वैश्विक

डोमिनिका: फरार भगोड़े हीरा कारोबारी  Mehul Choksi की धर-पकड़, क्यूबा भागने की फ़िराक में था

एंटिगा और बारबुडा से हाल में फरार हुए भगोड़े हीरा कारोबारी Mehul Choksiको पड़ोस के डोमिनिका में पकड़ लिया गया। वह अचानक एंटिगा से लापता हो गया था। इसके बाद पुलिस ने धर-पकड़ शुरू की। उसके खिलाफ इंटरपोल ने ‘यलो नोटिस’ जारी किया था। स्थानीय मीडिया की खबरों में बुधवार को यह बताया गया। चोकसी और उसके भांजे नीरव मोदी ने भारत के पंजाब नेशनल बैंक से कथित तौर पर 13,500 करोड़ रुपए की जालसाजी की है। नीरव मोदी लंदन में जेल में है और अपने प्रत्यर्पण के खिलाफ मुकदमा लड़ रहा है।

 

एंटिगा और बारबुडा द्वारा इंटरपोल का ‘यलो नोटिस’ जारी किए जाने के बाद डोमिनिका में पुलिस ने मंगलवार रात (स्थानीय समयानुसार) चोकसी को पकड़ लिया। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक चोकसी नाव से समंदर के रास्ते डोमिनिका पहुंचा था और वहां से क्यूबा भागने की फ़िराक में था।

‘एंटिगा न्यूज रूम’ के मुताबिक, चोकसी एंटिगा और बारबुडा की नागरिकता लेने के बाद 2018 से यहां रह रहा था। लापता लोगों की तलाश के लिए इंटरपोल यलो नोटिस जारी करता है। खबरों में बताया गया है कि उसे एंटिगा और बारबुडा की रॉयल पुलिस फोर्स को सौंपने की कवायद चल रही है।

चोकसी को आखिरी बार रविवार को एंटिगा और बारबुडा में अपनी कार में खाना खाने के लिए जाते हुए देखा गया था। चोकसी की कार मिलने के बाद उसके कर्मचारियों ने लापता होने की सूचना दी। चोकसी के वकील विजय अग्रवाल ने पुष्टि की थी कि चोकसी रविवार से लापता था।

एंटिगा और बारबुडा की संसद में विपक्ष द्वारा मामला उठाए जाने के बाद कैरेबियाई द्वीपीय देश में चोकसी के लापता होने को लेकर हंगामा मच गया। विपक्ष के सवाल पर प्रधानमंत्री गेस्टन ब्राउन ने कहा था कि उनकी सरकार चोकसी का पता लगाने के लिए भारत सरकार, पड़ोसी देशों और अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठनों के साथ मिलकर काम कर रही है।

चोकसी ने निवेश द्वारा नागरिकता प्राप्त करने के कार्यक्रम का इस्तेमाल करते हुए 2017 में एंटिगा और बारबुडा की नागरिकता ले ली थी और जनवरी 2018 के पहले सप्ताह में भारत से फरार होकर वहां चला गया था। 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2 × 3 =