किसान नेता Poonam Pandit कांग्रेस में हुईं शामिल
उत्तर प्रदेश की किसान नेता और इंटरनेशनल शूटर Poonam Pandit कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। गुरुवार को पार्टी कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की मौजूदगी में पूनम पंडित ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने प्रियंका गांधी द्वारा महिलाओं के लिए दिये गए नए नारे से अपने संबोधन की शुरुआत की।
पूनम पंडित ने कहा कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं। पूनम पंडित ने कांग्रेस की सदस्यता लेते हुए बीजेपी से अपनी लड़ाई बताई। उन्होंने कहा अब लड़ाई बीजेपी और बेटियों के बीच होगी।
पूनम पंडित को कांग्रेस की सदस्यता दिलाने के बाद अजय कुमार लल्लू ने कहा कि जूझारू पूनम पंडित का कांग्रेस में स्वागत है। वह लंबे समय से किसानों के लिए संघर्ष कर रहीं हैं। आज कांग्रेस में उनके शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कांग्रेस और पूनम किसानों के साथ मिलकर सरकार से लड़ाई लड़ रहे थे।
अब वह पार्टी की सदस्य बन गई हैं तो इस लड़ाई को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूनम पंडित पार्टी की नीतियों को मजबूत करेंगी और पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगी।
सिकंदराबाद ब्लॉक क्षेत्र की इस्माइलपुर निवासी पूनम पंडित अब किसी पहचान की मोहताज नहीं है। उन्होंने यूपी चुनाव (UP Chunav) से पहले अपनी सियासी पारी कांग्रेस से शुरू कर दी है। पूनम पंडित ने रूरल यूथ गेम में 2018 शूटिंग रेस 10 मीटर एयर पिस्टल में गोल्ड मेडल जीता था।
पूनम पंडित ने किसान आंदोलन में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। किसान आंदोलन के समर्थन में लोगों को एकजुट करने का भी काम किया। किसान आंदोलन में शामिल होने के बाद वह काफी चर्चा में रहीं। पूनम पंडित के पिता विनोद पंडित का आठ साल पहले देहांत हो गया था। पूजा पंडित व उसकी बहन संध्या पंडित की शादी हो चुकी है।
इनका भाई पिंटू पंडित मेरठ में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। आर्थिक स्थिति से कमजोर पूनम पंडित ने भारी विरोध के बावजूद किसान आंदोलन में भागीदारी ली और अब कांग्रेस के मिशन को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगी।

