वेश्यावृत्ति के आरोप में कास्टिंग डायरेक्टर Aarti Mittal गिरफ्तार, रेस्क्यू की गई लड़कियों को पुलिस ने भेजा रीहैबिलेशन सेंटर
मुंबई क्राइम ब्रांच ने कास्टिंग डायरेक्टर आरती मित्तल (Aarti Mittal) को गिरफ्तार कर लिया है. आरती को वेश्यावृत्ति रैकेट चलाने और ग्राहकों को मॉडलों की आपूर्ति करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. 27 वर्षीय आरती एक एक्ट्रेस भी है और सीरियल में भी काम कर चुकी है. पुलिस ने प्लान बनाकर इस मामले पर कार्रवाई की इस रैकेट का भंडाफोड़ किया. इस मामले में पुलिस आगे की जांच-पड़ताल कर रही है.
Aarti Mittal ने मॉडल्स को तब निशाना बनाया जब वह उनसे विभिन्न प्रोजेक्ट्स के दौरान मिलीं. उसने उन्हें वेश्यावृत्ति में शामिल होने के लिए अच्छे पैसे देने का ऑफर दिया. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस इंस्पेक्टर मनोज सुतार को सूचना मिली थी कि वो देह व्यापार का धंधा चला रही है.
उन्होंने एक टीम बनाई और ग्राहक बनकर गोरेगांव होटल पहुंचे. उन्होंने Aarti Mittal को बुलाकर अपने दोस्तों के लिए दो लड़कियां लाने के लिए कहा. Aarti Mittal ने इसके लिए उनसे 60 हजार रुपये की मांग की. पुलिस ने ये सब कैमरे में रिकॉर्ड कर लिए.
एसएस ब्रांच ने होटल में छापा मारकर Aarti Mittal को रंगे हाथों पकड़ लिया. जांच के दौरान मॉडल्स ने पुलिस को बताया कि आरती ने उन्हें 15-15 हजार रुपए देने का वादा किया था. पुलिस ने बताया कि हमने आरती के खिलाफ आईपीसी की धारा 370 और लड़कियों की तस्करी के लिए अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. आगे की जांच हो रही है. दो लड़कियों को पुलिस ने बचाकर रीहैबिलेशन सेंटर भेज दिया.

