वैश्विक

पुंछ के शाहपुर और किरनी सेक्टर में दागे गोले-मोर्टार, दो मौत

पाकिस्तानी सेना आए दिन संघर्षविराम का उल्लंघन कर रही है। आज यानी कि मंगलवार को भी सीमा पार से जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के शाहपुर और किरनी सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया। इस दौरान पाकिस्तानी सेना ने मोर्टार शेलिंग व फायरिंग की।

बीएसएफ कश्मीर रेंज के आईजी अजमल सिंह ने कल यानी कि सोमवार को बताया कि पाकिस्तानी सेना और आईएसआई कश्मीर में किसी बड़े हमले की फिराक में हैं। लेकिन हमारे सुरक्षाबलों के पास आतंकियों को ट्रेस करने की आधुनिक तकनीक भी है।

भारतीय सेना दुश्मनों की हर कोशिश नाकाम कर देगी और करारा जवाब भी देगी। अजमल सिंह ने कहा कि संघर्षविराम उल्लंघन की घटनाओं में तेजी और अनुच्छेद 370 के हटाए जाने का आपस में कोई भी संबंध नहीं है। संघर्षविराम उल्लंघन काफी समय से होता आ रहा है।

उन्होंने कहा कि लॉन्चिंग पैड्स पर आतंकियों की संख्या नहीं पता है, लेकिन इनपुट है कि सीमा पार जितने भी लॉन्चिंग पैड्स हैं वहां काफी संख्या में आतंकी घुसपैठ के लिए तैयार बैठे हैं। घुसपैठ को सफल बनाने के लिए पाकिस्तानी सेना हर बार संघर्षविराम का उल्लंघन कर रही है।

पाकिस्तानी सेना की ओर से की गई इस गोलाबारी व मोर्टार शेलिंग में दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि आठ स्थानीय नागरिक घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय सेना पाकिस्तान की इस हरकत का जवाब दे रही है।

घाटी में अशांति फैलाने के लिए पाकिस्तानी सेना आतंकियों को घुसपैठ कराने की फिराक में जुटी हुई है। इसी को लेकर सीमा पार से आए दिन संघर्षविराम का उल्लंघन किया जा रहा है। इस फायरिंग व गोलाबारी की आड़ में पाकिस्तान अपने नापाक इरादों को अंजाम देना चाहता है। वहीं सेना की मुस्तैदी के चलते उसे हर बार मात खानी पड़ती है।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21225 posts and counting. See all posts by News-Desk