनावी कार्ड खेले गए हैं। अखिलेश यादव समेत मायावती ने भी लखनऊ में पार्क और स्मारक बनवाकर अपने अपने वोट बैंक को मजबूत करने की कोशिश की है। इस कदम को यूपी चुनाव से पहले योगी की सोशल इंजीनियरिंग के तौर पर देखा जा रहा है। अंबेडकर स्मारक बनाने में तकरीबन 50 करोड़ की लागत आएगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अभी यूपी के दौरे पर हैं। राष्ट्रपति सुबह 11 बजे विधानसभा के ठीक सामने स्थित लोकभवन सभागार में इसका शिलान्यास करेंगे। स्मारक का नाम अंबेडकर सांस्कृतिक सेंटर होगा।

सूत्रों का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को जीतने के लिए सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। योगी सरकार की नजर दलित वोट पर भी है। दलित वोटों को साधने के लिए सरकार राजधानी लखनऊ में भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के नाम पर स्मारक बनवाने जा रही है।

योगी सरकार डॉ. अंबेडकर सांस्कृतिक केंद्र ऐशबाग ईदगाह के सामने बनवाने जा रही है। इसके लिए सरकार की तरफ से बजट भी मंजूर कर दिया गया है। इसमें कन्वेंशन सेंटर के साथ लाइब्रेरी और दूसरी सुविधाएं मौजूद होंगी।

गौरतलब है कि मायावती ने 1995 में अपने कार्यकाल में अंबेडकर स्मारक, स्टेडियम, परिवर्तन स्थल और पार्कों के लिए 178 एकड़ जमीन का इस्तेमाल किया था। 2007 में इम इमारतों के पुनर्निमाण और विस्तार के लिए तीन जेलों को तोड़कर 185 एकड़ जमीन पर 1075 करोड़ की लागत से कांशी राम इको पार्क बनवाया गया।

उधर, अखिलेश यादव ने भी अपने कार्यकाल में लखनऊ के गोमती नगर इलाके में 2014 में 376 एकड़ में जनेश्वर मिश्र पार्क बनवाया। इसमें कुल 168 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। सूत्रों का कहना है कि बीजेपी भी चुनाव जीतने की खातिर अखिलेश और मायावती की राह पर निकल पड़ी है। डॉ. अंबेडकर स्मारक को बीजेपी के दलित कार्ड के तौर पर देखा जा रहा है।

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

two × 5 =